विज्ञापन

मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं... AAP के बागी राज्यसभा सांसदों को लेकर NDTV से बोले अरविंद केजरीवाल

आम आदमी पार्टी को शुक्रवार को उस समय बड़ा झटका लगा जब राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रम साहनी और स्वाति मालीवाल ने पार्टी छोड़ दी और भाजपा में शामिल हो गए.

मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं... AAP के बागी राज्यसभा सांसदों को लेकर NDTV से बोले अरविंद केजरीवाल
  • अरविंद केजरीवाल ने पार्टी छोड़ने वाले सात राज्यसभा सांसदों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं
  • आप ने राज्यसभा सभापति से उन सात सांसदों को अयोग्य घोषित करने का अनुरोध किया है जो भाजपा में शामिल हो गए हैं
  • पार्टी का दावा है कि ये सांसद आप की टिकट पर चुने गए थे और उनका भाजपा में जाना दलबदल के समान है
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:

आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राघव चड्ढा सहित पार्टी छोड़ने वाले सातों राज्यसभा सांसद को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं. एनडीटीवी के एक सवाल के जवाब में केजरीवाल ने कहा कि मैं अब उन्हें आगे के लिए शुभकामनाएं देता हूं.

राज्यसभा सभापति से सात सांसदों की सदस्यता समाप्त करने का अनुरोध

इससे पहले आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सभापति सीपी राधाकृष्णन को एक पत्र भेजकर उच्च सदन के उन सात सांसदों को अयोग्य घोषित करने का अनुरोध किया है, जिन्होंने हाल ही में ‘आप' छोड़कर भाजपा में विलय की घोषणा की है. पार्टी का कहना है कि राज्यसभा के सात सदस्यों द्वारा उठाया गया कदम दल-बदल के समान है. आवश्यकता पड़ने पर पार्टी इस मामले में कानूनी कदम भी उठाएगी.

पार्टी का कहना है कि सांसद आप (AAP) की टिकट पर उच्च सदन के लिए निर्वाचित हुए थे, लेकिन बाद में उन्होंने पार्टी छोड़ने और भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का फैसला किया.

Latest and Breaking News on NDTV
‘आप' को शुक्रवार को उस समय बड़ा झटका लगा जब राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रम साहनी और स्वाति मालीवाल ने पार्टी छोड़ दी और भाजपा में शामिल हो गए. पार्टी छोड़ने वाले सात सांसदों में से छह पंजाब से राज्यसभा सदस्य हैं. इन सांसदों ने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी अपने सिद्धांतों और नैतिक मूल्यों से भटक गई है.

चड्ढा ने कहा, ‘‘संविधान के अनुसार, किसी पार्टी के कुल सांसदों में से दो-तिहाई सांसद दूसरी पार्टी में विलय कर सकते हैं.'' उन्होंने इस तथ्य की ओर इशारा किया कि राज्यसभा में आम आदमी पार्टी (आप) के कुल 10 सदस्य हैं.

आम आदमी पार्टी ने दावा किया है कि उत्तराखंड और अरुणाचल प्रदेश से संबंधित मामलों सहित उच्चतम न्यायालय के कई फैसलों में यह स्पष्ट किया गया है कि दलबदल के ऐसे मामलों में किस तरह पद से अयोग्य ठहराया जा सकता है. संविधान की दसवीं अनुसूची का हवाला देते हुए कहा गया कि इसमें स्पष्ट रूप से इस तरह के राजनीतिक दल-बदल की अनुमति नहीं है.

Latest and Breaking News on NDTV

पार्टी का कहना है कि जरूरत पड़ने पर इस मामले को अदालत में ले जाएंगे. इन सदस्यों को पार्टी ने चुना था, लेकिन बाद में उन्होंने पार्टी छोड़कर दूसरी पार्टी में शामिल होने का फैसला किया. यह पंजाब की जनता और भारत के संविधान के साथ विश्वासघात है.

‘आप' ने पार्टी छोड़ने वाले राज्यसभा सदस्यों के खिलाफ प्रदर्शन किया

इधर आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रविवार को पंजाब और मुंबई सहित देश में कई स्थानों पर उन सात राज्यसभा सदस्यों के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया, जो पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए हैं. प्रदर्शनकारियों ने दलबदल के विरोध में राज्यसभा सदस्यों के पुतले जलाए और उनके खिलाफ नारेबाजी की.

इसे भी पढ़ें: मुंबई में राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के घर के बाहर AAP कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, पुलिस ने हिरासत में लिया

Latest and Breaking News on NDTV

‘आप' कार्यकर्ताओं ने मोहाली के डेरा बस्सी और खरड़, गुरदासपुर, जालंधर, पठानकोट, बठिंडा और अमृतसर समेत कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किए.

अमृतसर में संवाददाताओं से बात करते हुए पंजाब के मंत्री हरभजन सिंह ने राज्यसभा सदस्यों द्वारा पाला बदलने की कड़ी आलोचना की और उन पर पंजाब की जनता के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया. सिंह ने कहा, ‘‘इन सांसदों को पंजाब के मुद्दों को उठाने के लिए उच्च सदन में भेजा गया था, लेकिन यह बड़े शर्म की बात है कि उन्होंने पंजाब का कोई भी मुद्दा नहीं उठाया. इसके बजाय, वे भाजपा में शामिल हो गए. पंजाब की जनता पाला बदलने वालों को कभी माफ नहीं करेगी.''

इसे भी पढ़ें: दिल्ली में सत्ता भी गई और 7 सांसद भी.... पंजाब की डगर आसान नहीं, अब AAP के लिए आगे क्या?

इसे भी पढ़ें: राघव चड्ढा ने अब 'शीश महल पार्ट-2' से AAP पर साधा निशाना, बताया दिल्ली में क्यों हारी पार्टी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com