- राहुल गांधी के मनुस्मृति वाले बयान पर उनकी जमकर आलोचना हो रही है
- उमा भारती ने कहा कि भारत मनुस्मृति से नहीं बल्कि बाबा साहब के संविधान से चलता है
- उमा भारती ने कहा कि राहुल गांधी को रिवर्स की बीमारी हो गई है, वह लाखों साल पीछे चले गए हैं
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी मनुस्मृति पर बयान देकर फंस गए हैं. उनकी चौतरफा आलोचना हो रही है. शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के बाद अब मध्य प्रदेश की पूर्व सीएम उमा भारती ने भी उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. झांसी में उन्होंने कहा कि हमारा देश मनु स्मृति से नहीं बाबा साहब के संविधान से चल रहा रहा है.
'राहुल को बीमारी है, इसीलिए लाखों साल पीछे चले गए'
बीजेपी नेता ने कहा कि देश मनु स्मृति से लाखों साल पहले कभी चला होगा तो चला हो.लेकिन अब देश संविधान से चलता है.राहुल गांधी पर हमलावर उमा भारत ने कहा कि कांग्रेस नेता को कोई बीमारी हो गई है, जिसकी वजह से वह लाखों साल पीछे चले गए हैं. उन्हें ये बात याद ही नहीं है कि देश वर्तमान में संविधान से चल रहा है, यहां अब मनु स्मृति का कोई वजूद नहीं है. राहुल को कोई बीमारी है, जिसकी वजह से वह रिवर्स में चले गए हैं.
मनुस्मृति पर बयान देकर फंसे राहुल गांधी
बता दें कि राहुल गांधी ने पुणे में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के दौरान मनुस्मृति पर कई ऐसी बातें कहीं, जिस पर अब विवाद गहरा गया है. उन्होंने आलोचना करते हुए कहा था कि मनुस्मृति में महिला विरोधी बातें लिखी हैं. अपने इसी बयान को लेकर वह विरोधियों के निशाने पर हैं. धर्म से लेकर राजनीति तक, हर ओर उनकी आलोचना हो रही है.
शंकराचार्य बोले- राहुल गांधी माफी मांगें
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने भी राहुल गांधी के बयान पर आपत्ति जताई. शंकराचार्य ने राहुल गांधी पर मनुस्मृति में कही गई बातों को गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बार-बार मनुस्मृति के खिलाफ बोलते हैं, लेकिन जिन बातों का उल्लेख वह करते हैं, उसे लेकर कोई ठोस उदाहरण नहीं देते. शंकराचार्य ने कहा कि अगर राहुल गांधी अपने बयान के लिए माफी नहीं मांगते हैं तो वह कांग्रेस के खिलाफ हिंदू बहिष्कार की मुहिम चलाने पर विचार करेंगे.
ये भी पढे़ं-VIDEO: मनुस्मृति पर राहुल गांधी से नाजिया खान ने पूछे तीखे सवाल, इंदिरापुरम में शिकायत भी दर्ज कराई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं