असम की राजनीति में कल बड़ा दिन है. मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में NDA सरकार के कैबिनेट विस्तार के तहत कल (5 जून 2026) 12 विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे. इसमें नए चेहरों के साथ अनुभवी नेताओं को भी जगह दी गई है.
हिमंता का ऐलान, 12:45 बजे शपथ
सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि 5 जून 2026 को दोपहर 12:45 बजे 12 मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी. यह असम सरकार के तीसरे कार्यकाल का बड़ा कैबिनेट विस्तार है.
I am pleased to announce that the following Hon'ble Members of the Assam Legislative Assembly will be sworn in as Cabinet Ministers in the Government of Assam on 5 June 2026 at 12:45 PM:
— Himanta Biswa Sarma (@himantabiswa) June 4, 2026
1. Sri Ashwini Ray Sarkar
2. Sri Ashok Singhal
3. Sri Bimal Borah
4. Sri Biswajit Daimary
5.…
इन 12 विधायकों को मिलेगा मंत्री पद
शपथ लेने वाले नेताओं में शामिल हैं:
- अश्विनी राय सरकार
- अशोक सिंघल
- बिमल बोरा
- बिस्वजीत दैमारी
- जयंत मल्लाबरुआह
- कौशिक राय
- केशब महंता
- कृष्णेंदु पॉल
- नीलिमा देवी
- पीयूष हजारिका
- डॉ. रणोज पेगू
- सुशांत बोर्गोहैन
नए चेहरों को मौका, अनुभवी बरकरार
इस कैबिनेट में बीजेपी ने साफ संकेत दिया है कि वह नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने के साथ-साथ अनुभवी चेहरों पर भी भरोसा बनाए रखना चाहती है. अश्विनी राय सरकार जैसे नेता पहली बार मंत्री बनेंगे, वहीं अशोक सिंघल, बिमल बोरा और केशब महंता जैसे वरिष्ठ नेताओं को फिर मौका दिया गया है.

इन विधायकों को बनाया जाएगा मंत्री.
अश्विनी राय सरकार: पहली बार मंत्री बनने जा रहे
गोलकगंज सीट से 2026 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने वाले अश्विनी राय सरकार को पहली बार मंत्री बनने का मौका मिल रहा है. बीजेपी के नेता अश्विनी राय सरकार को पार्टी ने नई पीढ़ी के प्रतिनिधि के तौर पर आगे बढ़ाया है और कैबिनेट में शामिल कर राजनीतिक संतुलन साधने की कोशिश की है.
अशोक सिंघल: अनुभवी चेहरा बरकरार
ढेकियाजुली से विधायक अशोक सिंघल को कैबिनेट में बरकरार रखा गया है. वो पहली बार 2016 में विधायक बने. फिर 2021 और 2026 में दोबारा जीत हासिल की. स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सिंचाई जैसे अहम विभाग संभाल चुके हैं. 29 दिसंबर 1968 को गुवाहाटी में जन्मे सिंघल दिसंबर 2024 में असम के स्वास्थ्य मंत्री भी बनाए गए थे. सरकार ने उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें फिर से मंत्री पद पर बनाए रखने का फैसला किया है.
बिमल बोरा: लगातार तीसरी बार मंत्री की भूमिका
टिंकहोंग सीट से जीतने वाले बिमल बोरा भी सरकार के अहम चेहरों में शामिल हैं. 2016, 2021 और 2026 तीनों चुनाव जीते हैं. वे 2021 में मंत्री बने थे. सांस्कृतिक मामलों, ऊर्जा, पर्यटन, खेल एवं युवा कल्याण और उद्योग जैसे विभाग संभाल चुके हैं. बोरा को भी कैबिनेट में जारी रखा गया है, जिससे सरकार के भीतर निरंतरता बनी रहे.
संतुलन साधने की कोशिश
मंत्रियों की इस सूची में क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश भी दिख रही है. अलग-अलग इलाकों और समुदायों को प्रतिनिधित्व देकर बीजेपी ने आने वाले राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखा है.
तीसरे कार्यकाल का पहला कैबिनेट विस्तार
NDA सरकार पहले ही लगातार तीसरी बार सत्ता में लौट चुकी है. ऐसे में यह कैबिनेट विस्तार सरकार के अगले पांच साल की दिशा तय करेगा. जहां विकास, प्रशासन और राजनीतिक संतुलन पर फोकस रहेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं