ये ऑटो है या डबल डेकर बस...? सवाल इसलिए क्योंकि दिल्ली से सटे गुरुग्राम से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसमें एक ऑटो में ही इतने लोग सवार हैं कि उनकी गिनती कर पाना भी मुश्किल है. डबल डेकर बस की तरह सवारियों से ठसाठस भरा हुआ यह ऑटो जिस तरह से दौड़ रहा है, वह किसी 'यमराज की सवारी' से कम नहीं है. यह बात इसलिए भी चिंता बढ़ाती है क्योंकि अगर कोई दुर्घटना हो जाए तो कइयों की जान खतरे में आ सकती है.
गुरुग्राम से दो वीडियो सामने आया है, वह गुरुग्राम-सोहना एलिविटेड फ्लाईओवर का है. फ्लाईओवर पर एक ऑटो डबल डेकर बस की तरह सवारियों से ठसाठस भरा हुआ दौड़ता नजर आया. ऑटो के अंदर हो, पीछे हो या छत हो... हर तरफ सिर्फ लोग ही लोग लटके हुए थे. चंद मिनट के सफर के लिए इस ऑटो ने सीधे यमराज को न्योता दे दिया था.
देखकर समझ आ रहा है कि इस ऑटो में खिलाड़ी सवार हैं, जो खेलकर वापस सोहना जा रहे हैं. एक ऑटो में दो दर्जन से ज्यादा खिलाड़ी सवार हैं. ऑटो में जिस तरफ देखेंगे, उस तरफ यही नजर आएंगे.
ट्रैफिक नियम... वो क्या होते हैं?
ऑटो वाले ने अपने ऑटो में इतनी सवारियों को बैठा रखा था कि मानो उसके लिए ट्रैफिक नियम या किसी की जान की कोई कीमत ही न हो.
यह घटना बीती रात की है. इस ऑटो वाले ने ठूस-ठूसकर सवारियां भरकर सिर्फ यही नियम नहीं तोड़ा. बल्कि इसने रात के अंधेरे में खुलेआम कई ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाईं. मानो कह रहा हो कि ट्रैफिक नियम... वो क्या होते हैं?
न नंबर प्लेट, न आने की इजाजत
इस पूरे मामले में सबसे गंभीर बात यह है कि जिस एलिवेटेड फ्लाईओवर पर यह ऑटो दौड़ रहा था, वहां ऑटो की एंट्री पूरी तरह से प्रतिबंधित है. लेकिन रात का फायदा उठाकर ऑटो न सिर्फ नो-एंट्री जोन में घुसा, बल्कि ओवरलोडिंग कर दर्जनों लोगों की जान को भी जोखिम में डाल दिया.
इतना ही नहीं, इस ऑटो के आगे और पीछे नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी. यानी अगर कोई हादसा हो जाता तो इस ऑटो को ट्रेस कर पाना भी पुलिस के लिए मुश्किल हो जाता.
कुल मिलाकर, इस ऑटो ड्राइवर ने चंद मिनटों के सफर और कुछ रुपयों के लिए ऑटो को 'यमराज की सवारी' बना दिया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं