- दिल्ली-एनसीआर में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कल तेज हवा और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है
- मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और तापमान 33 से 21 डिग्री के बीच रहेगा
- 30 मार्च को भी दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक बनी रहेगी
दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है.मौसम विभाग के अनुसार कल दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवा के साथ फिर से बारिश होने की संभावना है. इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है. आज शाम से ही दिल्ली में दिल्ली-नोएडा के आसमान में घने बादल छाये हुए हैं. कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चल रही हैं. मौसम एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से आया है.
कल दिल्ली में बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, कल आसमान में बादल छाये रहेंगे. तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है. सुबह से लेकर शाम तक गरज के साथ बारिश, बिजली चमकने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है. मौसम विभाग ने बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. इसके बाद 30 मार्च को भी मौसम पूरी तरह सामान्य नहीं होगा. इस दिन अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री रहने की संभावना है. दिनभर बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक जारी रह सकती है. लगातार हो रही हल्की बारिश और बूंदाबांदी का असर वायु गुणवत्ता पर भी साफ दिखाई दे रहा है.
मौसम संबंधी चेतावनी
— India Meteorological Department (@Indiametdept) March 28, 2026
मुख्य बिंदु
उत्तर-पश्चिम भारत में इस सप्ताह वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना है, जिसमें 29 और 30 मार्च को चरम गतिविधि होने की संभावना है और 30 मार्च 2026 को कश्मीर घाटी में कहीं-कहीं भारी वर्षा/बर्फ़बारी होने की संभावना है।
पूर्वोत्तर और उससे सटे पूर्वी… pic.twitter.com/MDZ8SJwzZl

क्यों अचानक बदला मौसम का मिजाज?
IMD के अधिकारियों के अनुसार, मार्च में मौसम में आया यह असामान्य बदलाव, उत्तर-पश्चिमी भारत को प्रभावित करने वाले पश्चिमी विक्षोभ की वजह से आया है. ये मौसमी सिस्टम 15 मार्च से ही इस क्षेत्र को प्रभावित कर रहे हैं और सामान्य से कम ऊंचाई पर आगे बढ़ रहे हैं, जिसके चलते दिल्ली के मौसम के मिजाज पर इनका असर पड़ रहा है.IMD ने अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने का पूर्वानुमान जताया है. बादल छाए रहने के कारण न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है और कल को इसके 20-22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें: फरवरी में रुठा मौसम मार्च में क्यों मेहरबान, 3 दिन और बारिश होगी, जानें गर्मी आते-आते अचानक क्यों बदला वेदर?
इन राज्यों में भी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के साथ-साथ अन्य कई राज्यों में भी बारिश का दौर जारी रहेगा. कल कश्मीर घाटी में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.वहीं बिहार, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, गुजरात और राजस्थान में भी तेज हवाएं और बारिश के आसार हैं.
यह भी पढ़ें: आंधी, तूफान और बारिश...दिल्ली में फिर पलटेगा मौसम, UP-राजस्थान ही नहीं इन राज्यों में भी येलो अलर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं