विज्ञापन

Rajasthan: मंडावर में रिश्तों का कत्ल, ससुराल में सो रहे दामाद की साडू ने ली जान, पेट में चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट

राजस्थान के झालावाड़ में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. शादी समारोह में शामिल होने आए युवक की उसके ही साडू ने चाकू मारकर हत्या की.

Rajasthan:  मंडावर में रिश्तों का कत्ल, ससुराल में सो रहे दामाद की साडू ने ली जान, पेट में चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट
प्रतीकात्मक तस्वीर

Jhalawar news: झालावाड़ जिले के मंडावर थाना क्षेत्र के कोतला घट्टी गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां एक युवक की उसके ही साडू ने चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी, मृतक की पहचान कोटा जिले के मोड़क गांव निवासी 26 वर्षीय बबलू (पुत्र नानूराम भील) के रूप में हुई है. इस घटना के बाद से ही परिवार में कोहराम मचा हुआ है.

नींद में किया जानलेवा हमला

जानकारी के अनुसार, बबलू दो-तीन दिन पहले अपनी ससुराल कोतला घट्टी गांव में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आया था, रविवार तड़के जब वह घर में गहरी नींद में सो रहा था, तभी झालावाड़ निवासी उसका साडू वहां पहुंचा. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, आरोपी ने बबलू के पेट पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले के बाद चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुका था.

इलाज के दौरान तोड़ा दम

परिजन गंभीर रूप से घायल बबलू को तुरंत झालावाड़ जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. उसे अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में भर्ती किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे बचाने की हर संभव कोशिश की. हालांकि, चोटें इतनी गंभीर थीं कि शाम को उपचार के दौरान बबलू ने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल पुलिस चौकी ने शव को मोर्चरी में रखवाया और मंडावर थाना पुलिस को सूचित किया.

जांच में जुटी पुलिस, हत्या की वजह स्पष्ट नहीं

मंडावर थाना अधिकारी रविंद्र सिंह चारण ने बताया कि पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस के सामने सबसे बड़ी पहेली हत्या के पीछे का कारण है. फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि आरोपी साडू ने इस आत्मघाती कदम को क्यों उठाया. सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा. पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं और जल्द ही गिरफ्तारी का दावा कर रही हैं.

यह भी पढ़ें: Haryana: गाड़ी में पत्नी से डेंटिस्ट पति की हुई कहासुनी, काली स्कॉर्पियो रोककर नहर में कूदा, 20 घंटे बाद मिला शव

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com