देश में कोरोना वायरस (Coronavirus) के मामले बढ़ते जा रहे हैं. देश में पिछले 24 घंटों के दौरान 2,86,384 नए कोरोना के मामले सामने आए हैं. देश में संक्रमण के कुल मामलों की तादाद 4 करोड़ के पार जा चुकी है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि बीते 24 घंटे के दौरान 573 मरीजों की मौत हुई है जबकि अब तक कुल 4,91,700 लोग कोरोना के चलते जान गंवा चुके हैं. देश में एक्टिव केस 22,02,472 हैं. पिछले 24 घंटों के दौरान 3,06,357 मरीज ठीक हुए हैं. वहीं, अब तक 3,76,77,328 लोग संक्रमण को मात देने में कामयाब रहे हैं. रिकवरी रेट 93.33 प्रतिशत है. दैनिक संक्रमण दर यानी डेली पॉजिटिविटी रेट 19.59 फीसदी है जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 17.75 प्रतिशत है. वहीं दिल्ली में कोरोना वायरस (Coronavirus) के मामलों में लगातार कमी को देखते हुए पाबंदियों में रियायत देने का फैसला किया गया है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू (Weekend Curfew) हटाया जाएगा, लेकिन नाइट कर्फ्यू जारी रहेगा. .
हरियाणा सरकार ने राज्य में कोविड-19 संबंधी पाबंदियों को 10 फरवरी तक बढ़ाने की घोषणा की है. राज्य में हालांकि मॉल और बाजारों को शाम सात बजे तक खोलने की इजाजत दे दी गयी है. हरियाणा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एचएसडीएमए) ने बुधवार को एक आदेश जारी कर यह जानकारी दी. पांच जनवरी को राज्य के सभी जिलों में पाबंदियां लगाईं गयी थीं. इसके बाद एचएसडीएमए ने 10,13 और 18 जनवरी को भी आदेश जारी कर पाबंदियां बढ़ाने की घोषणा की थी. इन सभी पाबंदियों को 10 फरवरी तक के लिए बढ़ा दिया गया है.