विज्ञापन

कर्नाटक में बर्ड फ्लू की दस्तक; बेंगलुरु के पास H5N1 वायरस की पुष्टि, अलर्ट के बाद इतनी मुर्गियां नष्ट की गईं

Bird Flu Alert in Karnataka: कर्नाटक में इस साल बर्ड फ्लू (H5N1) का पहला मामला सामने आया है. बेंगलुरु के पास मुथुर गांव के एक पोल्ट्री फार्म में वायरस की पुष्टि के बाद मुर्गियों को नष्ट किया गया. प्रशासन ने सख्त जैव-सुरक्षा उपाय लागू किए हैं. पढ़िए पूरी खबर.

कर्नाटक में बर्ड फ्लू की दस्तक; बेंगलुरु के पास H5N1 वायरस की पुष्टि, अलर्ट के बाद इतनी मुर्गियां नष्ट की गईं
कर्नाटक में बर्ड फ्लू अलर्ट: बेंगलुरु के पास H5N1 की पुष्टि

Bird Flu Alert in Karnataka: कर्नाटक में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लुएंजा) का पहला मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य और पशुपालन विभाग सतर्क हो गया है. बेंगलुरु के बाहरी इलाके हेसरघट्टा के पास स्थित मुथुर गांव के एक पोल्ट्री फार्म में H5N1 वायरस की पुष्टि होने से प्रशासन में हड़कंप मच गया. शुरुआती जांच में 14 अप्रैल को संक्रमण के संकेत मिलने के बाद तत्काल सख्त कदम उठाए गए. वायरस के प्रसार को रोकने के लिए हजारों मुर्गियों को नष्ट किया गया है और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर हर स्तर पर निगरानी और रोकथाम के उपाय लागू किए जा रहे हैं.

मुथुर गांव के पोल्ट्री फार्म में H5N1 की पुष्टि

अधिकारियों के अनुसार, बेंगलुरु के उत्तर-पश्चिम में स्थित मुथुर गांव के एक पोल्ट्री फार्म में मुर्गियों की असामान्य मृत्यु के बाद नमूने जांच के लिए भेजे गए थे. 14 अप्रैल को शुरुआती परीक्षण में H5N1 वायरस की पुष्टि हुई. इसके बाद उच्च अधिकारियों को सूचना दी गई और मौके पर पशुपालन, स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की टीमों को भेजा गया.

हजारों मुर्गियां नष्ट कर लागू किया कंटेनमेंट प्लान

H5N1 की पुष्टि के बाद 16 अप्रैल को एहतियातन 7,444 मुर्गियों को नष्ट कर सुरक्षित तरीके से एक निर्धारित गड्ढे में दफनाया गया. अधिकारियों ने बताया कि यह कदम संक्रमण को आगे फैलने से रोकने के लिए उठाया गया है. पोल्ट्री फार्म और उसके आसपास के क्षेत्र को सील कर दिया गया है और सख्त बायो-सिक्योरिटी प्रोटोकॉल लागू किए गए हैं.

Bird Flu Karnataka: कर्नाटक बर्ड फ्लू मामला

Bird Flu Karnataka: कर्नाटक बर्ड फ्लू मामला

पोल्ट्री कर्मचारियों को क्वारंटीन, निगरानी तेज

संक्रमण के खतरे को देखते हुए पोल्ट्री फार्म से जुड़े 10 कर्मचारियों को क्वारंटीन में रखा गया है. हालांकि इनमें अब तक किसी में भी लक्षण नहीं पाए गए हैं. स्वास्थ्य विभाग ने आसपास के इलाकों में सर्विलांस बढ़ा दिया है ताकि किसी भी संभावित संक्रमण का समय रहते पता लगाया जा सके.

54 दुकानें और 36 गांव निगरानी दायरे में

जिला प्रशासन ने एहतियातन 54 चिकन रिटेल दुकानों और आसपास के 36 गांवों को सर्विलांस जोन में शामिल किया है. इन क्षेत्रों में मुर्गियों की बिक्री, आवाजाही और स्वास्थ्य की नियमित जांच की जा रही है. स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे पूरी सतर्कता के साथ सभी रोकथाम उपायों का पालन सुनिश्चित करें.

पास की झील से फैले संक्रमण की आशंका

अधिकारियों का मानना है कि हेसरघट्टा क्षेत्र में स्थित झील इस संक्रमण के फैलने का एक संभावित कारण हो सकती है. आशंका जताई जा रही है कि प्रवासी या जंगली पक्षियों के संपर्क से वायरस पोल्ट्री फार्म तक पहुंचा. विभाग ने आसपास की झीलों और जलाशयों में भी निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं.

प्रशासन अलर्ट, जनता से अपील

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल आम जनता के लिए कोई सीधा खतरा नहीं है. हालांकि लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध स्थिति की सूचना प्रशासन को दें. सरकार ने कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग पूरी तरह तैयार हैं.

बर्ड फ्लू के लक्षण

बर्ड फ्लू होने पर आमतौर पर इस तरह के लक्षण दिखाई दे सकते हैं. इन लक्षणों के दिखने पर तुरंत चिकित्‍सक से संपर्क करना चाहिए : 

  • बुखार
  • थकान
  • खांसी
  • गले में खराश
  • कंजंक्टिवाइटिस (आंखों का इन्फेक्शन)
  • दस्त
  • नाक बंद होना या बहना
  • मांसपेशियों में तेज दर्द
  • मतली और उल्टी
  • सांस लेने में तकलीफ

कैसे करें बर्ड फ्लू से बचाव?

बर्ड फ्लू की खबरें आते ही सरकारी की ओर से एडवाइजरी जारी की जाती है. जिनका पालन करने से इससे सुरक्षित रहा जा सकता है. बर्ड फ्लू से बचाव के लिए इन बातों का ध्‍यान रखें :

  • पशुपालक और आम लोग बीमार मुर्गियों से दूरी बनाए रखें. 
  • अगर आप पक्षियों, जंगली जानवरों के बीच काम करते हैं तो दस्ताने, मास्क और चश्मे का प्रयोग करें. 
  • अगर आपके पास पशु या पक्षी हैं, तो बाड़े और उसके आसपास की नियमित साफ-सफाई अत्यंत आवश्यक है.
  • फ्लू अधिक फैलने पर पालतू जानवरों को छूते समय भी दस्‍तानों का प्रयोग करें. 
  • कहीं भी बीमार पक्षी दिखे या अचानक उसकी मृत्यु हो जाए, तो इसकी जानकारी स्थानीय पशु चिकित्सालय को देनी चाहिए. 
  • जानवरों को छूने के बाद बार-बार हाथ धोएं. 
  • बीमार जानवर को छूते हैं या उसके संपर्क में आते हैं तो चिकित्‍सक से तुरंत संपर्क करें. 
  • बिना पाश्चुरीकृत दूध को ना ही छुएं और ना ही इसका सेवन करें. 
  • सीजनल फ्लू की वैक्सीन लगवा लें.

यह भी पढ़ें : Bird Flu: भारत के इस राज्य में बर्ड फ्लू का Alert, क्‍या होते हैं इसके लक्षण, कैसे करें बचाव

यह भी पढ़ें : सिंगरौली बैंक डकैती के बाद पुलिस का हाई अलर्ट; DGP मौके पर पहुंचे, 5 बदमाश करोड़ों का सोना और कैश लेकर फरार

यह भी पढ़ें : MP Gehu Kharidi 2026: गेहूं उपार्जन की स्लॉट बुकिंग 30 अप्रैल तक, इतने अन्नदाताओं ने MSP पर बेची फसल

यह भी पढ़ें : महिला आरक्षण पर सियासी संग्राम, छत्तीसगढ़ में BJP‑कांग्रेस का ट्रैक रिकॉर्ड क्या कहता है? संसद में बिल पर बहस

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com