मुंबई के जुहू में कार पर हुई फायरिंग के बाद बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. टाइगर पर हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है. हमला करने वाले तीनों हमलावरों को कोटा से गिरफ्तार कर लिया गया है. मुंबई पुलिस को तीनों की ट्रांजिट रिमांड मिल गई है और अब तीनों को मुंबई लाया जाएगा.
इस हमले के बाद टाइगर के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. मुंबई पुलिस ने सुरक्षाकर्मियों को तैनात कर दिया है.
इससे पहले लॉरेंस गैंग ने रोहित शेट्टी को भी निशाना बनाया गया था. ऐसे में जानते हैं कि बॉलीवुड के सितारों को किस तरह की सिक्योरिटी मिली है?
किस स्टार को कितनी सिक्योरिटी?
सलमान खान - Y+ सिक्योरिटी
सलमान खान को Y+ कैटेगरी की सुरक्षा मिली है. इसमें उनके साथ हर वक्त 11 से 12 मुंबई पुलिस के जवान रहते हैं, जिसमें 4 हथियारबंद कमांडो और एडवांस हथियार चलाने में माहिर एक स्पेशल कांस्टेबल शामिल है.
महाराष्ट्र सरकार ने नवंबर 2022 में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से धमकियां मिलने के बाद उनकी सुरक्षा को Y+ कैटेगरी में अपग्रेड किया था. अक्टूबर 2024 में बाबा सिद्दीकी मर्डर के बाद इसे और मजबूत किया गया.
शाहरुख खान - Y+ सिक्योरिटी
अक्टूबर 2023 में शाहरुख खान की सुरक्षा को भी Y-प्लस कैटेगरी में अपग्रेड किया गया था. उन्होंने अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘पठान' के ‘बेशरम रंग' गाने को लेकर जान से मारने की धमकियां मिलने के बाद महाराष्ट्र सरकार से सुरक्षा की मांग की थी. रिपोर्ट के मुताबिक, इसका खर्च वे खुद उठाते हैं.

Photo Credit: IANS
कंगना रनौत - Y+ सिक्योरिटी
कंगना रनौत को केंद्र सरकार ने सितंबर 2020 में Y-प्लस कैटेगरी की सुरक्षा दी थी. उन्होंने मुंबई की तुलना पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) से की थी, जिसके बाद महाराष्ट्र सरकार और शिवसेना नेताओं की तरफ से तीखी प्रतिक्रिया आई थी. इसके बाद संजय राउत ने उन्हें हिमाचल प्रदेश से मुंबई न लौटने की चेतावनी दी थी.
यह भी पढ़ेंः लॉरेंस बिश्नोई नया दाऊद है? फिल्मी दुनिया में कब हुई अंडरवर्ल्ड की एंट्री; अमिताभ की 'दीवार' का क्या कनेक्शन
अमिताभ बच्चन - X सिक्योरिटी
अमिताभ बच्चन को सरकार की ओर से X कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है. इसमें शिफ्ट में 2 सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं, जिसमें 1 पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO) शामिल है.
अक्षय कुमार - X सिक्योरिटी
अक्षय कुमार और अमिताभ बच्चन जैसे सितारों को सरकार की ओर से X कैटेगरी की सुरक्षा मुहैया कराई गई है. Mid Day की रिपोर्ट के मुताबिक, इस सुरक्षा का खर्च सेलेब्स खुद उठाते हैं.

Photo Credit: IANS
अनुपम खेर - X सिक्योरिटी
अनुपम खेर को भी X कैटेगरी की सुरक्षा मिली हुई है. फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स' की रिलीज के बाद मिली धमकियों के बाद थ्रेट असेसमेंट के चलते उन्हें यह सुरक्षा दी गई थी. Mid Day की रिपोर्ट के मुताबिक, इस सुरक्षा का खर्च सेलेब्स खुद उठाते हैं.
आमिर खान
उन्हें थ्रेट असेसमेंट के दौरान कस्टमाइज लोकल पुलिस प्रोटेक्शन या प्राइवेट सिक्योरिटी मिलती है. जुलाई 2026 में बांद्रा वेस्ट के पाली हिल स्थित उनके घर के बाहर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अनवेरिफाइड थ्रेट कॉल और सोशल मीडिया ऑडियो क्लिप के बाद लोकल पुलिस ने अस्थायी तौर पर सुरक्षा बढ़ा दी थी.

Photo Credit: IANS
विवेक अग्निहोत्री - Y कैटेगरी
डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री को मार्च 2022 में केंद्र सरकार ने Y-कैटेगरी की सुरक्षा दी थी. ‘द कश्मीर फाइल्स' फिल्म की रिलीज के बाद उनके थ्रेट परसेप्शन बढ़ने के कारण यह सुरक्षा दी गई.
कई और कलाकारों को भी सुरक्षा
इसके अलावा कई अन्य एक्टर्स को भी मुंबई पुलिस की ओर से सामान्य सुरक्षा मिली हुई है. स्टेट कमेटी फिल्मी हस्तियों के रिस्क लेवल का नियमित मूल्यांकन करती है और पुलिस बॉडीगार्ड को अपग्रेड, डाउनग्रेड या हटा सकती है.

Photo Credit: IANS
टाइगर श्रॉफ की जुहू में कार पर फायरिंग की घटना के बाद मुंबई पुलिस ने उनके घर के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी थी. वहीं रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के पास फायरिंग की घटना के बाद लोकल पुलिस और क्राइम ब्रांच यूनिट ने इलाके में गश्त और सुरक्षा उपाय बढ़ा दिए थे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं