विज्ञापन

यमुना किनारे की सैर और देर रात तक शॉपिंग, दिल्ली के इन 5 रास्तों का होने जा रहा कायाकल्प

दिल्ली के 5 प्रमुख रास्ते अब रात में भी गुलजार रहेंगे. यहां लोग देर रात तक बाजारों में शापिंग कर पाएंगे और पसंदीदा फूड्स चख पाएंगे. जानिए सरकार का प्लान क्या है.

यमुना किनारे की सैर और देर रात तक शॉपिंग, दिल्ली के इन 5 रास्तों का होने जा रहा कायाकल्प
  • दिल्ली के पांच प्रमुख रास्तों को 24 घंटे सक्रिय और सुरक्षित सार्वजनिक स्थल बनाने का फैसला
  • LG तरनजीत सिंह संधू ने स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर की आधुनिक पुनर्विकास योजना की समीक्षा की है
  • मिंटो रोड से कड़कड़डूमा, दिल्ली गेट से मिंटो रोड सहित 5 कॉरिडोर शामिल
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

राजधानी दिल्ली में अब सिर्फ दिन की भागदौड़ ही नहीं बल्कि रात भी सुनहरी होने वाली है. दिल्ली सरकार ने राजधानी के पांच ऐसे रास्तों को चुना है, जो अब 24 घंटे गुलजार रहेंगे. ट्रांजिट कॉरिडोर पुनर्विकास योजना के तहत सरकार ने यह फैसला लिया है. कड़कड़डूमा से लेकर राजौरी गार्डन तक, इन रास्तों का कायाकल्प इस तरह किया जाएगा कि यहां न केवल आवाजाही सुगम होगी, बल्कि सुरक्षा और मनोरंजन का बेजोड़ संगम भी देखने को मिलेगा. रात में भी लोग यहां जाकर दुकानों और बाजारों का आनंद ले सकेंगे.

दिल्ली के एलजी ने दिए निर्देश

जानकारी के अनुसार, दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने हाल ही में राजधानी के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने के लिए स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (SPA) द्वारा तैयार एक महत्वाकांक्षी योजना की समीक्षा की है. इस योजना का उद्देश्य दिल्ली के बिजी रास्तों को 24/7 एक्टिव सार्वजनिक स्थलों में बदलना है, जिससे नाइट लाइफ और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा मिलेगी.  इन रास्तों के विकसित होने से दिल्ली न केवल रात में सुरक्षित होगी, बल्कि आर्थिक रूप से भी ज्यादा मजबूत हो पाएगी.

कौन-कौन से रास्ते 24 घंटे रहेंगे गुलजार?

  1. मिंटो रोड से कड़कड़डूमा: यह मार्ग पूर्वी दिल्ली को मध्य दिल्ली से जोड़ता है.
  2. मिंटो रोड से दिल्ली गेट: जेएलएन मार्ग के माध्यम से यह सेंट्रल दिल्ली को शहर के ऐतिहासिक केंद्र से जोड़ता है.
  3. नेताजी सुभाष मार्ग से आईटी एस्टेट मेट्रो: यमुना के किनारे वाला यह सुंदर रास्ता हैरिटेज इलाकों और रिवरफ्रंट के करीब है.
  4. धौला कुआं से तिलक नगर क्रॉसिंग: जेल रोड और करिअप्पा मार्ग के रास्ते यह एक प्रमुख व्यापारिक कॉरिडोर है.
  5. उत्तम नगर से राजौरी गार्डन: तिलक नगर और नजफगढ़ रोड के साथ यह कॉरिडोर काफी एक्टिव रहता है.

यह भी पढ़ें: दिल्लीवाले ध्यान दें! इन इलाकों में दिन में केवल एक बार आएगा पानी, चंद्रावल वाटर प्लांट खराब होने से आई किल्लत

क्या-क्या होगा खास?

रिपोर्ट्स के अनुसार, सरकार इन रास्तों को कंपलीट स्ट्रीट्स मॉडल पर विकसित कर रही है. यहां नाइट मार्केट, शिल्प बाजार और स्ट्रीट फूड्स स्टॉल होंगे, जो 24 घंटे खुले रहेंगे. यानी यहां आप देर रात में जाकर भी बाजार का लुत्फ उठा पाएंगे. बाढ़ और गाद को रोकने के लिए सरकार जल निकासी और धूल नियंत्रण के लिए हरित सेंट्रल वर्ज को भी बनाएगी. यहां पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ, साइकिल ट्रैक और सार्वजनिक बैठने की जगह बनाई जाएंगी. इसके अलावा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी और स्ट्रीट लाइटिंग का भी इंतजाम किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में कल भी मौसम मेहरबान, आंधी के साथ बारिश का येलो अलर्ट, पढ़िए IMD का अपडेट

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com