विज्ञापन
20 days ago

BRICS Summit 2026 LIVE: दिल्ली में भारत की मेजबानी 18वें BRICS समिट की शुरुआत हो गई है. पीएम मोदी ने बैठक के बाद संबोधन दिया. जिसमें पीएम ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "BRICS नई दिल्ली डिक्लेरेशन 2026 का ड्राफ्ट हमारे सामने है. इसमें हमारी बातचीत का निचोड़ है और मुख्य ग्लोबल और रीजनल मुद्दों पर हमारे नजरिए को दिखाता है. इसमें BRICS सहयोग को और मजबूत करने के लिए जरूरी बातें भी बताई गई हैं. अगर किसी सदस्य को कोई आपत्ति नहीं है, तो मेरा प्रस्ताव है कि हम डिक्लेरेशन को अपना लें. किसी भी सदस्य ने कोई आपत्ति नहीं उठाई है. नई दिल्ली डिक्लेरेशन 2026 को एकमत से अपनाया गया है."इसी के साथ 12 सितंबर का आयोजन समाप्त हो गया.

इससे पहले पीएम मोदी ने सभी नेताओं का स्वागत किया है. नई दिल्ली के भारत मंडपम में ब्रिक्स देशों के राष्ट्राध्यक्ष जुटे हैं. 12 और 13 सितंबर को यह आयोजन होगा. चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग आयोजन में भाग लेने के लिए आज भारत पहुंचे हैं. जबकि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी कल भारत आ गए थे. ब्रिक्स समिट में आज पीएम मोदी, शी जिनपिंग और व्लादिमीर पुतिन एक साथ नजर आएंगे. खास बात यह है कि BRICS समिट को लेकर संयुक्त बयान भी जारी किया जाएगा. 

18th BRICS Summit 2026: Live Updates from Bharat Mandapam, New Delhi

BRICS Summit 2026 LIVE: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ब्रिक्स समिट में हिस्सा लेने के लिए भारत पहुंच चुके हैं. जिनपिंग 7 साल बाद भारत की यात्रा पर आए हैं. इससे पहले 2019 में उन्होंने भारत की यात्रा की थी. शी जिनपिंग और पीएम मोदी की शाम को मुलाकात भी होगी. 

ये भी पढ़ेंः गुफा में रहते थे, पेट भरने के लिए खेतों में करते थे मजदूरी, शी जिनपिंग की ये कहानी हैरान करती है

 18th BRICS Summit 2026: Live Updates from Bharat Mandapam, New Delhi

ये भी पढ़ेंः BRICS Summit: पुतिन, जिनपिंग, पेजेश्कियान... कब किससे मिलेंगे मोदी और मुर्मू, कहां देखें LIVE? पूरा शेड्यूल

ब्रिक्स में मेहमानों के लिए हुआ खास डिनर का इंतजाम

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए भारत आए नेताओं के रात के डिनर में कई तरह के डिश का इंतजाम किया गया है. यानी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और शी जिनपिंग के लिए भी डिनर परोसा जाएगा और उन्हें रात के खाने में भारत और दुनियाभर के लजीज पकवान परोसा जाएगा. इस डिनर में भारत के पारंपरिक स्वाद और दुनिया के लोकप्रिय व्यंजनों का अनोखा मेल परोसा जाएगा.

 

BRICS समिट में 50 मिनट चली मोदी-शी जिनपिंग वार्ता, कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा

BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक संपन्न हो गई. दोनों नेताओं के बीच करीब 50 मिनट तक बातचीत हुई और कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई.
 

अब तक हमारी 21 बार मुलाकात हो चुकी है: शी जिनपिंग

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कहा, "भारत और चीन के बीच कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति बनी है. अब तक हमारी 21 बार मुलाकात हो चुकी है.
 

भारत में आपका हार्दिक स्वागत है: शी जिनपिंग से बोले पीएम मोदी

भारत में BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए आपका धन्यवाद. भारत और चीन के बीच सहयोग के लिए भी मैं आपका आभार व्यक्त करता हूं. हमें द्विपक्षीय वार्ता का यह महत्वपूर्ण अवसर मिला है, एक बार फिर मैं भारत में आपका हार्दिक स्वागत करता हूं."
 

BRICS समिट में 13 सितंबर को पीएम मोदी करेंगे 7 देशों के नेताओं से मुलाकात

BRICS शिखर सम्मेलन के दूसरे दिन 13 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का व्यस्त कूटनीतिक कार्यक्रम रहेगा. भारत मंडपम में पीएम मोदी सात देशों के शीर्ष नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे. सबसे पहले वह दोपहर 2:30 बजे कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव से मुलाकात करेंगे.

इसके बाद 3 बजे फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर और 3:30 बजे मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी से बैठक होगी. शाम 4:10 बजे दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा से बातचीत होगी. इसके बाद 4:40 बजे बुरुंडी के राष्ट्रपति एवरिस्ट नदायिशिमिये से मुलाकात तय है.

शाम 5:10 बजे नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति काशिम शेट्टिमा और 5:40 बजे युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो से पीएम मोदी की बैठक होगी. इन मुलाकातों में व्यापार, निवेश, ऊर्जा, तकनीक और वैश्विक सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है.
 

नई दिल्ली डिक्लेरेशन को मिली मंजूरी, शाम 6:30 बजे विदेश मंत्रालय करेगा अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस

BRICS शिखर सम्मेलन में नई दिल्ली डिक्लेरेशन को मंजूरी मिलने के बाद विदेश मंत्रालय शाम 6:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा. इसमें डिक्लेरेशन के प्रमुख फैसलों और आगे की रणनीति की जानकारी दी जाएगी.
 

आतंकवाद के खिलाफ अब चीन भी भारत के साथ, नई दिल्ली डिक्लेरेशन में पहलगाम हमले की निंदा

नई दिल्ली में आयोजित BRICS शिखर सम्मेलन में सदस्य देशों ने अपनाई गई नई दिल्ली घोषणा 2026 के जरिए वैश्विक शासन, पश्चिम एशिया, व्यापार, तकनीक और वित्तीय सहयोग से जुड़े कई अहम मुद्दों पर साझा रुख पेश किया.  घोषणा पत्र में ग्लोबल साउथ की आवाज को अंतरराष्ट्रीय निर्णय प्रक्रिया में अधिक महत्व देने की मांग की गई और संयुक्त राष्ट्र के शीर्ष नेतृत्व में भौगोलिक संतुलन और व्यापक प्रतिनिधित्व पर जोर दिया गया.BRICS देशों ने यह भी माना कि संयुक्त राष्ट्र के इतिहास में अब तक कोई महिला महासचिव नहीं बनी है. समूह ने बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था का समर्थन करते हुए कहा कि ग्लोबल साउथ आने वाले समय में सकारात्मक वैश्विक बदलाव का प्रमुख कारक बन सकता है. इसके साथ ही नस्लवाद, घृणा फैलाने वाली भाषा, भ्रामक सूचनाओं और दुष्प्रचार की कड़ी निंदा की गई.
 

फैसलों और नतीजों के बीच की दूरी मिलकर काम करके मिटानी होगी: पीएम मोदी

पीएम बोले, "फैसलों और उनके नतीजों के बीच के गैप को पार्टनरशिप और मिलकर काम करके पाटा जाना चाहिए. आज अपनाया गया नई दिल्ली डिक्लेरेशन हमारे साझा इरादे के लिए एक साफ दिशा देता है. अब इन इरादों को ठोस नतीजों में बदलना हमारी जिम्मेदारी है. मैं BRICS चेयर के तौर पर आपके कीमती योगदान, कंस्ट्रक्टिव भावना और कमिटमेंट के लिए आप सभी का दिल से शुक्रिया अदा करता हूं."

भविष्य की तकनीक के विकास में ग्लोबल साउथ की बराबर भागीदारी हो: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा, "हमारे अलग-अलग विचारों के साथ-साथ, BRICS में सहयोग के लिए हमारा साझा कमिटमेंट भी साफ तौर पर सामने आया है. आज की चर्चा से यह साफ हो गया है कि बदलती दुनिया को पुराने इंस्टीट्यूशन नहीं चला सकते; रिप्रेजेंटेशन, रिस्पॉन्सिवनेस और नियम बनाने में सुधार जरूरी हैं. हमने इस बात पर भी जोर दिया कि ग्लोबल साउथ को भविष्य की टेक्नोलॉजी और उन्हें कंट्रोल करने वाले नियमों के डेवलपमेंट में बराबर की हिस्सेदारी मिलनी चाहिए. 
 

BRICS देशों ने एकमत से अपनाया नई दिल्ली डिक्लेरेशन 2026: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "BRICS नई दिल्ली डिक्लेरेशन 2026 का ड्राफ्ट हमारे सामने है. इसमें हमारी बातचीत का निचोड़ है और मुख्य ग्लोबल और रीजनल मुद्दों पर हमारे नजरिए को दिखाता है. इसमें BRICS सहयोग को और मजबूत करने के लिए जरूरी बातें भी बताई गई हैं. अगर किसी सदस्य को कोई आपत्ति नहीं है, तो मेरा प्रस्ताव है कि हम डिक्लेरेशन को अपना लें. किसी भी सदस्य ने कोई आपत्ति नहीं उठाई है. नई दिल्ली डिक्लेरेशन 2026 को एकमत से अपनाया गया है."

ब्रिक्स समिट में मोदी, पुतिन और शी जिनपिंग के हाथ मिलाने की तस्वीर चर्चा में

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच हाथ मिलाने की तस्वीर सामने आई है. यह तस्वीर अब चर्चा का विषय बन गई है.

 

पीएम मोदी ने 11 मिनट 30 मिनट तक दिया भाषण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन के साथ ब्रिक्स समिट की शुरुआत की है. उन्होंने 11 मिनट 30 सेकंड का भाषण दिया है. जिसमें पीएम मोदी ने कई प्रमुख बातें कही है. उन्होंने कहा कि हमें 20 साल के एजेंडा पर काम करना होगा. 

हम सबको साथ लेकर चलते हैं: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा 'इस साल का ब्रिक्स समिट एक ऐतिहासिक पड़ाव है. हम ब्रिक्स की 20वीं वर्षगांठ बना रहे हैं. मानव जीवन में 20 वर्ष की आयु मैच्योरिटी और रिस्पॉन्सिबिलिटी के नए चरण का आरंभ करती है. यह वो अवस्था होती है जब सपनों के साथ जिम्मेदारियां जुड़ती हैं. सामर्थ्य को नई दिशा मिलती है. आज ब्रिक्स भी अपने 'कमिंग ऑफ एज' के क्षण में है. पिछले 20 वर्षों में ब्रिक्स ने वैश्विक मंच पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है. हम एक-दूसरे के दर्शकों का सम्मान करते हैं और कर्तव्यनिष्ठ से आगे बढ़ते हैं. हम किसी के विरुद्ध नहीं बल्कि सभी को साथ लेकर चलने की सोच के साथ आगे बढ़ने का प्रयास करते हैं. अब समय है कि हम ब्रिक्स में हमारी एकता और सहमति को  वैश्विक मंच पर ठोस परिणामों में बदलें.

अगले 20 सालों के लक्ष्य पर काम करने की जरूरत

पीएम मोदी ने BRICS समिट 2026 के दौरान कहा 'हमें अगले 20 सालों के लिए एक नए और बड़े लक्ष्य वाले एजेंडे पर काम करने की जरूरत है. हमें इस प्रक्रिया की शुरुआत अपनी अंदरूनी कार्य-प्रणालियों से करनी चाहिए. भले ही BRICS की अध्यक्षता हर साल बदलती रहती है, लेकिन इससे हमारे संस्थागत कामकाज की गति पर असर नहीं पड़ना चाहिए. मेरा प्रस्ताव है कि BRICS के कामों में निरंतरता बनाए रखने और उन्हें लागू करने के लिए एक व्यवस्था (मैकेनिज्म) बनाई जाए. इससे ट्रोइका व्यवस्था के ज़रिए सभी पहलों और नतीजों पर आगे की कार्रवाई करना संभव हो सकेगा. हम हर फैसले से जुड़े नोडल पॉइंट, समय-सीमा और उसे लागू करने की स्थिति का रिकॉर्ड रखने के लिए एक सुरक्षित डिजिटल रिपॉज़िटरी भी बना सकते हैं.

पीएम मोदी बोले-BRICS ने दुनिया में अपनी पहचान बढ़ाई है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आधिकारिक तौर पर ब्रिक्स समिट 2026 की शुरुआत कर दी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का BRICS समिट में संबोधन शुरू हो चुका है. उन्होंने आयोजन के लिए भारत पहुंचे सभी नेताओं का स्वागत किया और आयोजन को सफल बनाने के लिए अभिवादन जताया. पीएम मोदी ने कहा कि यह समिट मानवता के लिए बेहद अहम है. इससे हमें ग्लोबल गर्वनेंस की दिशा भी तय करनी है. हमें सबकों साथ लेकर चलना होगा. BRICS समिट एक ऐतिहासिक पड़ाव है. 

पीएम मोदी ने भारत मंडपम में शी जिनपिंग का किया स्वागत

BRICS समिट 2026 में शामिल होने के लिए अलग-अलग देशों के राष्ट्राध्यक्षों का दिल्ली के भारत मंडपम में पहुंचना जारी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभी नेताओं का खुद स्वागत कर रहे हैं. ग्लोबल लीडर्स यहां पहले ही पहुंच चुके हैं. चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी भारत मंडपम में पहुंच चुके हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका स्वागत किया. दोनों नेता गर्मजोशी से एक दूसरे से मिले.

पीएम मोदी भारत मंडपम पहुंच चुके हैं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत मंडपम पहुंच चुके हैं. उनके साथ विदेश मंत्री एस जयशंकर भी मौजूद है. पीएम मोदी पहला संबोधन देंगे. कुछ देर में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी भारत मंडपम पहुंचेंगे. 

BRICS का साझा बयान 4 बजे आएगा

ब्रिक्स समिट पर शाम को सभी देशों का साझा बयान 4 बजे आएगा. यह भारत के लिए बड़ी कूटनीतिक जीत मानी जा रही है. इसे ब्रिक्स समिट के आयोजन को लेकर भारत की बड़ी सफलता भी माना जा रहा है. बताया जा रहा है कि इस साझा बयान में आतंकवाद की कड़ी निंदा की जाएगी. इसके अलावा ग्लोबल साऊथ देशों की प्राथमिकताओं को ऊपर रखा जाएगा. 

वियतनाम के पीएम से मिले पीएम मोदी

दिल्ली में ब्रिक्स समिट 2026 के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के हैदराबाद हाउस में वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हुंग से मुलाकात की है. दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई है. जहां निवेश, रक्षा, व्यापार, कनेक्टिविटी समेत अन्य कई मु्द्दों पर चर्चा हुई है. 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ईरानी राष्ट्रपति से की मुलाकात

ब्रिक्स समिट के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान से मुलाकात की है. दोनों नेताओं के बीच कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई है. ईरानी राष्ट्रपति कल दिल्ली पहुंचे थे. वह पीएम मोदी से भी मुलाकात करेंगे. 

जितिन प्रसाद ने किया शी जिनपिंग का स्वागत

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का स्वागत केंद्रीय मंत्री जतिन प्रसाद ने किया है. शी जिनपिंग के साथ 400 लोगों का बड़ा डेलिगेशन आया है. जिसमें उनकी कैबिनेट के कई सीनियर मंत्री भी शामिल हैं. चायना के राष्ट्रपति दिल्ली के ताज होटल में ठहरेंगे. शी जिनपिंग की भारत यात्रा दोनों राज्यों के लिहाज से अहम मानी जा रही है. 

जतिन प्रसाद करेंगे शी जिनपिंग का स्वागत

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग दिल्ली आ चुके हैं. शी जिनपिंग के साथ चायना से एक बड़ा डेलिगेशन आया है. दिल्ली में पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया जाएगा. केंद्रीय राज्यमंत्री जतिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया. दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर वह विमान से बाहर आए और हाथ हिलाकर सभी का स्वागत किया. 

BRICS के लिए दिल्ली पहुंचे शी जिनपिंग

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ब्रिक्स समिट 2026 में शामिल होने के लिए भारत पहुंच चुके हैं. जिनपिंग करीब 7 साल बाद भारत की यात्रा पर हैं. इससे पहले वह 2019 में भारत की यात्रा पर आए थे. शी जिनपिंग और पीएम मोदी की आज शाम को 5 बजकर 45 मिनट पर द्विपक्षीय मुलाकात भी होगी. जिसमें दोनों देशों के बीच कई अहम मुद्दों पर बातचीत होगी. इसके अलावा ब्रिक्स समिट के दौरान करीब 10 साल बाद पीएम मोदी, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग एक साथ नजर आएंगे.

ब्रिक्स समिट में शामिल होंगे बीजेपी शासित राज्यों के सीएम

ब्रिक्स समिट में बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे. बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री आज शाम 7 बजकर 30 मिनट पर ब्रिक्स समिट 2026 के गाला डिनर में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच रहे हैं. जिन राज्यों के सीएम आ रहे हैं. उनमें

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सांवत 

अबू धाबी के क्राउन प्रिंस से मिले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में ब्रिक्स समिट 2026 के दौरान अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ द्विपक्षीय बैठक की है. दोनों के बीच मुलाकात अहम मानी जा रही है.

इथियोपिया के पीएम से मिले पीएम मोदी

पीएम मोदी ने आज दिल्ली में इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबिय अहमद के साथ द्विपक्षीय बैठक की है. दोनों नेताओं को बीच कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई है. इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबिय अहमद ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 में भाग लेने पहुंचे हैं.

कुछ देर में भारत पहुंचेंगे चीन के राष्ट्रपति

चीन के राष्ट्रपति कुछ देर में भारत पहुंचने वाले हैं. वह सुबह बीजिंग से निकल चुके हैं. दोपहर में 12 बजकर 30 मिनट के आसपास उनका प्लैन दिल्ली में लैंड करने वाला है. दिल्ली एयरपोर्ट पर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. इसके अलावा ब्रिक्स से जुड़े कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष भी यहां पहुंच चुके हैं. 

PM मोदी इन नेताओं से भी करेंगे मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अलग-अलग देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे. वह इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली से पीएम मोदी सुबह 10 बजे हैदराबाद हाउस में मुलाकात करेंगे. सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मुलाकात होगी. इसके बाद सुबह 11 बजे अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद से भी पीएम मोदी की मुलाकात निर्धारित है. जबकि सुबह 11 बजकर 30 मिनट पर वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग से भी पीएम मोदी मिलेंगे. इसके बाद शाम को पीएम मोदी की चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से भी मुलाकात निर्धारित है. 

दिल्ली में 700 सीसीटीवी से निगरानी

दिल्ली में ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है. 700 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों से सीधी निगरानी रखी जा रही है. राजधानी में की प्रमुख रास्तों को भी बंद रखा गया है. 

दिल्ली में बारिश के भी आसार

दिल्ली में मौसम विभाग ने आज बारिश के आसार भी जताए हैं. कल भी दिल्ली में कई जगहों पर बारिश हुई है. जबकि मौसम विभाग ने आज भी दिल्ली में बारिश होने की संभावना जताई है. ऐसे में बारिश को ध्यान में रखते हुए भी तैयारियां की गई हैं. 
 

दिल्ली में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

दिल्ली में आयोजित BRICS समिट 2026 के चलते आज दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर दी है. दिल्ली में आज कई प्रमुख मार्ग पूरी तरह से बंद किए गए हैं. जबकि कई मागों को डायवर्ट भी किया गया है. ब्रिक्स समिट के लिए दिल्ली एयरपोर्ट से लेकर भारत मंडपम तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है. 

शी जिनपिंग दिल्ली के लिए रवाना

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग बीजिंग से दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं. वह दोपहर करीब 12 बजकर 25 मिनट पर दिल्ली आएंगे. दिल्ली में उनके स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. BRICS समिट 2026 में वह भाग लेंगे. इसके अलावा पीएम मोदी और शी जिनपिंग की आज शाम को अलग से भी मुलाकात होगी. 

शी जिनपिंग आज पहुंचेंगे दिल्ली

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 7 साल बाद भारत के दौरे पर आ रहे हैं. जहां पीएम मोदी और शी जिनपिंग की मुलाकात भी आज शाम को होगी. BRICS का यह 18वां शिखर सम्मेलन है. जिसमें भारत और चीन पर भी सबकी नजरें रहेगी. इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी और चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग के बीच 11 अक्टूबर 2019 को मुलाकात हुई थी. तब दोनों नेता तमिलनाडु के महाबलीपुरम में 'कृष्णाज बटर बॉल' पर मिले थे. यह जिनपिंग की आखिरी भारत यात्रा थी. अब वह 7 साल बाद फिर भारत पहुंच रहे हैं.

BRICS समिट की दिल्ली में आज से शुरुआत

BRICS समिट की दिल्ली में आज से शुरुआत हो रही है. दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित हो रहे इस आयोजन में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष दिल्ली पहुंच चुके हैं. जबकि कई बड़े नेता आज दिल्ली पहुंच रहे हैं. चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी आज दिल्ली पहुंचेंगे. BRICS में भारत, रूस,चीन समेत 11 सदस्य हैं. जिनमें दुनिया की 49.5 प्रतिशत आबादी रहती है. ऐसे में नई दिल्ली में होने जा रहा यह आयोजन अहम माना जा रहा है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
BRICS Summit 2026, BRICS Summit New Delhi, BRICS Summit 2026 Delhi Traffic Advisory, Delhi Traffic Advisory, PM Modi Met Xi Jinping
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com