कॉमर्शियल LPG गैस की डिलिवरी बंद है और घरेलू गैस सिलेंडर की डिलिवरी भी देरी से हो रही है. वहीं सरकार लगातार LPG रसोई गैस की काला बाजारी और कॉर्मशियल इस्तेमाल पर कार्रवाई करने की बात कह रही है. ऐसे में रोजगार करने वालों को दिक्कत हो ही रही है. वहीं सरकारी कामों में भी दिक्कतें आ रही है. ताजा मामला दानापुर से हैं जहां एक तरफ घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत सामने आ रही है, वहीं दूसरी ओर पीपा पुल के मरम्मत कार्य में हमेशा की तरह अभी भी घरेलू गैस सिलेंडर का इस्तेमाल किया जा रहा है.
पूरे राज्य में घरेलू गैस सिलेंडर की कमी के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इसके बावजूद पीपा पुल के मरम्मत कार्य में खुलेआम घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग किया जा रहा है. ठेकेदार द्वारा नियमों को ताक पर रखकर इस गैस का इस्तेमाल किया जा रहा है.
ठेकेदार ने कहा नहीं मिल रहा तो क्या करें
इस मामले में जब ठेकेदार के प्रतिनिधि अंकित कुमार से पूछा गया कि पीपा पुल के काम में घरेलू गैस का उपयोग क्यों किया जा रहा है, तो उन्होंने बताया कि व्यावसायिक गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो रहे हैं. इसी कारण मजबूरी में घरेलू सिलेंडर का इस्तेमाल करना पड़ रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि यदि घरेलू सिलेंडर का उपयोग नहीं किया जाएगा, तो पीपा पुल का मरम्मत कार्य बंद हो जाएगा.
मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा- किसी को बख्शा नहीं जाएगा
इस मामले पर रामकृपाल यादव, कृषि मंत्री, से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक कार्य में इस्तेमाल करना गैरकानूनी है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो भी व्यक्ति घरेलू गैस सिलेंडर का व्यवसायिक उपयोग करते हुए पकड़ा जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा.
यह भी पढ़ेंः LPG किल्लत की खबर के बीच किसान का बायोगैस यूनिट चर्चाओं में, रसोई गैस और खेती का अपनाया किफायती तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं