- पानी समझकर घूंट भरते ही युवती की चीख निकल गई
- पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई
- पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है
हापुड़ में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. ज्वैलरी खरीदने गई एक युवती ने प्यास लगने पर पानी मांगा, लेकिन पानी की जगह उसे ऐसी बोतल मिली जिसमें कथित तौर पर तेजाब भरा था. पानी समझकर घूंट भरते ही युवती की चीख निकल गई. पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई.
शुक्रवार की शाम नगर कोतवाली क्षेत्र के अर्जुन नगर में रिया नाम की युवती ज्वैलरी खरीदने एक दुकान पर पहुंची थी. प्यास लगने पर ज्वैलर्स ने अपने कर्मचारी से पास की कन्फैक्शनरी से एक ब्रांड कंपनी की बोतल मंगाई. दुकानदार ने डीप फ्रीजर से बोतल निकालकर कर्माचारी को दी. कर्मचारी ने अपने बोतल युवती को दे दी. तेज प्यास के चलते रिया ने बिना कुछ सोचे बोतल खोली और पानी समझकर पी लिया, लेकिन अगले ही पल उसकी चीख निकल गई.
बोतल में भरा था तेजाब, पीते ही बिगड़ी हालत
बोतल में पानी की जगह कथित तौर पर तेजाब भरा था. युवती तुरंत दुकान से बाहर भागी और मुंह में गया तरल पदार्थ थूक दिया. उसकी हालत बिगड़ने पर पहले स्थानीय अस्पताल और फिर गंभीर स्थिति में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, जहां मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज चल रहा है. घटना के बाद पुलिस ने कन्फैक्शनरी संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. दुकानदार का दावा है कि बोतल सीलबंद थी और फ्रिज से निकालकर दी गई थी. वहीं, पुलिस को दुकान से तेजाब से भरी कुछ बोतलें भी बरामद हुई हैं. पूरे मामले की जांच जारी है.
दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई घटना
यह पूरी घटना ज्वैलर्स की दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है. अब जांच का सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर पानी की बोतल में तेजाब कैसे पहुंचा और इसके लिए जिम्मेदार कौन है. फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. मेडिकल रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी. दुकानदार देनू ने बताया "हमारी जानकारी में बोतल पूरी तरह सीलबंद थी. हमने जैसी फ्रिज में रखी थी, वैसी ही ग्राहक को दे दी.
यह भी पढ़ें- हापुड़: ढाबे पर खौफनाक वारदात, बस से उतरते ही युवक की पीट-पीटकर हत्या; घात लगाए बैठे थे हमलवार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं