- गलगोटिया यूनिवर्सिटी में दो छात्राओं के बीच निजी विवाद के कारण हाथापाई हुई और झगड़ा हिंसक रूप ले लिया
- झगड़े के दौरान छात्राएं एक-दूसरे के बाल खींचती और थप्पड़ मारती नजर आईं, जबकि अन्य छात्र केवल वीडियो बनाते रहे
- यूनिवर्सिटी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे, किसी छात्र या स्टाफ ने झगड़ा रोकने की कोशिश नहीं की
ग्रेटर नोएडा स्थित गलगोटिया यूनिवर्सिटी से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां निजी रिश्ते को लेकर दो छात्राओं के बीच जमकर हाथापाई हो गई. बताया जा रहा है कि दोनों छात्राएं आपस में अच्छी सहेलियां थीं, लेकिन किसी बात को लेकर हुआ विवाद देखते ही देखते दोनों में हिंसक झगड़े में बदल गया. विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों छात्राएं एक-दूसरे के बाल खींचते हुए और एक-दूसरे को थप्पड़ मारती नजर आईं. यह पूरी घटना यूनिवर्सिटी परिसर में हुई, जहां बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे. हैरानी की बात यह रही कि मौके पर मौजूद छात्र झगड़ा रोकने के बजाय पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाते रहे. किसी भी छात्र या स्टाफ की ओर से लड़ाई को शांत कराने की कोशिश नहीं की गई.
कैंपस में छात्रों की सुरक्षा पर सवाल?
गलगोटिया यूनिवर्सिटी की छात्राओं के झगड़े का ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस घटना ने एक बार फिर गलगोटिया यूनिवर्सिटी जैसी नामी शिक्षण संस्था में छात्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पैरेंट्स यह अपेक्षा करते हैं कि यूनिवर्सिटी कैंपस में उनके बच्चे सुरक्षित माहौल में पढ़ाई करेंगे, लेकिन इस तरह की घटनाएं उनकी चिंता बढ़ा देती हैं. सवाल यह भी उठता है कि यदि स्थिति और गंभीर हो जाती, तो किसी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी कौन लेता?
तमाशबीन बन वीडियो बनाते रहे छात्र
घटना का वीडियो मौके पर मौजूद छात्रों द्वारा बनाया गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि दोनों छात्राएं आपस में हाथापाई कर रही हैं और आसपास खड़े छात्र तमाशबीन बने हुए हैं. वीडियो के वायरल होने के बावजूद यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जिससे कई अटकलें लगाई जा रही हैं.
शिकायत मिली, तो करेंगे कार्रवाई : पुलिस
वहीं, इस पूरे मामले पर दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि गलगोटिया यूनिवर्सिटी के नाम से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. फिलहाल थाने या पुलिस चौकी पर इस संबंध में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि यदि शिकायत मिलती है, तो मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता और पूरी घटना की जानकारी जुटाने में लगी हुई है.
ये भी पढ़ें :- गलगोटिया ने रोबो डॉग विवाद का ठीकरा नेहा सिंह पर फोड़ा, कहा- उन्हें गलत जानकारी थी
सोनीपत यूनिवर्सिर्टी में भी छात्राओं में चले थे लात-घूंसे
यूनिवर्सिटी में छात्रों के बीच मारपीट का यह पहला मामला नहीं है. कुछ दिनों पहले ही हरियाणा में सोनीपत की ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी में कुछ छात्राओं के बीच मारपीट का वीडियो सामने आया था. वीडियो में कैंपस के अंदर कुछ छात्राएं एक-दूसरे पर लात घूंसे बरसाती हुई दिख रही थीं. वहां मौजूद कुछ छात्राएं हूटिंग करते हुए वीडियो रिकॉर्ड करती रहीं. ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कॉलेज प्रशासन को सख्त कदम उठाने पड़ेंगे. अगर ऐसा नहीं होता है, तो कभी कोई बड़ी घटना हो सकती है.
ये भी पढ़ें :- चीनी रोबोडॉग विवाद में गलगोटिया यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई, मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिया ये जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं