- गुरुग्राम में मामूली बहस के बाद एक गाड़ी पर हमला किया गया. गाड़ी मालिक के साथ मारपीट की गई.
- इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसके बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
- गिरफ्तार आरोपी बीबीए के छात्र हैं. पुलिस अब इनसे पूछताछ कर मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है.
Gurugram Road Rage Case: गुरुग्राम में मामूली बहस के बाद एक गाड़ी पर हमला किया गया. गाड़ी मालिक के साथ मारपीट की गई. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. वायरल वीडियो में गाड़ी मालिक यह कहते दिख रहा है कि 'तुम ऐसा क्यों कर रहे हो? तुमने क्या किया है? मेरा मुँह तोड़ दिया. इन गुंडों को रोको.' वीडियो में वो अपनी कार पर हुए हमले को भी दिखाते है. जिसमें नजर आता है कि गाड़ी के कांच को बुरी तरह से तोड़ दिया गया है. वीडियो सामने आने के बाद गुरुग्राम रोड रेज में कार्रवाई की मांग उठने लगी. जिसके बाद एक्टिव हुई पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
गुरुग्राम रोडरेज केस में BBA के छात्र पार्थ और पारस गिरफ्तार
गुरुग्राम रोडरेज केस में गिरफ्तार दोनों आरोपी स्टूडेंट निकले. पुलिस ने बताया कि गुरुग्राम रोड रेज की घटना में दो कॉलेज छात्रों को गिरफ्तार किया गया है. सोहना रोड और राजीव चौक के बीच हुई इस घटना में उन्होंने कथित तौर पर एक व्यक्ति के साथ मारपीट की और रास्ता न देने पर उसकी कार में तोड़-फोड़ की. आरोपियों की पहचान पार्थ और पारस के तौर पर हुई है. दोनों 22 साल के हैं और BBA के छात्र हैं.

पुलिस गिरफ्त में दोनों आरोपी छात्र और उनकी कार.
गुरुग्राम रोडरेज का वीडियो हो रहा वायरल
गुरुग्राम में हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में नजर आ रहा है कि स्कॉर्पियो SUV चला रहे आरोपियों की MG विंडसर चालक से बहस हुई. जिसके बाद आरोपियों ने MG विंडसर कार को रुकवाया और उसकी खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए. ड्राइवर का आरोप है कि उसे डंडों से पीटा गया और वह लहूलुहान हो गया.
तुम ऐसा क्यों कर रहे हो... आरोपियों पर चीखता दिख रहा कार चालक
अपनी कार के अंदर से बनाए गए एक वीडियो में, वह व्यक्ति आरोपियों पर चिल्लाता हुआ और फिर मदद के लिए आस-पास के लोगों की ओर मुड़ता हुआ दिखाई देता है. उसे यह कहते हुए सुना जा सकता है, "तुम ऐसा क्यों कर रहे हो? तुमने क्या किया है? मेरा मुंह तोड़ दिया. इन गुंडों को रोको."
गुरुग्राम-सोहना रोड का मामला गाड़ी का नंबर है HR98U0077 गुड़गांव प्रशासन से और पुलिस से हमारी अपील है कि इस दंडनीय अपराध का संज्ञान लेकर अपराधियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए @gurgaonpolice @police_haryana @cmohry #Gurgaon @NHAI_Official pic.twitter.com/dy3uPhTsjH
— M Amaan Mansoori (@manooriMamaanMA) June 20, 2026
सेक्टर 48 के रहने वाले दोनों आरोपी गिरफ्तार, गाड़ी भी जब्त
एक अन्य वीडियो में उसने दोनों छात्रों द्वारा किए गए हमले के बारे में बताया. उसने कहा, "मेरी कार की खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए गए और मुझे डंडों से पीटा गया. उन्होंने रोड रेज किया. मैं लहूलुहान हो गया हूं. सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की. सेक्टर 48 के रहने वाले दोनों आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया और उनकी स्कॉर्पियो SUV ज़ब्त कर ली गई. उनसे पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं