- जाफराबाद मेट्रो स्टेशन पर शाम को पतंग के मांझे के फंसने से पावर केबलों में धमाके जैसी आवाजें सुनाई दीं
- पतंग के मांझे के कारण दो हाई-वोल्टेज केबलों के बीच छोटा धमाका हुआ और थोड़ी सी आग लगी
- CISF और दिल्ली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचकर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम किया
दिल्ली के जाफराबाद मेट्रो स्टेशन पर आज शाम उस वक्त हड़कंप मच गया जब मेट्रो की पावर केबलों में धमाके जैसी तेज आवाजें सुनाई दीं. ये आवाज धमाके जैसे थी. शुरुआती जांच में सामने आया है कि बच्चों द्वारा उड़ाई जा रही पतंग का मांझा हाई-वोल्टेज तारों में फंसने से यह हादसा हुआ. गनीमत रही कि सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है.
मेट्रो स्टेशन के पास धमाके जैसी आवाज
अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार शाम को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों के बीच थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी मच गई, जब बुराड़ी की ओर जाने वाली मेट्रो लाइन पर धमाके जैसी आवाज सुनाई दी. पुलिस के अनुसार, शाम 6:05 बजे सूचना मिलने पर CISF और स्थानीय पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और लोगों को वहां से निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी. एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि स्टेशन पर मौजूद यात्रियों को एहतियात के तौर पर सुरक्षित रूप से बाहर निकाल लिया गया और किसी के घायल होने या किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है.
पतंग के मांझे से हुआ हादसा
DCP मेट्रो ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि कुछ बच्चे पतंग उड़ा रहे थे और पतंग का मांझा मेट्रो की दो पावर केबलों के बीच फंस गया, जिसके कारण एक छोटा-सा धमाका हुआ और आग लग गई. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, 'कुछ बच्चे पास में ही पतंग उड़ा रहे थे और एक पतंग की डोर मेट्रो की बिजली की तारों के बीच फंस गई, जिससे धमाके जैसी हल्की आवाज आई और थोड़ी सी आग लग गई.' उन्होंने आगे कहा, 'हालात पर तुरंत काबू पा लिया गया और यह सुनिश्चित करने के बाद कि यात्रियों या मेट्रो के ढांचे को अब कोई और खतरा नहीं है, स्थिति सामान्य कर दी गई.'
यह भी पढ़ें: कौन हैं चिराग पासवान की बड़ी मां राजकुमारी देवी? गले लगाकर बेटे को दिया आशीर्वाद
थोड़ी देर के लिए मेट्रो सेवाएं रहीं प्रभावित
मेट्रो की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाली CISF ने दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर मौके का मुआयना किया और किसी भी तरह की साजिश या गड़बड़ी की आशंका को खारिज कर दिया. इस लाइन पर मेट्रो सेवाएं थोड़ी देर के लिए प्रभावित हुईं, लेकिन सुरक्षा जांच पूरी होने के तुरंत बाद ही सेवाएं फिर से शुरू हो गईं. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे मेट्रो के ढांचे के आस-पास पतंग न उड़ाएं, क्योंकि ऐसी गतिविधियों से सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो सकता है.
यह भी पढ़ें: TMC का 'खौफ' बनाम BJP का 'भरोसा'... नितिन नवीन ने सेट किया बंगाल का चुनावी एजेंडा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं