E20 Petrol Questions and Answers: देश में पर्यावरण को बचाने और कच्चे तेल पर निर्भरता कम करने के लिए सरकार तेजी से E20 पेट्रोल (20% इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल) को बढ़ावा दे रही है. लेकिन आम वाहन मालिकों के मन में इसे लेकर कई तरह के सवाल और आशंकाएं हैं. सरकार के मुताबिक, बड़े पैमाने पर इसको लेकर अफवाहें भी फैल रही हैं. केंद्र की ओर से एक्सपर्ट्स ने पिछले दिनों कई भ्रांतियां दूर करने की भी कोशिश की थी. E20 को लेकर देश में राजनीतिक विरोध भी देखने को मिले. अब सरकार ने एक विस्तृत फैक्टशीट जारी किया है. आइए एक्सपर्ट्स और सरकारी गाइडलाइंस के आधार पर जानते हैं ऐसे 25 सवालों के जवाब, जिनमें से कई सवाल आपके मन में भी उमड़-घुमड़ रहे होंगे.
1. क्या मैं E10 और E20 पेट्रोल को आपस में मिक्स कर सकता हूं?
जवाब: हां, आप इन्हें मिक्स कर सकते हैं. अगर आपकी गाड़ी E20 कंपैटिबल (अनुकूल) है और उसमें पहले से E10 पेट्रोल है, तो आप उसमें E20 पेट्रोल डलवा सकते हैं. इससे गाड़ी के इंजन या परफॉर्मेंस पर कोई तुरंत या गंभीर असर नहीं पड़ता है.
2. अगर मेरी कार या बाइक E20 रेडी नहीं है, तो क्या होगा?
जवाब: अगर आपकी गाड़ी काफी पुरानी है (जो E20 ईंधन के लिए नहीं बनी है) और आप उसमें लगातार E20 पेट्रोल का इस्तेमाल करते हैं, तो लंबी अवधि में इंजन के कुछ पुर्जों (जैसे रबर की पाइप, प्लास्टिक पार्ट्स और फ्यूल इंजेक्टर) को नुकसान पहुंच सकता है. हालांकि, कभी-कभार गलती से डलवाने पर कोई बड़ा नुकसान नहीं होता, लेकिन लगातार इस्तेमाल से बचना चाहिए.
3. क्या E20 पेट्रोल इस्तेमाल करने से गाड़ी का माइलेज कम हो जाएगा?
जवाब: तकनीकी रूप से, शुद्ध पेट्रोल के मुकाबले इथेनॉल में Energy Density थोड़ी कम होती है. इसलिए E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से माइलेज में लगभग 6 से 7 प्रतिशत की मामूली गिरावट देखी जा सकती है. NDTV के साथ इंटरव्यू में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरे ने भी ये बात मानी है कि E20 से माइलेज थोड़ा प्रभावित हो सकता है. हालांकि, कंपनियां अब ऐसे इंजन (फ्यूल कैलिब्रेशन) बना रही हैं जो इस कमी को काफी हद तक पूरा कर देते हैं.
4. क्या प्रीमियम पेट्रोल इस E20 से अलग होता है?
जवाब: हां, प्रीमियम पेट्रोल का ऑक्टेन नंबर ज्यादा होता है, जो हाई-परफॉर्मेंस और महंगी गाड़ियों के लिए बनाया जाता है ताकि इंजन में 'नॉकिंग' न हो. वहीं, E20 सामान्य पेट्रोल में 20 फीसदी इथेनॉल मिलाकर तैयार किया जाता है. हालांकि, इथेनॉल मिलाने से भी पेट्रोल का ऑक्टेन रेट स्वाभाविक रूप से सुधरता है.
5. कौन से वाहन E20 पेट्रोल के लिए पूरी तरह अनुकूल हैं?
जवाब: अप्रैल 2023 के बाद भारत में बनने वाले अधिकांश नए दोपहिया और चार पहिया वाहन E20 कंपैटिबल हैं. कंपनियां अब अपने वाहनों पर 'E20 Compliant' का स्टिकर भी लगाती हैं. वाहन खरीदने से पहले आप उसकी यूजर मैनुअल बुक में इसकी जांच कर सकते हैं.

6. इथेनॉल मिलाने पर भी E20 शुद्ध पेट्रोल से सस्ता क्यों नहीं है?
जवाब: पेट्रोलियम मंत्रालय के मुताबिक, आज किसानों को फायदा पहुंचाने के लिए सरकार इथेनॉल को अच्छी कीमतों पर खरीदती है. जैसे कि मक्के से बनने वाले इथेनॉल की खरीद की कीमत हमने धीरे-धीरे बढ़ाई है और आज ये करीब 71.86 रुपये प्रति लीटर है.। इसमें GST, ट्रांसपोर्टेशन, स्टोरेज और डिपो हैंडलिंग का खर्च अलग से जुड़ता है.
इसलिए, अगर इंटरनेशनल क्रूड ऑयल की कीमत लगभग US$70 प्रति बैरल है, तो शुद्ध पेट्रोल की तुलना में E20 का उत्पादन थोड़ा महंगा पड़ सकता है. वहीं, अगर क्रूड की कीमत 120–130 डॉलर/बैरल तक बढ़ जाती है, तो इथेनॉल और भी सस्ता लगने लगता है.
सरकार की योजना है कि इथेनॉल के घरेलू उत्पादन को बढ़ाकर ईंधन की कीमतों को नियंत्रित किया जाए. चूंकि इथेनॉल का उत्पादन देश में ही होता है, इसलिए भविष्य में यह सामान्य पेट्रोल के मुकाबले उपभोक्ताओं के लिए अधिक किफायती साबित हो सकता है.
7. क्या सभी मौजूदा पेट्रोल पंपों पर E20 ईंधन उपलब्ध है?
जवाब: सरकार चरणबद्ध तरीके से इसे पूरे देश में रोलआउट कर रही है. देश के अधिकांश प्रमुख शहरों और राष्ट्रीय राजमार्गों (Highways) पर स्थित पेट्रोल पंपों पर E20 ईंधन मिलना शुरू हो चुका है, और जल्द ही यह हर जगह उपलब्ध होगा.
8. E20 पेट्रोल की पहचान कैसे करें कि ये सामान्य पेट्रोल है या इथेनॉल मिक्स?
जवाब: पेट्रोल पंप के नोजल या डिस्पेंसिंग यूनिट (मशीन) पर 'E20' का स्पष्ट स्टिकर या बोर्ड लगा होता है. आप पेट्रोल डलवाने से पहले वहां मौजूद कर्मचारी से भी इसकी पुष्टि कर सकते हैं.
9. क्या E20 पेट्रोल से गाड़ी के इंजन की लाइफ कम हो जाती है?
जवाब: जो वाहन विशेष रूप से E20 के लिए डिज़ाइन किए गए हैं, उनके इंजन की लाइफ पर कोई बुरा असर नहीं पड़ता. लेकिन बिना कंपैटिबिलिटी वाली पुरानी गाड़ियों में इसके लगातार इस्तेमाल से इंजन के पुर्जे जल्दी घिस सकते हैं.
10. क्या पुराने वाहनों को E20 अनुकूल बनाने के लिए मॉडिफाई किया जा सकता है?
जवाब: तकनीकी रूप से कारखानों या अधिकृत सर्विस सेंटर पर फ्यूल लाइन्स और रबर के पुर्जों को बदलकर इसे कुछ हद तक बदला जा सकता है, लेकिन यह प्रक्रिया काफी खर्चीली हो सकती है. एक्सपर्ट के मुताबिक, बेहतर होगा कि पुरानी गाड़ियों में सामान्य पेट्रोल या E10 का ही इस्तेमाल जारी रखें.
11. क्या इथेनॉल मिक्स होने से पेट्रोल की शेल्फ लाइफ कम होती है?
जवाब: हां, शुद्ध पेट्रोल की तुलना में इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल हवा से नमी (पानी) को जल्दी सोखता है. इसलिए, यदि गाड़ी को कई महीनों तक बिना स्टार्ट किए खड़ा रखना हो, तो टैंक में E20 पेट्रोल होने पर फ्यूल क्वालिटी थोड़ी जल्दी प्रभावित हो सकती है. हालांकि नियमित चलने से दिक्कत नहीं होगी.
12. क्या CNG वाहन या EV पर E20 का कोई असर होगा?
जवाब: नहीं, E20 केवल पेट्रोल वाहनों के लिए है. इसका सीएनजी, डीजल या इलेक्ट्रिक वाहनों से कोई लेना-देना नहीं है.
13. क्या बाइक और कार दोनों के लिए एक ही E20 पेट्रोल होता है?
जवाब: हां, पेट्रोल पंप पर मिलने वाला E20 ईंधन एक समान होता है. इसे टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर दोनों तरह के पेट्रोल वाहनों में इस्तेमाल किया जा सकता है, बशर्ते वे इसके अनुकूल हों.
14. इथेनॉल मिलाने की शुरुआत सबसे पहले कब और किस स्तर से हुई थी?
जवाब: देश में शुरुआत में बहुत कम मात्रा (जैसे 2 या 5 प्रतिशत) से इथेनॉल ब्लेंडिंग शुरू की गई थी. इसके बाद E10 (10% इथेनॉल) को पूरे देश में लागू किया गया, और अब सरकार का लक्ष्य E20 (20% इथेनॉल) को पूरी तरह स्थापित करना है.
15. क्या विदेशों में भी इस तरह के इथेनॉल मिश्रित ईंधन का इस्तेमाल होता है?
जवाब: हां, ब्राजील और अमेरिका जैसे देशों में पिछले कई दशकों से बड़े पैमाने पर इथेनॉल ब्लेंडिंग का इस्तेमाल हो रहा है. ब्राजील में तो कुछ गाड़ियों में 25 से लेकर 100 प्रतिशत तक इथेनॉल (Flex-Fuel) का इस्तेमाल किया जाता है.
16. क्या E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से प्रदूषण वास्तव में कम होता है?
जवाब: निश्चित रूप से. इथेनॉल में ऑक्सीजन की मात्रा अधिक होती है, जिससे ईंधन का दहन (Combustion) बेहतर होता है. इसके इस्तेमाल से कार्बन मोनोऑक्साइड और हाइड्रोकार्बन जैसे हानिकारक एमिशन में काफी कमी आती है.
17. क्या E20 पेट्रोल का इंजन के ऑयल पर कोई असर पड़ता है?
जवाब: नहीं, सामान्य तौर पर E20 ईंधन के इस्तेमाल से इंजन ऑयल के बदलने की अवधि या उसकी परफॉर्मेंस पर कोई सीधा नकारात्मक असर नहीं पड़ता है.
18. क्या ठंड के मौसम में E20 पेट्रोल से गाड़ी स्टार्ट होने में दिक्कत आ सकती है?
जवाब: बहुत अत्यधिक ठंडे इलाकों (जैसे पहाड़ी क्षेत्रों) में उच्च इथेनॉल मिश्रण से कभी-कभार कोल्ड-स्टार्ट की समस्या आ सकती है. हालांकि, भारत के मौसम के हिसाब से E20 को इस तरह तैयार किया जाता है कि मैदानी इलाकों में ऐसी कोई समस्या न हो.
19. अगर मैं अपनी बहुत पुरानी कार में गलती से एक बार E20 पेट्रोल डलवा लूं, तो क्या होगा?
जवाब: डरने की कोई बात नहीं है. सिर्फ एक या दो बार गलती से E20 पेट्रोल डलवाने से इंजन तुरंत खराब नहीं होता है. जब आप अगली बार उसमें सामान्य पेट्रोल डलवाएंगे, तो वह मिक्स होकर डाइल्यूट हो जाएगा.
20. क्या फ्लेक्स-फ्यूल (Flex-Fuel) इंजन और E20 इंजन एक ही होते हैं?
जवाब: नहीं, दोनों में अंतर है. E20 इंजन अधिकतम 20 प्रतिशत तक इथेनॉल मिश्रण के लिए बने होते हैं. जबकि फ्लेक्स-फ्यूल इंजन इस तरह डिजाइन किए जाते हैं कि वे 20 प्रतिशत से लेकर 85 या 100 प्रतिशत तक के किसी भी इथेनॉल मिश्रण पर आसानी से चल सकें.
21. क्या सरकार पेट्रोल में 20% से ज्यादा इथेनॉल मिलाने की भी योजना बना रही है?
जवाब: सरकार का मौजूदा मुख्य लक्ष्य पूरे देश में E20 (20%) को पूरी तरह लागू करना है. इसके बाद भविष्य में फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों को बढ़ावा देकर इस सीमा को और आगे बढ़ाया जा सकता है.
22. कार या बाइक के हाइब्रिड मॉडल में E20 का इस्तेमाल सुरक्षित है?
जवाब: यदि आपका हाइब्रिड वाहन पेट्रोल वेरिएंट है और अप्रैल 2023 के बाद का निर्मित है, तो वह E20 के लिए सुरक्षित है. हाइब्रिड सिस्टम सिर्फ इंजन और बैटरी के बीच पावर को मैनेज करता है, ईंधन की कंपैटिबिलिटी इंजन पर निर्भर करती है.
23. क्या इथेनॉल मिश्रित ईंधन से गाड़ी के स्पार्क प्लग पर कोई असर पड़ता है?
जवाब: E20 कंपैटिबल गाड़ियों में स्पार्क प्लग की लाइफ पर कोई विपरीत असर नहीं पड़ता, क्योंकि उनका कम्बशन चैंबर इसी ईंधन के हिसाब से कैलिब्रेट किया जाता है.
24. क्या E20 पेट्रोल के आने के बाद सामान्य पेट्रोल मिलना पूरी तरह बंद हो जाएगा?
जवाब: सरकार का लक्ष्य चरणबद्ध तरीके से पूरे देश के ईंधन बेस को पर्यावरण अनुकूल बनाना है. हालांकि, जब तक पुरानी गाड़ियां सड़कों पर हैं, तब तक उनके लिए उपयुक्त ईंधन विकल्पों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाता है.
25. क्या E20 ईंधन की वजह से गाड़ी की मेंटेनेंस कॉस्ट बढ़ जाएगी?
जवाब: नहीं, E20 रेडी वाहनों के पुर्जे और फ्यूल सिस्टम पहले से ही इस ईंधन के अनुकूल मजबूत बनाए जाते हैं. इसलिए सामान्य उपयोग के दौरान आपकी गाड़ी की रूटीन सर्विस या मेंटेनेंस कॉस्ट में कोई बढ़ोतरी नहीं होगी.
ये भी पढ़ें: भारत में E20 पर बवाल तो ब्राजील ने कैसे किया कारों में E100 का कमाल
ये भी पढ़ें: गन्ने और खराब अनाज से 'ईंधन क्रांति', सरकार ने बताया- E20 ईंधन से कैसे बदलेगी किसानों की किस्मत?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं