विज्ञापन

TMC का 'खौफ' बनाम BJP का 'भरोसा'... नितिन नवीन ने सेट किया बंगाल का चुनावी एजेंडा

पार्टी नेताओं में जोश भरते हुए नितिन नवीन ने कहा कि 4 मई को पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी और जीत के प्रतीक के रूप में भगवा होली खेली जाएगी.

TMC का 'खौफ' बनाम BJP का 'भरोसा'... नितिन नवीन ने सेट किया बंगाल का चुनावी एजेंडा
  • पश्चिम बंगाल चुनाव के मद्देनजर बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने दो दिनी दौरे में चुनावी रणनीति को धार दी
  • बंगाल के इस चुनाव को पार्टी ने ममता सरकार के खौफ बनाम बीजेपी के विश्वास के बीच मुकाबला बताया
  • तृणमूल कांग्रेस ने पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि बंगाल की जनता बीजेपी पर रत्ती भर भरोसा नहीं करती
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, सियासी सरगर्मियां तेज हो रही हैं. आगामी चुनाव में बीजेपी की रणनीति को धार देने के लिए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिन बंगाल में थे. एक के बाद एक दनादन बैठकें करके उन्होंने पार्टी के चुनावी अभियान की दिशा-दशा तय की. मकसद एक ही है- तीन बार की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी को सत्ता से बेदखल करना. हालांकि ये वक्त बताएगा कि ये रणनीति कितनी कारगर साबित होती है.

चुनावी अभियान की दशा-दिशा तय की

नितिन नवीन ने इस दौरे में न सिर्फ संगठनात्मक बैठकें करके चुनावी रणनीति की रूपरेखा बनाई, बल्कि मंदिरों में भी गए. दौरे के पहले दिन उन्होंने हावड़ा, हुगली और मेदिनीपुर जोन के पदाधिकारियों के साथ बैठकें कीं. इस दौरान आईटी टीम, कॉल सेंटर और केंद्रीय मंत्रियों से भी चर्चा की. दूसरे दिन उन्होंने दक्षिणेश्वर काली मंदिर में दर्शन किए. उसके बाद नवद्वीप जोन, विभिन्न मोर्चा और राज्य के चुनाव समन्वय टीमों के साथ भी बैठक की.

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी

पार्टी का चुनावी एजेंडा सेट किया

पार्टी नेताओं में जोश भरते हुए नितिन नवीन ने कहा कि 4 मई को पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी और जीत के प्रतीक के रूप में भगवा होली खेली जाएगी. बीजेपी के चुनावी कैंपेन का एजेंडा सेट करते हुए उन्होंने आगे कहा कि इस बार मुकाबला टीएमसी द्वारा जनता में पैदा किए गए 'खौफ' और बीजेपी द्वारा दिए जा रहे 'विश्वास' के बीच है. 

ममता पर वार को बनाया हथियार

उन्होंने आरोप लगाया कि ममता के शासन में लोगों के अंदर जान-माल, रोजगार, महिलाओं से अभद्रता जैसे डर हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कट मनी, जबरन वसूली और संसाधनों पर कब्जे ने युवाओं का भविष्य अंधकार में डाल दिया है. उन्होंने वादा किया कि बीजेपी की सरकार भ्रष्टाचार मुक्त शासन, मुफ्त इलाज, पक्का घर, मुफ्त बिजली और युवाओं के लिए उज्ज्वल भविष्य की गारंटी देगी. उनका कहना था कि बीजेपी बंगाल के लोगों को डर के इस माहौल से बाहर निकालेगी.

देखें- आरजी कर रेप केस की पीड़िता की मां को मिला टिकट, तृणमूल ने पैरेंट्स पर ही उठाए सवाल

TMC का पलटवार, आरोपों की बौछार

नितिन नवीन के बयानों पर पलटवार करते टीएमसी के प्रवक्ता रिजु दत्ता ने आरोपों की बौछार कर दी. उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल की जनता बीजेपी पर रत्ती भर भरोसा नहीं करती, यह झूठों की पार्टी है. बंगाल को सिर्फ ममता बनर्जी पर भरोसा है, जिन्होंने सिंगूर से लेकर SIR तक जनता की लड़ाई लड़ी है. बीजेपी के मुंह से ऐसी बातें शोभा नहीं देतीं जिसके शासन में मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लगा और दिल्ली में धमाके हुए. बीजेपी की जहां भी सरकार बनती है, डर का माहौल खुद पैदा हो जाता है.

Latest and Breaking News on NDTV

सियासी घमासान को मिलेगी धार

बीजेपी और टीएमसी के बीच बंगाल में राजनीतिक घमासान जारी है. उत्तर और दक्षिण बंगाल में ताबड़तोड़ रैलियां कर रही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी तंज कसते हुए कहा कि 4 मई के बाद बीजेपी समर्थकों को अपने घरों पर पोस्टर लगाने पड़ जाएंगे कि वो बीजेपी में नहीं हैं. बहरहाल ये तो वक्त बताएगा कि बंगाल की सियासत में किसका सिक्का चलता है, लेकिन इतना साफ है कि नितिन नवीन के कार्यकर्ताओं को दिए गए मंत्र के बाद आने वाले दिनों में बीजेपी टीएमसी के खिलाफ हमले तेज कर सकती है. इन हमलों को धार देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी इसी हफ्ते कोलकाता पहुंच सकते हैं.

देखें- बंगाल में रामनवमी जुलूस : श्रद्धा और सियासत के बीच की लाइन गड्डमड्ड हो गई है - NDTV ग्राउंड रिपोर्ट

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com