VIDEO: द्रौपदी मुर्मू का आदिवासी संगीत पर थिरकते पुराना वीडियो आया सामने

NDTV के पास भावी राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) का एक एक्सक्लूसिव पुराना वीडियो है. यह वीडियो मोबाईल फोन से रिकॉर्ड किया गया है. और इसे साल 2018 का बताया जा रहा है. उन दिनों द्रौपदी मुर्मू झारखंड की राज्यपाल (Governor) हुआ करती थीं.

नई दिल्ली :

NDTV के पास भावी राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) का एक पुराना वीडियो है. यह वीडियो मोबाईल फोन से रिकॉर्ड किया गया है. और इसे साल 2018 का बताया जा रहा है. उन दिनों द्रौपदी मुर्मू झारखंड की राज्यपाल (Governor) हुआ करती थीं. गौरतलब है कि द्रौपदी मुर्मू साल 2015 से साल 2021 तक झारखंड(Jharkhand) की राज्यपाल रहीं. उन्हीं दिनों झारखंड की राजधानी रांची स्थित राजभवन ( Raj Bhavan)  में उनके गांव से लोग मिलने आए थे. ग्रामीणों के स्वागत में राजभवन में एक छोटा सा कार्यक्रम था. उसी कार्यक्रम में ग्रामीणों के अनुरोध पर वहां आदिवासी नृत्य (Tribal Dance)  में द्रौपदी मुर्मू भी शामिल हो गईं.

आदिवासी संगीत पर उन्हें थिरकते देख ग्रामीण काफी खुश थे. कदम से कदम मिलाकर बहुत देर तक द्रौपदी मुर्मू ने ग्रामीणों के साथ नृत्य में हिस्सा लिया. फिर उन्हें एक गीत भी गाते देखा गया.

कल ही राष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनाव में यशवंत सिन्हा को शिकस्त देते हुए द्रौपदी मुर्मू देश की पहली महिला आदिवासी राष्‍ट्रपति बन गई. उन्हें कुल 64.03 प्रतिशत वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी यशवंत सिन्हा को 35.97 प्रतिशत वोट ही मिले. अब वे 25 जुलाई को बतौर राष्ट्रपति शपथ लेंगी. चुनाव में जीत पर द्रौपदी मुर्मू को बधाई देते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने लिखा, " द्रौपदी मुर्मू एक असाधारण विधायक और मंत्री रही हैं. झारखंड के राज्‍यपाल के तौर पर उनका बेहतरीन कार्यकाल रहा है. मुझे यकीन है कि वे उत्‍कृष्‍ट राष्‍ट्रपति साबित होंगी, जो आगे बढ़कर नेतृत्‍व करेंगी और भारत की विकास यात्रा को मजबूत करेंगी."       

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

राष्ट्रपति पद की दौड़ में विजेता बनकर उभरी ‘‘ओडिशा की बेटी'' द्रौपदी मुर्मू के गृह नगर रायरंगपुर समेत पूरे राज्य में जश्न का माहौल है. मयूरभंज जिले के रायरंगपुर शहर स्थित मुर्मू के आवास के बाहर लोगों का जमावड़ा अभी भी लगा हुआ है और वे आदिवासी संगीत पर थिरक रहे हैं. उत्सव का ऐसा ही नजारा जिले के पहाड़पुर गांव में भी है जो कि मुर्मू का ससुराल है. द्रौपदी मुर्मू भारत की 15वीं राष्ट्रपति बनी हैं.