- बंगाल चुनाव के बाद कोलकाता में जश्न के दौरान जेसीबी से तोड़फोड़ करने वाले चार लोग गिरफ्तार किए गए हैं.
- न्यू मार्केट इलाके में भीड़ ने तृणमूल कांग्रेस कार्यालय और दुकानों को बुलडोजर से नुकसान पहुंचाया था.
- चुनाव परिणामों के बाद राज्य के कई हिस्सों में हिंसा, तोड़फोड़ और मारपीट की घटनाएं देखने को मिली हैं.
कोलकाता में जीत का जश्न मनाना कुछ लोगों को भारी पड़ गया. जेसीबी मशीन लेकर सड़कों पर जश्न मनाने के दौरान हुई कथित तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है. न्यू मार्केट इलाके में भीड़ अचानक बुलडोजर लेकर पहुंच गई थी और टीएमसी कार्यालय पर हमला कर दिया था.
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे पिछले सोमवार को घोषित किए गए थे, जिसमें भारतीय जनता पार्टी ने पहली बार भारी बहुमत हासिल किया और 15 वर्षों से सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस सरकार का अंत हुआ. नतीजों के बाद राज्य के कई हिस्सों में छिटपुट हिंसा, तोड़फोड़ और मारपीट की घटनाएं सामने आई हैं. कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में एक जेसीबी के जरिए तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय और कुछ दुकानों को नुकसान पहुंचाया गया. इन घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने कड़ा संदेश देते हुए सख्त कदम उठाने की चेतावनी दी है.
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के बाद छिटपुट हिंसा की घटनाओं की खबरों के बीच कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय कुमार नंद ने बुधवार को चेतावनी दी कि कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि उपद्रवियों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है और अब तक कोलकाता पुलिस क्षेत्राधिकार में 80 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है.
नंद ने कहा कि गिरफ्तार किए गए 80 लोगों में से 65 को विशिष्ट मामलों में हिरासत में लिया गया है, जबकि 15 अन्य को एहतियाती तौर पर पकड़ा गया है. पुलिस आयुक्त ने कहा, ‘‘जो भी व्यक्ति डर या आतंक का माहौल बनाने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.''
नंद ने यहां पुलिस मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि किसी को भी किसी तरह की हिंसा या कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने वाले कृत्यों में शामिल नहीं होना चाहिए. उन्होंने कहा, ‘‘कुछ घटनाएं हुई हैं, लेकिन स्थिति कुल मिलाकर शांतिपूर्ण है.'' उन्होंने यह भी बताया कि छापेमारी के दौरान कई हथियार भी बरामद किए गए हैं.
ये भी पढे़ं : कोलकाता के न्यू मार्केट में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने बुलडोजर लेकर निकाली विजय यात्रा, लगे तोड़फोड़ के आरोप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं