विज्ञापन

हनीमून मर्डर केस: सोनम रघुवंशी को मिली जमानत, 10 महीने बाद जेल से आएगी बाहर

इंदौर के हनीमून मर्डर मामले में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को जमानत मिल गई है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक कोर्ट से जमानत मंजूर हो चुकी है, हालांकि जमानत का विस्तृत आदेश अभी जारी नहीं किया गया है.

हनीमून मर्डर केस: सोनम रघुवंशी को मिली जमानत, 10 महीने बाद जेल से आएगी बाहर
पति राजा रघुवंशी के साथ सोनम
  • इंदौर के हनीमून मर्डर मामले में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को कोर्ट ने जमानत मंजूर कर दी है
  • राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम मई में हनीमून मनाने शिलांग और सोहरा गए थे और वहां लापता हुए थे
  • पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, एसओटी और स्थानीय टीमों ने मिलकर बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया था

इंदौर के हनीमून मर्डर मामले में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को जमानत मिल गई है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक कोर्ट से जमानत मंजूर हो चुकी है, हालांकि जमानत का विस्तृत आदेश अभी जारी नहीं किया गया है. सिर्फ सोनम ने ही जमानत याचिका दायर की थी, जबकि बाकी आरोपियों ने अब तक कोई जमानत याचिका दाखिल नहीं की है. ईस्ट खासी हिल्स जिला और सत्र न्यायाधीश न्यायालय के लीगल एड सेल की ओर से यह याचिका दायर की गई थी. सोनम की तरफ़ से दलील दी गई कि जांच पूरी हो चुकी है और चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है, उन्होंने जांच में पूरा सहयोग किया है और आगे भी सहयोग करेंगी. वह लगभग 10 महीनों से जेल में बंद हैं, इसलिए उन्हें जमानत से वंचित नहीं किया जाना चाहिए. सूत्रों के मुताबिक, उनके पिता और चचेरे भाई ज़मानत बांड देने के लिए शिलांग पहुंच गए हैं और संभावना जताई जा रही है कि उन्हें रिहा कर दिया जाएगा.

क्या है मामला, जिसकी देशभर में चर्चा

यह मामला देश की सबसे चर्चित हत्या की वारदातों में से एक है. पुलिस के मुताबिक, राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम 21 मई को हनीमून मनाने शिलांग पहुंचे थे. वहां से दोनों 26 मई को सोहरा घूमने गए. उसी दिन दोनों लापता हो गए. पुलिस, NDRF, SDRF और स्थानीय टीमों ने बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया. करीब एक हफ्ते बाद 2 जून को राजा का शव सोहरा के मशहूर वेई सादोंग फॉल्स के पास एक गहरी खाई में मिला. मध्यप्रदेश के व्यवसायी रघुवंशी की पिछले साल मई में अपनी पत्नी के साथ हनीमून पर मेघालय आने के बाद हत्या कर दी गई थी.

इस हत्या में 5 आरोपी

पांचों आरोपियों में रघुवंशी की पत्नी सोनम, राज कुशवाहा और तीन हमलावर विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी शामिल हैं, जो मध्य प्रदेश से व्यापारी की हत्या करने आए थे. इन सभी ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है. पुलिस के अनुसार मध्यप्रदेश के इंदौर निवासी राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम सोहरा जाने से पहले 21 मई को शिलांग आए थे. इसने बताया कि 26 मई को दंपति के लापता होने की सूचना मिली, जिसके बाद सोहरा पुलिस, विशेष अभियान दल (एसओटी), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), पर्वतारोही समूहों और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया.

कॉन्ट्रेक्ट किलिंग का एंगल

कई दिनों की गहन खोज के बाद, राजा रघुवंशी का शव दो जून को सोहरा में एक गहरी खाई से बरामद किया गया था. भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के प्रावधानों के तहत सोहरा पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी. जांचकर्ताओं ने पाया कि सोनम के राज कुशवाहा के साथ संबंध थे. दोनों ने भाड़े के तीन हमलावरों के साथ मिलकर हनीमून के बहाने रघुवंशी की हत्या की साजिश रची थी. पुलिस ने बताया कि हत्या आकाश सिंह राजपूत, विशाल सिंह चौहान और आनंद कुर्मी ने सोनम की मौजूदगी में घाटी में की थी. जांच के एक सप्ताह के भीतर ही सोनम समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था. पुलिस ने पांच सितंबर को सोहरा उप-मंडल के प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में 790 पृष्ठों का आरोप-पत्र दाखिल किया था.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Indore Honeymoon Murder, Sonam Raghuvanshi Bail, Honeymoon Murder Case, Raja Raghuvanshi Murder, Shillong Honeymoon Murder
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com