उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को समाजवादी पार्टी का नाम लिए बिना उस पर हमला बोला.उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने पहचान का संकट खड़ा किया, नौजवानों के नौकरी पर डकैती डाली, दलितों को योजनाओं से वंचित किया था, पिछड़ों के हक पर डकैती डाला था, आज वो नए-नए रूप और स्वरूप में नए नारे के साथ गिरगिट की तरह रंग बदलते दिखाई दे रहे हैं.
सीएम योगी ने की युवाओं से अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन गिरगिटों से सावधान रहने की आवश्यकता है, क्योंकि ये नए शिगूफे छोड़कर पहले की तरह के अराजकता की ओर धकेलने की साजिश रचेंगे! इनके लिए विकास के मायने केवल सैफई का विकास था, प्रदेश के बाकी 57 हजार 700 गांवों और अन्य जनपदों से इनको कोई मतलब नहीं था.
गरीब को योजना का लाभ मिले, जिन गरीबों के घर मे शौचालय बने, जिन 16 करोड़ परिवारों को फ्री में राशन, फ्री में उज्ज्वला योजना का लाभ मिला! ये 2017 के पहले एक कल्पना थी.उन्होंने कहा कि भारत सरकार पैसा देना चाहती थी, इन्होंने लागू नही होने दिया, इन्होंने कहा हम नही देंगे, देंगे तो सिर्फ सपा कैडर को देंगे! योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हम सत्ता में रहकर चुनाव पार्टी आधार पर लड़ते हैं, लेकिन जब सत्ता में आते हैं, तो बिना भेदभाव के हर गरीब को योजना का लाभ देते हैं.
उत्तर प्रदेश में अगले साल के शुरू में विधानसभा के चुनाव होने हैं. इससे पहले वहां की राजनीति गरमा गई है. सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी और मुख्य विपक्षी पार्टी सपा के नेता एक दूसरे पर हमलावर हैं. आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश की राजनीतिक सरगर्मियां और बढ़ने और बयानबाजी तेज होने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: ''शरीर पर चोट थी, होठ सूजे हुए और हाथ बांधे गए थे, मेरी बेटी से गैंगरेप हुआ''-पिता ने मांगा हिमंता से इंसाफ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं