- बिहार के नालंदा जिले में शीतला माता मंदिर में मची भगदड़, 8 महिलाओं की मौत
- घटना के वक्त मंदिर में काफी भीड़ थी, भगदड़ में घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है
- ये मंदिर बिहारशरीफ (नालंदा) से लगभग 5 किलोमीटर दूर मघड़ा गांव में स्थित है
बिहार के नालंदा जिले के मां शीतला मंदिर में भगदड़ की खबर है. बताया जा रहा है कि भगदड़ के कारण 8 महिलाओं की मौत हुई है. मृतकों में दो लोगों की पहचान हो गई है. नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र की ये घटना है. घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है. मरने वालों में दो की पहचान हो गई है. मृतकों की पहचान सकुन्त बिहार निवासी दिनेश रजक की पत्नी रीता देवी (50), मथुरापुर नूरसराय निवासी कमलेश प्रसाद की पत्नी रेखा देवी (45) के तौर पर हुई है. राज्य सीएम नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस घटना पर शोक जताया है. सीएम ने इस हादसे में मारे गए लोगों के आश्रितों को 6-6 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है.
बिहारशरीफ से 5 किलोमीटर दूर है शीतला मंदिर
घायलों को इलाज के लिए मॉडल अस्पताल भेजा गया है. चैत्र महीने का आज आखिरी मंगलवार है. इसको लेकर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर में जुटी थी. ये मंदिर बिहारशरीफ (नालंदा) से लगभग 5 किलोमीटर दूर मघड़ा गांव में स्थित है. चैत्र माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी (शीतला अष्टमी) को मुख्य पूजा होती है. परंपरा है कि शीतला अष्टमी के दिन घरों में चूल्हा नहीं जलता है. भक्त माता को एक दिन पहले बना ठंडा भोजन (बासी) भोग लगाते हैं. अष्टमी के दिन यहां भारी भीड़ होती है, लोग लंबी कतारों में लगकर माता के दर्शन करते हैं.
सीएम नीतीश कुमार ने किया मुआवजे का ऐलान
सीएम नीतीश कुमार ने भी नालंदा भगदड़ पर दुख जताया है. गौरतलब है कि ये सीएम नीतीश का गृह जिला भी है. सीएम नीतीश कुमार ने मृतकों के आश्रितों को 6-6 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान किया है. सीएम ने इस हादसे में घायलों के जल्द टीक होने की कामना की है. सीएम कार्यालय की तरफ से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि आपदा प्रबंधन विभाग से 4 -4 लाख रुपये जबकि मुख्यमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपये बतौर मुआवजा दिया जाएगा.

सम्राट चौधरी ने जताया दुख
चौधरी ने एक्स पर अपने पोस्ट में इस हादसे में मारे गए श्रद्धालुओं के परिजनों के प्रति संवेदनाएं जताईं. उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से सभी पीड़ित परिजनों को राहत प्रदान की जा रही है. इसके अलावा घायलों के उचित उपचार का प्रबंध किया गया है.
नालंदा स्थित माता शीतला मंदिर में भगदड़ की दुखद घटना अत्यंत ही पीड़ादायक है। इस हादसे में जान गंवाने वाले और घायल हुए सभी श्रद्धालुओं के परिवारजनों के प्रति अपनी संवेदनाएँ प्रकट करता हूँ।
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) March 31, 2026
सरकार द्वारा पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता और राहत प्रदान की जा रही है। घायलों के…
भगदड़ मचते ही मची चीख-पुकार
जैसी ही भगदड़ मची मंदिर के आसपास चीख-पुकार मच गई. घटना के वक्त के वीडियो में साफ देखा जा रहा है कि लोग वहां से भागते दिख रहे हैं. कुछ घायलों को बैट्री वाले रिक्शा पर लोग भाग रहे हैं. घटना के वक्त मंदिर में काफी भीड़ थी. अबतक इस हादसे में कम से कम 8 महिलाओं की मौत हुई है.
भगदड़ की घटना के बाद तुरंत प्रशासन ने घायलों को नजदीक के अस्पताल पहुंचाया. घायलों का इलाज चल रहा है. मंदिर के करीब मेला भी लगा था. जिसके कारण सड़क काफी संकरी हो गई थी. इसी दौरान भगदड़ की घटना हो गई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं