- दिल्ली के कापसहेड़ा बॉर्डर पर एक दुकान से भारी मात्रा में एक्सपायर्ड फूड और कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स बरामद किए गए
- आरोपी अब्दुल मन्नान खान को गिरफ्तार किया गया जो बिजवासन इलाके का रहने वाला है और वह एक्सपायर्ड सामान बेचता था
- छापेमारी में 900 किलो एक्सपायर्ड राशन और दो हजार किलो डेयरी उत्पाद बरामद किए गए जिनमें दही और पनीर शामिल थे
दिल्ली के लोगों की सेहत से सीधा खिलवाड़ करने वाले एक शातिर गैंग का पर्दाफाश हुआ है. पुलिस ने राजधानी के कापसहेड़ा बॉर्डर के पास स्थित एक दुकान पर छापा मारकर भारी मात्रा में एक्सपायर्ड फूड आइटम्स और कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स बरामद किए गए हैं. इस मामले में मुख्य आरोपी अब्दुल मन्नान खान उर्फ मोनू को गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी दिल्ली के बिजवासन इलाके का रहने वाला है.
छापेमारी में क्या-क्या बरामद हुआ?
इस छापेमारी में पुलिस ने 900 किलो एक्सपायर्ड राशन का सामान बरामद किया है. इसमें मैदा, सूजी, पोहा, मसाले, पीनट बटर, बेबी फूड और कई अन्य खाद्य पदार्थ शामिल हैं. इसके अलावा 2000 किलो डेयरी प्रोडक्ट्स भी बरामद किए गए हैं, जिसमें दही और पनीर को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया. वहीं भारी मात्रा में एक्सपायर्ड कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स भी बरामद किए गए हैं.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी जानबूझकर गोदामों और ठिकानों से सस्ते दामों पर एक्सपायर्ड और खराब हो चुके सामान खरीदता था. फिर इन्हें अपनी दुकान पर आम ग्राहकों को आकर्षक कम कीमत पर बेच देता था. लोगों को सस्ता सामान मिल जाता था, लेकिन उनके स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडराता रहता था.

कैसे हुआ इस रैकेट का पर्दाफाश?
8 अप्रैल को मिली ठोस सूचना के आधार पर पहले कुछ लोगों को आम ग्राहक बनाकर दुकान पर भेजा गया. जब उन्होंने सामान खरीदा और उसकी जांच की गई तो सारी चीजें एक्सपायर्ड पाई गईं. इसके तुरंत बाद दुकान पर छापा मारा गया और आरोपी अब्दुल मन्नान खान को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया. छापेमारी के दौरान एक महिला ग्राहक भी मौजूद थी. उसने बताया कि उसने सिर्फ एक दिन पहले ही इस दुकान से सामान खरीदा था, जो बाद में एक्सपायर्ड निकला. आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है. पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल भी कर लिया है.
ग्राहकों को इन बातों का रखना चाहिए ध्यान
- खरीदारी करते समय हर प्रोडक्ट की एक्सपायरी डेट और मैन्युफैक्चरिंग डेट जरूर चेक करें.
- बहुत सस्ते दामों वाले खाने-पीने के सामान से सावधान रहें.
- बच्चों का बेबी फूड और डेयरी प्रोडक्ट्स खरीदते समय विशेष सतर्कता बरतें.
यह भी पढ़ें: बंगाल में नकली मजिस्ट्रेट बनकर घूम रहे थे 7 लोग, चुनाव आयोग को पता चला तो हुआ एक्शन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं