अयोध्या के दर्शननगर स्थित राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में एक छात्र के पास से कथित रूप से बम बनाने से संबंधित जानकारी वाली पर्ची मिलने के बाद कॉलेज प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और अन्य जांच एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है. छात्र से लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि पर्ची उसके पास कैसे पहुंची और उसका उद्देश्य क्या था.
पैरामेडिकल प्रथम वर्ष का छात्र जांच के घेरे में
जानकारी के अनुसार जांच के दायरे में आया छात्र पैरामेडिकल प्रथम वर्ष का विद्यार्थी है और मूल रूप से बलरामपुर जिले का रहने वाला बताया जा रहा है. उसने इसी वर्ष मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लिया है. बीती रात उसकी ड्यूटी कॉलेज की लैब में लगी हुई थी. इसी दौरान उसके पास से एक पर्ची मिलने की बात सामने आई, जिसमें कथित तौर पर विस्फोटक सामग्री और बम की संरचना से संबंधित विवरण लिखा हुआ था.

बम बनाने कि पर्ची
प्रशासन ने तुरंत पुलिस को दी सूचना
पर्ची मिलने की सूचना के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने तत्काल पुलिस को जानकारी दी. इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छात्र को अपने साथ लेकर पूछताछ शुरू की. पहले उसे दर्शननगर चौकी ले जाया गया और बाद में कोतवाली अयोध्या में सुरक्षा एजेंसियों की मौजूदगी में उससे पूछताछ की गई.
खुफिया एजेंसियां भी जुटीं
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए खुफिया एजेंसियों को भी जांच में शामिल किया गया है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि बरामद सामग्री केवल अध्ययन या नोट्स का हिस्सा थी अथवा इसके पीछे कोई अन्य उद्देश्य था. फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.
जांच पूरी होने के बाद ही होगी स्थिति स्पष्ट
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लिया जा रहा है. कॉलेज प्रशासन भी जांच एजेंसियों को हर संभव सहयोग दे रहा है.
यह भी पढ़ें- 'गोवा आर्किटेक्चर एंड सस्टेनेबिलिटी' विषय पर कॉन्फ्रेंस, CM सावंत ने किया उद्घाटन; इन मुद्दों पर हुआ मंथन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं