उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा बदलाव करते हुए कांग्रेस ने राजेंद्र पाल गौतम को यूपी कांग्रेस का नया प्रभारी नियुक्त किया है. उन्हें अविनाश पांडे की जगह नियुक्त किया गया है. दलित समाज से आने वाले राजेंद्र पाल गौतम कांग्रेस में शामिल होने से पहले अरविंद केजरीवाल की सरकार में मंत्री रह चुके हैं. यूपी के अलावा कांग्रेस ने संजय दत्त को हरियाणा और लालजी देसाई को ओड़िशा का प्रभारी बनाया है. वहीं युवा नेता श्रीनिवास बीवी को कांग्रेस सेवा दल की कमान सौंपी गई है.
महज दो साल पहले कांग्रेस में शामिल हुए गौतम को राहुल गांधी बेहद पसंद करते हैं. साल भर पहले उन्हें कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग का प्रमुख बनाया गया था. अब यूपी चुनाव में दलित वोटरों को साधने के लिए राहुल गांधी ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है.
गौतम को क्यों दी यूपी की जिम्मेदारी?
सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी को लगता है कि गौतम यूपी में कमजोर हो रही मायावती की सियासी जमीन पर कांग्रेस को मजबूत कर सकते हैं. इसी रणनीति के तहत राजेंद्र पाल गौतम मायावती के प्रति काफी उदार बयान देते हैं. इसके अलावा राहुल गांधी दलित राजनीति में कांशीराम की विरासत को कांग्रेस के पाले में लाने की कवायद भी कर रहे हैं.
हाल में राजेंद्र पाल गौतम ने लखनऊ में मायावती के आवास पर अचानक पहुंच कर उनसे मिलने की नाकाम कोशिश की थी. माना गया कि इसके ज़रिए कांग्रेस बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन की कोशिश कर रही है. इस बात से समाजवादी पार्टी असहज हो गई थी.
यूपी में कांग्रेस का समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन है. नए प्रभारी की नियुक्ति के बाद अब कांग्रेस समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे पर चर्चा शुरू करेगी. अगड़ी जाति से आने वाले अजय राय यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष हैं. समाजवादी पार्टी के पिछड़े और अल्पसंख्यक वोट बैंक के साथ कांग्रेस अगड़ा-दलित समीकरण बनाने की कोशिश कर रही है.
Hon'ble Congress President Shri @kharge has appointed the following party functionaries as AICC In-charges of the following states, with immediate effect. pic.twitter.com/JgsIDTl4Li
— Congress (@INCIndia) June 26, 2026
इसके अलावा यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी को कांग्रेस सेवा दल का प्रमुख नियुक्त किया गया है.
इन नेताओं को भी मिली नई जिम्मेदारी
इसके अलावा हाल ही में कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नियुक्त हुए बीके हरिप्रसाद को हरियाणा प्रभारी की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया. हरिप्रसाद के स्थान पर हरियाणा के प्रभारी बनाए गए संजय दत्त अब तक पार्टी के राष्ट्रीय सचिव की भूमिका निभा रहे थे. अजय कुमार लल्लू को ओडिशा प्रभारी की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है. श्रीनिवास को लालजी देसाई के स्थान पर सेवा दल का प्रमुख बनाया गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं