विज्ञापन

पांच राज्यों के चुनावों की रणभेरी बजी! चुनाव आयोग के अधिकारियों का केरल से बंगाल तक दौरा तय

चुनाव आयोग ने केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, पश्चिम बंगाल और असम में विधानसभा चुनाव के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं. मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की टीम इस महीने तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल का दौरा कर चुनाव तैयारियों का आकलन करेगी.

पांच राज्यों के चुनावों की रणभेरी बजी! चुनाव आयोग के अधिकारियों का केरल से बंगाल तक दौरा तय
  • चुनाव आयोग ने केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, पश्चिम बंगाल और असम में चुनाव की तैयारियों के लिए दौरे शुरू
  • मुख्य निर्वाचन आयुक्त के नेतृत्व में आयोग की टीम फरवरी में तमिलनाडु और पुडुचेरी का दौरा करेगी
  • असम में बिहू त्योहार को ध्यान में रखते हुए 14 अप्रैल को चुनाव कार्यक्रम अंतिम रूप दिया जाएगा
नई दिल्‍ली:

केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी पश्चिम बंगाल और असम में विधानसभा चुनाव कराने के लिए चुनाव आयोग ने कमर कस ली है. पांच राज्यों के चुनावों की रणभेरी बज चुकी है. मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में निर्वाचन आयोग की एक टीम चुनाव तैयारियों का आकलन करने के लिए 25 से 27 फरवरी तक तमिलनाडु और पुडुचेरी का दौरा करेगी. इस दौरान चुनावी तैयारियों को लेकर पूरी रिपोर्ट तैयार की जाएगी.   

5 राज्‍यों में अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव

तमिलनाडु और पुडुचेरी के अलावा, असम, केरल और पश्चिम बंगाल में अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होने हैं. चुनाव तैयारियों का आकलन करने के लिए निर्वाचन आयोग के टॉप ऑफिसर्स ने इस सप्ताह असम का दौरा किया था. ज्ञानेश कुमार ने गुवाहाटी में संवाददाताओं से कहा था कि निर्वाचन आयोग 14 अप्रैल को पड़ने वाले बिहू त्योहार को ध्यान में रखते हुए पूर्वोत्तर राज्य के लिए चुनाव कार्यक्रम को अंतिम रूप देगा.  

किस राज्‍य में कब EC का दौरा? 

  • चुनाव आयोग की टीम दो दिन 22 और 23 तारीख को केरल में रहेगी.
  • EC की टीम 24 तारीख को राज्य चुनाव आयोग सम्मेलन के लिए दिल्ली वापस लौटेगी.
  • फिर 25 फरवरी को आयोग पुडुचेरी और तमिलनाडु के लिए रवाना होगा.
  • 25 फरवरी को आयोग पुडुचेरी में रहेगा.
  • चुनाव आयोग की टीम 26 और 27 फरवरी को चुनाव की तैयारियों के लिए तमिलनाडु में रहेगी.
  • मार्च के पहले सप्ताह में चुनाव आयोग की टीम पश्चिम बंगाल के लिए रवाना होगी.


वैसे बता दें कि चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करने से पहले निर्वाचन आयोग का उन राज्यों का दौरा करना आम बात है जहां चुनाव होने हैं. इन पांचों राज्यों की विधानसभाओं का कार्यकाल मई और जून में अलग-अलग तारीखों पर खत्म हो रहा है. पुडुचेरी विधानसभा का पांच साल का कार्यकाल 15 जून को समाप्त हो रहा है, वहीं असम, केरल, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल विधानसभाओं का कार्यकाल क्रमशः 20, 23, 10 और सात मई को समाप्त हो रहा है.

ये भी पढ़ें:- मोबाइल ले जाने की छूट और हर बूथ पर वेबकास्टिंग, जानें असम में आगामी चुनाव को लेकर आयोग की नई गाइडलाइंस

पिछली बार पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव आठ चरणों में हुए थे, जो अब तक के अधिकतम चरण हैं. असम में दो चरणों में और तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में एक चरण में चुनाव हुए थे. चुनावी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में पुडुचरी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद 14 फरवरी को अपनी अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित करने वाला पहला राज्य था. पश्चिम बंगाल की अंतिम मतदाता सूची 28 फरवरी को प्रकाशित की जाएगी. असम में विशेष गहन पुनरीक्षण किया गया था और वहां अंतिम सूची 10 फरवरी को प्रकाशित की गई.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Election Commission, EC Team Kerala Visit, TamilNadu Puducherry
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com