बेंगलुरु में कैपजेमिनी (Capgemini) के HAL कैंपस में चल रहे एक डेकेयर सेंटर में बच्चों के साथ कथित दुर्व्यवहार का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां पांच महिला केयरगिवर्स पर छोटे बच्चों के साथ शारीरिक दुर्व्यवहार करने का आरोप है और उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है. इस मामले ने कामकाजी माता-पिता की चिंता बढ़ा दी है. जब MNC के ऑन-साइट क्रैच ही सुरक्षित नहीं हैं, तो माता-पिता अपने बच्चों को किसके भरोसे छोड़ सकते हैं.
बच्चों को डराया-धमकाया
आरोप है कि इन महिलाओं ने दो से तीन साल के बच्चों को डराया-धमकाया. उन्होंने बच्चों को फ्रंट-लोडिंग वॉशिंग मशीन के ड्रम में जबरदस्ती बिठाया, वेस्टर्न-स्टाइल टॉयलेट सीट पर बिठाया, टॉयलेट जेट स्प्रे से उनके मुंह में पानी की बौछार की और रोने पर उन्हें चुप कराने के लिए बाथरूम में बंद कर दिया.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इस दुर्व्यवहार के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई और कर्नाटक राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सामने भी अलग से शिकायत की गई.
पुलिस ने दर्ज की FIR
कानून की संबंधित धाराओं के तहत HAL पुलिस स्टेशन में पांच महिला केयरगिवर्स के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. पीड़ित बच्चे दो से तीन साल की उम्र के हैं और IT कंपनी के कैंपस में स्थित डेकेयर सुविधा में भर्ती थे. पुलिस ने आरोपी केयरगिवर्स को नोटिस जारी किए हैं और घटना की जांच शुरू कर दी है.
लोगों का टूटा भरोसा
इस मामले ने माता-पिता के बीच आक्रोश पैदा कर दिया है. इनमें से कई लोगों ने IT कंपनी में काम करते समय अपने बच्चों की देखभाल के लिए डेकेयर पर भरोसा किया था. इन परेशान करने वाले आरोपों ने कॉर्पोरेट कैंपस के अंदर चलने वाले डेकेयर सेंटरों की सुरक्षा और निगरानी को लेकर भी गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं.
यह भी पढ़ें: केतन मर्डर केस में कोई चश्मदीद नहीं, क्या है 'पंचशील' टेस्ट? जिसके दम पर पुलिस कातिलों को दिलाएगी सजा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं