विज्ञापन

दिल्ली से कटरा 6 घंटे में, 4 घंटे में अमृतसर, नया एक्सप्रेसवे 4 राज्यों को जोड़ेगा, NHAI ने बताया कितना काम हुआ पूरा

Delhi-Amritsar-Katra Expressway: दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के 6 पैकेज आम लोगों के लिए खोल दिए गए हैं. प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद दिल्ली से अमृतसर का सफर 4 घंटे और कटरा का सफर करीब 6 घंटे में पूरा किया जा सकेगा.

दिल्ली से कटरा 6 घंटे में, 4 घंटे में अमृतसर, नया एक्सप्रेसवे 4 राज्यों को जोड़ेगा, NHAI ने बताया कितना काम हुआ पूरा
दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे का 100 KM रूट बदला
NDTV

राजधानी दिल्ली से माता वैष्णो देवी धाम कटरा का सफर बेहद आसान होने वाला है. NHAI तेजी से 'दिल्ली-अमृतसर-कटरा' एक्सप्रेसवे पर काम कर रहा है. NHAI ने इस एक्सप्रेसवे पर नया अपडेट भी दिया है. एक्सप्रेसवे के 6 पैकेज पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है. वहीं अन्य पैकेज पर भी तेजी से काम चल रहा है. इस एक्सप्रेसवे का करीब 100 किलोमीटर के हिस्से का रूट भी बदलने की मंजूरी मिल गई. इस एक्सप्रेसवे के बनने के बाद दिल्ली से कटरा का सफर महज 6 घंटे में पूरा होगा. वहीं अमृतसर सिर्फ 4 घंटे में पहुंचा जा सकेगा.

6 पैकेज पर रफ्तार भर रहे वाहन

NHAI के अनुसार करीब 680 किलोमीटर लंबे इस एक्सेस-कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण 22 पैकेजों में किया जा रहा है, जिनमें से 6 पैकेज (करीब 190 किमी) पहले ही आम लोगों के लिए खोले जा चुके हैं, जबकि बाकी हिस्सों पर निर्माण जारी है. इसके अलावा संशोधित रूट मंजूर होने के बाद पंजाब के नकोदर-अमृतसर के बीच 99 किमी हिस्से के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया तेज कर दी गई है.

Latest and Breaking News on NDTV

इन 4 राज्यों को जोड़ेगा मेगा एक्सप्रेसवे

दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे करीब 38,900 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है. यह एक्सप्रेसवे चार राज्यों की कनेक्टिविटी सुपर फास्ट बना देगा. एक्सप्रेसवे की शुरुआत दिल्ली के निकट जसौर खेड़ी से होगी और यह गोहाना, जींद, कैथल, पटियाला, संगरूर होते हुए पंजाब और फिर जम्मू-कश्मीर तक पहुंचेगा.

कब तक पूरा होगा प्रोजेक्ट?

दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे को पूरा करने के लिए सरकार ने 2027-28 का लक्ष्य रखा है. हरियाणा में लगभग 135 किलोमीटर हिस्से का काम पहले ही पूरा हो चुका है, जबकि पंजाब और जम्मू-कश्मीर में कई सेक्शन पर तेज गति से निर्माण चल रहा है.

Latest and Breaking News on NDTV

दिल्ली से कटरा सिर्फ 6 घंटे

एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद दिल्ली से अमृतसर का सफर सिर्फ 4 घंटे में पूरा हो सकेगा, अभी यह सफर 7 से 8 घंटे में होता है. इसके साथ ही दिल्ली से कटरा लगभग 6 घंटे में पहुंच सकेंगे. फिलहाल दिल्ली से कटरा पहुंचने में 12-14 घंटे तक का समय लग जाता है. इस एक्सप्रेसवे के बनने के बाद माता वैष्णो देवी और श्री हरमंदिर साहिब जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी.

Latest and Breaking News on NDTV

22 पैकेज में बन रहा एक्सप्रेसवे

NHAI के अनुसार दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे कुल 22 पैकेज में बनाया जा रहा है. इसके 6 पैकेज चालू हो गए हैं. हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी ने इसके छठे पैकेज का उद्घाटन किया था. वहीं बाकी 16 पैकेज पर निर्माण कार्य चल रहा है. इस एक्सप्रेसवे पर 100 से ज्यादा पुल, 3 फ्लाईओवर, 2 रेलवे ओवरब्रिज, 6 ग्रेड-सेपरेटेड इंटरचेंज और सैकड़ों अंडरपास और कल्वर्ट बनाए जा रहे हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

क्या है इस एक्सप्रेसवे का रूट?

दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे दरअसल दो अलग-अलग रास्ते हैं, जिसका एक बड़ा हिस्सा साझा होगा. दिल्ली से पंजाब के नकोदर तक एक ही रास्ता (NE-5) है. करीब 397 किलोमीटर के इस हिस्से पर दिल्ली के बहादुरगढ़ से शुरू होकर हरियाणा और पंजाब के संगरूर-पटियाला होते हुए नकोदर तक सभी वाहन एक ही एक्सप्रेसवे पर चलते हैं. नकोदर से यह एक्सप्रेसवे दो अलग-अलग रास्तों में बंट जाता है. 

  • नकोदर से अमृतसर रूट (NE-5A): यह ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे होगा, जिसकी दूरी करीब 100 किमी है. यह पंजाब के नकोदर से अलग होकर यह खडूर साहिब और तरनतारन होते हुए अमृतसर तक जाता है.
  • नकोदर से कटरा रूट (NE-5B): यह मुख्य एक्सप्रेसवे है. नकोदर से यह जालंधर, गुरदासपुर, पठानकोट, जम्मू से होते हुए सीधे कटरा तक जाता है. इसकी दूरी करीब 275 किलोमीटर होगी.

यह भी पढ़ें:  नोएडा में नए फ्लाईओवर का ऐलान, 148 से 153 तक हाईस्पीड कनेक्टिविटी, ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे में ट्रैफिक जाम घटेगा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Katra Expressway, Delhi Katra High Speed Expressway, Delhi Katra Highway, Delhi Katra Srinagar Expressway, NHAI
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com