- भूपेंद्र यादव ने बताया कि नीट री-एग्जाम से पहले टेलीग्राम पर रोक विशेषज्ञों की सलाह से उठाया गया कदम है.
- सरकार का उद्देश्य छात्रों के हित, भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखना है.
- गूगल ने टेलीग्राम ऐप को प्ले स्टोर से हटा दिया है और एप्पल भी जल्द ऐसा करने वाला है.
नीट री-एग्जाम से पहले टेलीग्राम पर अस्थायी रोक लगाने के फैसले को लेकर केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि सरकार द्वारा उठाए जा रहे सभी कदम विशेषज्ञों और तकनीकी जानकारों की सलाह के आधार पर लिए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि इन फैसलों का उद्देश्य छात्रों के हित और उनके भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है. साथ ही उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री इस पूरे मामले को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संभाल रहे हैं. टेलीग्राम पर रोक के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सावधानी बरतना जरूरी है.
गूगल ने संदेश ऐप टेलीग्राम को प्ले स्टोर से हटा दिया और सरकार के आदेश का पालन करते हुए एप्पल भी जल्द ऐसा कर सकती है. सरकार ने आगामी नीट परीक्षा में पेपर लीक की आशंका को रोकने के लिए गूगल और एप्पल को टेलीग्राम ऐप को अस्थायी रूप से ऐप स्टोर से हटाने का आदेश दिया है.
#NDTVExclusive | NEET री-एग्जाम तक भारत में टेलीग्राम पर रोक पर केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव का बयान, कहा- 'सावधानी बरतनी चाहिए'#BhupenderYadav #BJP @vikasbha @byadavbjp pic.twitter.com/W54BwyN9CK
— NDTV India (@ndtvindia) June 16, 2026
गूगल प्ले स्टोर पर ऐप उपलब्ध नहीं
एक सूत्र ने नाम न बताने की शर्त पर कहा, ‘‘ सरकार ने गूगल और एप्पल से ऐप को अस्थायी रूप से हटाने को कहा है. गूगल ने इसे हटा दिया है, एप्पल भी ऐसा करेगी.'' जांच के दौरान गूगल प्ले स्टोर पर यह संदेश दिखाई दिया कि ऐप उपलब्ध नहीं है. इस मामले में गूगल, एप्पल और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय से पूछे गए सवालों पर कोई तत्काल प्रतिक्रिया नहीं मिली.

राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) की सिफारिशों पर कार्रवाई करते हुए इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69ए के तहत आदेश जारी किया है. इसके तहत भारत में टेलीग्राम मंच की पहुंच को एक निर्धारित और सीमित अवधि तक (22 जून, 2026 तक) प्रतिबंधित किया गया है.
यह अवधि नीट (स्नातक) 2026 पुनर्परीक्षा के दिन और उसके तुरंत बाद तक लागू रहेगी. एक अलग आदेश में टेलीग्राम को 30 जून तक पहले से भेजे गए संदेशों के लिए संदेश संपादन सुविधा को भारत में निष्क्रिय करने को कहा गया है, ताकि राष्ट्रीय परीक्षाओं से जुड़े कथित ‘‘पेपर लीक'' के बाद बनाए गए साक्ष्यों के दुरुपयोग को रोका जा सके.
ये भी पढ़ें : PM मोदी ने फ्रांस में G7 शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से की मुलाकात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं