विज्ञापन
This Article is From Apr 04, 2011

तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, प. बंगाल में प्रचार तेज

चेन्नई/कोलकाता: तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और पश्चिम बंगाल में राज्य विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान तेज हो गया है। सभी दलों के स्टार प्रचारक भी इसमें जुट गए हैं। वे न केवल जनसभा कर रहे हैं, बल्कि घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात कर उनका समर्थन हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। तमिलनाडु में ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) की अध्यक्ष जे. जयललिता ने रविवार को राज्य के दक्षिणी जिलों में कई सम्मेलनों को सम्बोधित किया। वहीं मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेता सीताराम येचुरी ने भी डिंडीगुल में जनसभा को सम्बोधित किया। तमिलनाडु के तिरुनेलवेली जिले में 10 विधानसभा क्षेत्र हैं, जहां से 124 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। पुडुचेरी में उम्मीदवार और राजनीति दलों के नेता घर-घर जाकर लोगों से सम्पर्क साध रहे हैं और रोड शो भी कर रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी मंगलवार को यहां चुनाव प्रचार के लिए आने वाली हैं, जबकि पार्टी महासचिव राहुल गांधी 8 अप्रैल को यहां एक रैली को सम्बोधित करेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन गडकरी और लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज भी जल्द ही राज्य का दौरा करने वाली हैं। केरल में मुख्य लड़ाई माकपा नीत वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के बीच है। भाजपा के शीर्ष नेता भी यहां चुनाव प्रचार के लिए आने वाले हैं। राज्य में 60 वर्ष से अधिक उम्र के उम्मीदवारों की संख्या काफी अधिक है। मुख्यमंत्री वीएस अच्युतानंदन 87 साल की उम्र में भी राजनीतिक रूप से खासे सक्रिय हैं। पश्चिम बंगाल में मतदान के पहले चरण के लिए सोमवार को नाम वापस लेने का आखिरी दिन था। यहां पहले चरण के तहत 18 अप्रैल को मतदान होना है, जिसमें 54 सीटों पर 418 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। राज्य में 23 अप्रैल को दूसरे चरण और 27 अप्रैल को तीसरे चरण के मतदान होंगे।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, प. बंगाल, चुनाव, प्रचार
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com