विज्ञापन

गुरुग्राम में भारी बारिश के बाद धंस गई सड़क, दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बना 15 फीट गहरा गड्ढा

गुरुग्राम में भारी बारिश के बाद IFFCO चौक के पास दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस रोड अचानक धंस गई, जिससे करीब 10 फीट चौड़ा और 15 फीट गहरा गड्ढा बन गया.

गुरुग्राम में भारी बारिश के बाद धंस गई सड़क, दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बना 15 फीट गहरा गड्ढा
गुरुग्राम में इफको चौक के पास सड़क धंसी
ANI
  • गुरुग्राम में भारी बारिश के बाद दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस रोड का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया
  • सड़क धंसने का कारण सर्विस रोड के नीचे से गुजर रही सीवर लाइन का क्षतिग्रस्त होना बताया गया
  • प्रशासन ने प्रभावित सड़क को तुरंत बंद कर दिया और NHAI तथा GMDA को मरम्मत के लिए सूचना दी

गुरुग्राम में भारी बारिश के बाद कई रास्ते जलमग्न हो गए. इसके बाद आज दिल्ली-जयपुर हाईवे पर दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया, जब IFFCO चौक के पास सर्विस रोड का बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया. सड़क धंसने से मौके पर करीब 10 फीट चौड़ा और 15 फीट गहरा गड्ढा बन गया. एहतियात के तौर पर प्रशासन ने तुरंत इस हिस्से को ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया.

सीवर लाइन क्षतिग्रस्त होने से धंसी सड़क

यह घटना दोपहर करीब 3 बजे दिल्ली से जयपुर की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर हुई. ट्रैफिक पुलिस ने सबसे पहले प्रभावित हिस्से की घेराबंदी की और मामले की जानकारी NHAI और GMDA को दी. मौके पर पहुंचे GMDA के कार्यकारी अभियंता भीम आर्य ने बताया कि सर्विस रोड के नीचे से गुजर रही एक बड़ी सीवर लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसके कारण सड़क धंस गई. सुरक्षा के लिहाज से प्रभावित हिस्से के चारों ओर बैरिकेड्स लगाए गए हैं.

चूंकि सर्विस लेन दिल्ली-जयपुर हाईवे का हिस्सा है, इसलिए सीवर लाइन का लीकेज ठीक होने के बाद NHAI द्वारा सड़क की मरम्मत का काम किया जाएगा. अधिकारी ने कहा कि फिलहाल, वाहन चालकों के लिए उस इलाके को बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया गया है, जबकि GMDA की टीम लीकेज को ठीक करने का काम कर रही है.

गुरुग्राम में हुई थी भारी बारिश

मंगलवार को लगातार बारिश से शहर के कई इलाकों में पानी भर गया, जिससे गुरुग्राम के निवासियों की जलभराव की मुश्किलें फिर से बढ़ गईं. सोमवार को हुई भारी बारिश के बाद शहर की सड़कों से पानी निकलने के लिए बहुत कम समय मिला था, क्योंकि मंगलवार को रुक-रुक कर बारिश होती रही और शाम को तेज बारिश ने मुश्किलें और बढ़ा दीं. जिला प्रशासन की सलाह को देखते हुए, शहर भर के स्कूलों ने ऑनलाइन क्लासेस चलाईं, जबकि कई कंपनियों ने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम करने के लिए कहा.

शहर में दो जगहों पर सड़कें धंसने की खबरें आईं, जिससे भारी वाहनों के टायर फंस गए और सड़कों व जल निकासी व्यवस्था की हालत पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए. राज्य के लिए सबसे ज्यादा रेवेन्यू देने वाले गुरुग्राम की हालात हर साल मॉनसून में ऐसी ही हो जाती है. नगर निगम क्षेत्रों में 408 रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगे होने के बावजूद, जलभराव की समस्या बनी हुई है.

सड़क पर फंसी रहीं कई स्कूल बसें

सोमवार को लगभग 35 मिनट में हुई 70 mm बारिश से कई मुख्य सड़कें और अंडरपास पानी में डूब गए. जलभराव वाले सुभाष चौक पर लगभग 15 वाहन, जिनमें नौ स्कूल बसें शामिल थीं, फंस गए और 300 से ज्यादा स्कूली बच्चे लगभग दो घंटे तक बसों के अंदर फंसे रहे.

पानी से भरी सड़कों और लंबे ट्रैफिक जाम के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. एक क्लिप में एक छोटी बच्ची भारी बारिश में फंसी हुई और जोर-जोर से रोती हुई दिख रही है. एक और क्लिप में एक युवक पानी से भरी सड़क पर फंसी कैब की छत पर बैठकर अपने लैपटॉप पर काम करता हुआ दिख रहा है.

यह भी पढ़ें: 4 घंटे में 8 KM... भारी बारिश के बीच ग्रुरुग्राम में घंटों लगा रहा जाम, सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gurugram Rain, Gurugram Rain Alert, Gurugram Rain News, Gurugram Rain Traffic, Gurugram Rain Waterlogging
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com