पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के बीच टीएमसी और भाजपा कार्यकर्ताओं में झड़प व मारपीट की घटना सामने आ रही है. मंगलवार को राज्य में कई जगह तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता भिड़ गए. अलीपुरदुआर जिले की फालाकाटा विधानसभा क्षेत्र में तो बीजेपी प्रत्याशी पर हमले की घटना हुई. अब बुधवार को भाजपा के सीनियर लीडर सुवेंदु अधिकारी की रैली के बीच तनाव की स्थिति पैदा हो गई. भाजपा उम्मीद के समर्थन में प्रचार के दौरान टीएमसी समर्थकों ने जय बांगला के नारे लगाने शुरू कर दिए.
बाली में प्रचार के लिए आए थे सुवेंदु
दरअसल, हावड़ा जिले के बाली विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार संजय सिंह के समर्थन में सुवेंदु अधिकारी प्रचार करने पहुंचे थे. भाजपा नेता की रैली के बीच तृणमूल कांग्रेस समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी. जानकारी के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस समर्थकों की नारेबाजी से दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई.
देखते ही देखते माहौल इतना गर्म हो गया कि दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए और टकराव की आशंका बढ़ गई. हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासन और केंद्रीय बलों की तत्परता के चलते स्थिति को जल्द ही नियंत्रण में कर लिया गया. सुरक्षा बलों ने दोनों पक्षों को शांत कराया और किसी भी बड़ी घटना को होने से रोक दिया.
TMC कार्यकर्ताओं पर उकसावे का आरोप
इस घटना पर सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि वे लगभग 5000 समर्थकों के साथ शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव प्रचार कर रहे थे, लेकिन कुछ तृणमूल समर्थकों ने जानबूझकर उकसाने वाली नारेबाजी की, जिससे माहौल बिगड़ने की कोशिश की गई. उन्होंने बाली थाना ओ सी को तुरंत हटाये जाने की मांग की. बता दें कि सुवेंदु अधिकारी ने आज ही तृणमूल पर बंगाल में ‘अरबी संस्कृति' थोपने का आरोप लगाया है.
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा राज्य को ‘‘बंगाली हिंदुओं की मातृभूमि'' के रूप में संरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है. पोइला बैसाख (बंगाली नव वर्ष) के अवसर पर 'मातृशक्ति भरोसा कार्ड' की शुरुआत करते हुए अधिकारी ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार राज्य की सनातन विरासत को व्यवस्थित रूप से कमजोर कर रही है. उन्होंने कहा, ‘‘हम उर्दू भाषा और महिलाओं को घूंघट में रखने वाली संस्कृति को थोपने का प्रयास देख रहे हैं. यह स्वामी विवेकानंद और श्री चैतन्य की भूमि पर हमला है.''
यह भी पढे़ं-
बंगाल में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान झड़प, कई जगह TMC- बीजेपी कार्यकर्ताओं में मारपीट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं