विज्ञापन

Meta की मदद से डिजिटल स्टॉकर गिरफ्तार; फर्जी इंस्टाग्राम ID बनाकर महिला को बार-बार करता था बदनाम

दिल्ली की साइबर पुलिस ने एक डिजिटल स्टॉकर को गिरफ्तार किया है, जो महिला के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाता था. आरोपी पर अश्लील सामग्री भेजकर महिला को बदनाम करने और मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप है.

Meta की मदद से डिजिटल स्टॉकर गिरफ्तार; फर्जी इंस्टाग्राम ID बनाकर महिला को बार-बार करता था बदनाम
महिला के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाने वाला आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली:

दिल्ली में साइबर अपराध का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया के माध्यम से एक महिला को लगातार मानसिक रूप से परेशान करने और उसकी छवि खराब करने की कोशिश की गई. नॉर्थ-ईस्ट जिले की साइबर पुलिस ने एक कथित डिजिटल स्टॉकर को गिरफ्तार किया है, जिसने महिला के नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल कर कई फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाए थे. आरोप है कि इन अकाउंट्स के जरिए महिला के पति और परिचितों को अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री भेजी जाती थी. पीड़िता की शिकायत पर दर्ज मामले की तकनीकी जांच के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही और उसे गिरफ्तार कर लिया.

महिला की शिकायत पर दर्ज हुई FIR

पुलिस के अनुसार पीड़िता ने साइबर पुलिस स्टेशन, नॉर्थ-ईस्ट जिला में शिकायत दर्ज कराई थी. महिला ने आरोप लगाया था कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसके नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल कर लगातार फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बना रहा है. इन फर्जी अकाउंट्स के जरिए उसके पति, रिश्तेदारों और परिचितों को अश्लील वीडियो और तस्वीरें भेजी जा रही थीं. महिला ने पुलिस को बताया कि इस वजह से उसे सामाजिक और मानसिक रूप से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा 67A के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की.

मेटा की मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर पुलिस ने सोशल मीडिया अकाउंट्स से जुड़े डिजिटल और तकनीकी साक्ष्यों को एकत्र करना शुरू किया. जांच के दौरान पुलिस ने इंस्टाग्राम की पैरेंट कंपनी मेटा से संदिग्ध अकाउंट्स की रजिस्ट्रेशन संबंधी जानकारी प्राप्त की. तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस को पता चला कि सभी फर्जी अकाउंट एक ऐसे मोबाइल नंबर से संचालित किए जा रहे थे, जो जीतू कुमार के नाम पर पंजीकृत था. इसके बाद पुलिस ने मिले सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दिल्ली के न्यू अशोक नगर क्षेत्र में छापेमारी की और 27 वर्षीय जीतू कुमार को गिरफ्तार कर लिया.

मोबाइल फोन भी बरामद

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है. पुलिस का दावा है कि आरोपी इसी मोबाइल फोन के जरिए फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाता और संचालित करता था. बरामद मोबाइल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है ताकि डिजिटल सबूतों को सुरक्षित किया जा सके.

वर्ष 2022 से कर रहा था पीछा

पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी पीड़िता को पहले से जानता था और कथित तौर पर वर्ष 2022 से उसका पीछा कर रहा था. जांच में पता चला कि उसने महिला को बदनाम करने के उद्देश्य से उसके नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल कर कई फर्जी इंस्टाग्राम प्रोफाइल तैयार किए थे. प्रोफाइल में महिला की वास्तविक तस्वीरें लगाए जाने के कारण लोगों को लगता था कि अकाउंट उसी के हैं.

बार-बार बनाता था नए अकाउंट

पुलिस के मुताबिक जब भी पीड़िता या उसके परिचित किसी फर्जी अकाउंट की शिकायत मेटा से करते थे और वह अकाउंट हट जाता था, तब आरोपी नया अकाउंट बनाकर फिर उसी तरह की गतिविधियां शुरू कर देता था. आरोप है कि वह इन फर्जी खातों के माध्यम से महिला के जान-पहचान के लोगों को अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री भेजता था. इससे महिला को लगातार मानसिक तनाव और सामाजिक बदनामी का सामना करना पड़ रहा था.

साइबर स्टॉकिंग पर पुलिस की सख्ती

पुलिस का कहना है कि डिजिटल स्टॉकिंग, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाना और अश्लील सामग्री प्रसारित करना गंभीर अपराध है. इस मामले में तकनीकी जांच और डिजिटल साक्ष्यों की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया है.

यह भी पढ़ें : दो भाइयों ने 10 फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर कॉलेज छात्राओं को फंसाया, अश्लील वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Fake Instagram Account, Delhi Cyber Crime Police, Meta, Online Harassment, Cyber Stalking
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com