देश की राजधानी दिल्ली में शुरू हुए दुनिया के सबसे बड़े इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट एंड एक्सपो में बिहार के इनोवेटर्स आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी दुनिया की बड़ी कंपनियों के साथ जुड़ रहे हैं. समिट के दौरान बिहार सरकार ने कई बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियों के साथ-साथ आईआईटी, पटना के साथ कुल 468 करोड़ रुपये के MoU पर हस्ताक्षर किए हैं.
एक समझौते के तहत आईआईटी, पटना में 250 करोड़ रुपये के निवेश के साथ एक रिसर्च पार्क स्थापित करने की घोषणा की गई है. बिहार सरकार के इस फैसले से तकनीक के उभरते क्षेत्र में दस हजार से भी अधिक नई नौकरियां पैदा होने की उम्मीद जताई जा रही है. एक पिछड़े राज्य की छवि से इतर बिहार जैसा राज्य भी तकनीक की इस दौड़ में पीछे नहीं छूटना चाहता है.
इनोवेशन, इनक्यूबेशन और रोजगा
इनोवेशन, इनक्यूबेशन और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए बिहार सरकार ने एमओयू साइन किया है. बिहार को एआई सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस (एआईसीओई) बनाने के लिए कुल 60 करोड़ रूपये और आईआईटी, पटना में रिसर्च पार्क स्थापित करने के लिए कुल 250 करोड़ रूपये के समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किये हैं. बिहार एआई सीओई (AI CoE) स्थापित करने के लिए टाइगर एनालिटिक्स इंडस्ट्री पार्टनर बनेगा, जबकि आईआईटी, पटना एकेडमिक पार्टनर होगा.
पांच दिनों के इस समिट में 100 से भी अधिक टेक्नोलॉजी कंपनियों के सीईओ और 135 से अधिक देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं. इसके अलावा 20 से ज़्यादा देशों के राष्ट्राध्यक्ष और 50 से ज़्यादा देशों के मंत्री भी इस समिट में शिरकत कर रहे हैं. बिहार सरकार ने पिछले दिनों ही बिहार जीसीसी पॉलिसी 2026 और बिहार सेमीकंडक्टर पॉलिसी 2026 को मंज़ूरी दी है. इसका जिसका मकसद बिहार को पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत के लिए एक ग्लोबल तकनीकी हब के रूप में विकसित करना है.
बिहार को टेक हब बनाए जाने का बड़ा सपना
राज्य सरकार का लक्ष्य है कि जिस तरह भारत AI के क्षेत्र में एक ग्लोबल लीडर बन रहा है उसी तरह बिहार को पूर्वोत्तर भारत का टेक हब बनाया जाए. इसके लिए राज्य सरकार की ओर से कुछ अहम पहल की गई हैं. इनमें बिहार एआई मिशन के तहत इंजीनियरिंग के एक मेगा एआई कोर की घोषणा, इंडस्ट्री पार्टनर्स और एकेडमिक पार्टनर्स के साथ समझौते पर हस्ताक्षर, बड़े निवेशकों के साथ निवेश पत्र पर हस्ताक्षर, राज्य की पॉलिसी की घोषणा और आईआईटी, पटना में एक रिसर्च पार्क की स्थापना जैसे क़दम शामिल हैं.
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को समिट में बिहार स्टेट पवेलियन का उद्घाटन किया. इस मौक़े पर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित थे. बिहार की सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्रेयसी सिंह के अलावा जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा भी समारोह में मौजूद थे. बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और सूचना प्रौद्योगिकी सचिव अभय कुमार सिंह भी मौक़े पर शामिल हुए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं