- दिल्ली-NCR के कई इलाकों में रात के समय हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई.
- बारिश के कारण कई जगहों पर जलभराव हुआ और वाहन चालकों को रात में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा.
- मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के कारण रुक-रुक कर बारिश और गरज चमक के साथ मौसम में बदलाव की संभावना जताई थी.
Delhi-NCR Rain: देश के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है. उत्तर भारत के इलाकों में एक ओर ठंड पड़ रही है तो दूसरी ओर बारिश और बर्फबारी आम लोगों की परेशानी को बढ़ा रही है. दिल्ली-एनसीआर के मौसम में भी बदलाव हुआ है. दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में रात के वक्त हल्की से मध्यम बारिश हुई है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. बारिश के कारण कई जगहों पर पानी भर गया. साथ ही रात के वक्त वाहन चलाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. मौसम विभाग ने पहले ही बारिश का अनुमान जताया था.
दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में रुक-रुककर गरज के साथ बारिश दर्ज की गई. इसके कारण लोगों को ठंड का अहसास बढ़ गया है. वहीं कई इलाकों में सड़कों पर जलभराव भी देखने को मिल रहा है. हालांकि रात के वक्त बारिश होने से ट्रैफिक जाम जैसी समस्या देखने को नहीं मिली. बावजूद इसके वाहनों की रफ्तार जरूर कम हो गई.
मौसम विभाग ने जताई थी पहले ही संभावना
मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से एनसीआर में बादल छाए रहने और कुछ समय तक रुक‑रुक कर बारिश होने की संभावना जताई थी.
आईएमडी ने शनिवार को चेतावनी जारी की थी और बताया था कि दो पश्चिमी विक्षोभ के आने से 01 से 03 फरवरी के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में वर्षा/बर्फबारी और उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के कुछ स्थानों में वर्षा की संभावना है. वहीं पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में गरज/आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
ये भी पढ़ें: लद्दाख में दिखा खौफनाक लाल आसमान, 2003 के बाद आया सबसे बड़ा सौर तूफान, क्या है खतरा?
प्रदूषण का स्तर घटने की भी है उम्मीद
मौसम में इस बदलाव से वायु गुणवत्ता में आंशिक सुधार की उम्मीद जताई जा रही है. प्रदूषण से लगातार जूझ रहे दिल्ली-एनसीआर के लोगों को यह बारिश जरूर थोड़ी राहत दे सकती है और प्रदूषण का स्तर घट सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं