विज्ञापन

अहमदाबादियों से ज्यादा कमा रहे लखनऊ-पटना वाले... काम भी कम और पैसा भी ज्यादा; कमाई पर चौंकाते हैं आंकड़े

केंद्र सरकार की एक नई रिपोर्ट आई है, जिसमें सामने आया है कि पटना और लखनऊ में रहकर नौकरी करने वाले की मंथली सैलरी अहमदाबाद वालों से ज्यादा है.

अहमदाबादियों से ज्यादा कमा रहे लखनऊ-पटना वाले... काम भी कम और पैसा भी ज्यादा; कमाई पर चौंकाते हैं आंकड़े
पटना में नौकरीपेशा की सैलरी अहमदाबाद वालों से ज्यादा है.
नई दिल्ली:

पटना और लखनऊ में रहकर नौकरी करने वाला एक व्यक्ति अहमदाबाद में रहने वाले से ज्यादा कमा रहा है और काम भी कम कर रहा है. अहमदाबाद की तुलना में पटना और लखनऊ में काम करने वाले लोग हर महीने लगभग 5 हजार रुपये तक ज्यादा कमाता है. वह भी तब जब पटना और लखनऊ वाले अहमदाबाद वालों के मुकाबले हफ्ते में 2-4 घंटे कम ही काम करते हैं. हालांकि, अहमदाबाद में खुद का काम करने वाले पटना वालों की तुलना में ज्यादा कमा लेते हैं.

ये सारी जानकारी केंद्र सरकार की एक नई रिपोर्ट में सामने आई है. 'Labour Market Dynamics in Million-Plus Cities' नाम से आई इस रिपोर्ट में 10 लाख से ज्यादा आबादी वाले 46 शहरों को शामिल किया गया है. 

इस रिपोर्ट के मुताबिक, 10 लाख से ज्यादा आबादी वाले शहरों में रहने वाले नौकरीपेशा लोगों की हर महीने की औसत कमाई 28,808 रुपये है, जबकि शहरी इलाकों में रहने वाले 26,258 रुपये कमाते हैं. इसी तरह, अगर 10 लाख से ज्यादा आबादी वाले शहर में अगर खुद का कोई काम करने वाला हर व्यक्ति महीने के औसतन 30,858 रुपये कमा लेता है, जबकि आम शहर में रहकर खुद का काम करने वाला व्यक्ति 23,013 रुपये कमाता है.

यह भी पढ़ेंः 3-4 सेकंड का रोल और लाखों की पेंशन... ट्रंप ने किस फिल्म में काम किया था, जिसके लिए आज तक मिल रहा पैसा

कितना कमा रहे पटना-लखनऊ और अहमदाबाद वाले?

पटना वाले हफ्ते में औसतन 49.9 घंटे काम करते हैं, जबकि लखनऊ में काम करने वाले 47.1 घंटे और अहमदाबाद वाले 52.6 घंटे काम करते हैं.

तीनों शहरों में रहने वाले कितना कमाते हैं? इसे आसान भाषा में समझने के लिए तीन हिस्सों में बांट लेते हैं. पहला- खुद का काम करने वाले. दूसरा- नौकरी करने वाले. और तीसरा- दिहाड़ी करने वाले. 

  • खुद का काम करने वाले: पटना में खुद का काम है तो हर महीने की औसत कमाई 22,832 रुपये है. खुद का काम करने वाले पुरुष 23,701 और महिलाएं 12,098 रुपये तक कमाती हैं. वहीं, अहमदाबाद में खुद का काम करने वालों की औसत कमाई 27,438 रुपये है. पुरुष 30,814 और महिलाएं 12,728 रुपये कमाती हैं. जबकि, लखनऊ में खुद का काम करने वालों की हर महीने की औसत कमाई 27,672 रुपये है. पुरुष 29,307 और महिलाएं 16,081 रुपये कमा लेती हैं.
  • नौकरी करने वाले: पटना में नौकरीपेशा लोगों की हर महीने की औसत आय 28,443 रुपये है. दिलचस्प बात ये है कि पटना और लखनऊ में नौकरी करने वाली महिलाएं पुरुषों से ज्यादा कमाती हैं. पुरुष जहां 27,902 रुपये कमाते हैं तो वहीं महिलाएं 31,013 रुपये कमाती हैं. जबकि, अहमदाबाद में नौकरीपेशा लोगों की औसत आय 23,269 रुपये है. इनमें पुरुष 24,420 और महिलाएं 19,316 रुपये कमाती हैं. लखनऊ में नौकरीपेशा लोगों की औसत कमाई 28,347 रुपये है. पुरुषों की औसत सैलरी 27,098 और महिलाओं की 31,744 रुपये है.
  • दिहाड़ी: इस मामले में भी पटना वाले आगे हैं. पटना में दिहाड़ी करने वाले हर दिन औसतन 578 रुपये कमा लेते हैं. वहीं, अहमदाबाद में दिहाड़ी करने वालों की रोज की औसत कमाई  483 रुपये ही है. इनमें पुरुषों की औसत कमाई 536 रुपये और महिलाओं की 306 रुपये है. वहीं, लखनऊ में दिहाड़ी करने वाले हर दिन 535 रुपये कमा लेते हैं.

यह भी पढ़ेंः शादी का लड्डू खाने से बिदक रहे हैं भारतीय… यूथ में बढ़ रहा सिंगल रहने का चलन, डेटा तो यही कह रहा

खुद का काम या नौकरी, क्या है अच्छी?

आमतौर पर माना जाता है कि खुद का काम करने वाले लोग नौकरी करने वालों से ज्यादा कमाते हैं. लेकिन आंकड़े अलग तस्वीर दिखाते हैं.इस रिपोर्ट के मुताबिक, शहरी इलाकों में खुद का कोई काम करने वालों की हर महीने की औसत कमाई 23,013 रुपये है. जबकि, नौकरी करने वाले व्यक्ति की हर महीने की औसत आय 26,258 रुपये है. यानी, नौकरीपेशा व्यक्ति खुद का कोई काम करने वाले से 14% ज्यादा कमाता है. हालांकि, दिल्ली-मुंबई और बेंगलुरु जैसे शहर में हैं तो यहां नौकरी से ज्यादा कमाई खुद के काम में है. 

नवी मुंबई में खुद का काम करने वाला व्यक्ति हर महीने औसतन 66,613 रुपये कमा लेता है, जबकि यहां नौकरी करने वाले को 51,515 रुपये की सैलरी मिलती है. दिल्ली में खुद का काम है तो महीने में औसतन 41,851 रुपये कमा सकते हैं, जबकि नौकरीपेशा 34,807 रुपये ही कमा पाता है. इसी तरह बेंगलुरु में खुद का काम करने वाले की महीने की औसतन कमाई 36,314 रुपये कमा लेता है, जबकि नौकरी करने वालों को 34,323 रुपये की सैलरी मिलती है.

यह भी पढ़ेंः आप पी कर गंवा रहे, सरकार करोड़ों कमा रही... शराब से राज्यों की इनकम के आंकड़े चौंका रहे

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Per Capita Income By State, Per Capita Income India, Patna, Lucknow, MOSPI
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com