- दिल्ली पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने ड्रग रैकेट के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है.
- आरोपियों ने परिवार बनकर टैक्सी में सफर कर हेरोइन की तस्करी की, जिससे किसी को शक न हो सके
- गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल 1 किलो 504 ग्राम हेरोइन बरामद हुई जिसकी कीमत ₹7.5 करोड़ बताई गई है.
दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने एक बड़े इंटरस्टेट ड्रग रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए पति‑पत्नी समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है. आरोपी परिवार बनकर Wagon‑R टैक्सी में सफर करते थे ताकि किसी को शक न हो. पुलिस ने आरोपियों से 1 किलो 504 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ₹7.5 करोड़ बताई जा रही है.
ऐसे पकड़े गए आरोपी
गुप्त सूचना मिलने पर ANTF टीम ने दिल्ली‑गाजियाबाद के भोपुरा बॉर्डर पर जाल बिछाया. रात में संदिग्ध Wagon-R के दाखिल होते ही पुलिस ने दो गाड़ियों से उसे घेर लिया. कार में बैठे लोगों की पहचान आरिफ खान (36) और उसकी पत्नी शिखा अली (30) के रूप में हुई. तलाशी में उनके पास से 303 ग्राम और कार में रखे बैग से 1007 ग्राम हेरोइन मिली.
यह भी पढ़ें- Blinkit पर FIR: ऑनलाइन बिक रहे थे बटनदार चाकू, दिल्ली पुलिस ने मर्डर में इस्तेमाल होने पर दर्ज की FIR
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरिफ, भलस्वा डेयरी के जुम्मन (32) को भी हेरोइन सप्लाई करता था. तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने जुम्मन को भी गिरफ्तार किया और उसके घर से 194 ग्राम हेरोइन बरामद हुई.
कौन हैं तस्कर?
आरिफ खान: ग्रेजुएट, पहले अकाउंटेंट. कोविड में नौकरी जाने के बाद टैक्सी चलाने लगा और फिर बरेली के ड्रग सप्लायर के संपर्क में आया.
शिखा अली: आरिफ की पत्नी, तस्करी में पूरी तरह शामिल. पति के साथ कार में बैठकर 'परिवार यात्रा' का नाटक करती थी.
जुम्मन: इलेक्ट्रीशियन, पड़ोसियों से नशा बेचने की तकनीक सीखकर रेलवे लाइन के पास छोटी पुड़िया बेचता था.
पुलिस खंगाल रही बड़ा नेटवर्क
क्राइम ब्रांच का कहना है कि यह सिर्फ शुरुआत है. बरेली से जुड़े सप्लायर सहित पूरे नेटवर्क की पहचान की जा रही है. संदेह है कि यह रैकेट दिल्ली‑एनसीआर में बड़े स्तर पर हेरोइन की सप्लाई करता था. दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई ने एक और बड़े इंटरस्टेट ड्रग सिंडिकेट को पकड़ने में महत्वपूर्ण सफलता दिलाई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं