विज्ञापन
This Article is From Dec 16, 2025

689 पन्नों की चार्जशीट में 'BARC वैज्ञानिक' के सीक्रेट्स का खुलासा! क्या है पाकिस्तान और मिडिल ईस्ट का कनेक्शन?

जानें कैसे एक 60 साल के शख्स ने देश की सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील संस्थान के नाम का दुरुपयोग किया और कौन-सा वो तीसरा शख्स था जो इस फर्जीवाड़े के नेटवर्क को चला रहा था. पूरी रिपोर्ट में पढ़ें, सारे हैरान कर देने वाले खुलासे.

689 पन्नों की चार्जशीट में 'BARC वैज्ञानिक' के सीक्रेट्स का खुलासा! क्या है पाकिस्तान और मिडिल ईस्ट का कनेक्शन?
फर्जी BARC साइंटिस्ट अख्तर हुसैनी कुतुबुद्दीन अहमद की गिरफ्तारी के बाद ली गई तस्वीर.
NDTV

Mumbai News: मुंबई में एक हाई-प्रोफाइल फ्रॉड केस में बड़ा अपडेट सामने आया है. मुंबई क्राइम ब्रांच ने खुद को भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (BARC) का साइंटिस्ट बताने वाले अख्तर कुतुबुद्दीन हुसैनी उर्फ अलेक्जेंडर पाल्मर (60) के खिलाफ 689 पन्नों की डिटेल्ड चार्जशीट दाखिल की है. 17 अक्टूबर को गिरफ्तार किए गए इस शख्स ने अपनी फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर लोगों को गुमराह किया और कॉन्फिडेंशियल जानकारी तक पहुंच का दावा कर पैसे भी वसूले. इस मामले में न सिर्फ फर्जी दस्तावेजों का अंबार मिला है, बल्कि आरोपी के विदेशी संपर्क और पाकिस्तान/मिडिल ईस्ट के दौरे की चौंकाने वाली जानकारी भी सामने आई है.

चार्जशीट में क्या है?

मुंबई के वर्सोवा स्थित यारी रोड का रहने वाला अख्तर कुतुबुद्दीन हुसैनी उर्फ अलेक्जेंडर पाल्मर फर्जी पहचान के जरिए खुद को परमाणु वैज्ञानिक (Nuclear Scientist) बताता था. पुलिस ने उसके पास से दो जाली पहचान पत्र बरामद किए. एक अलेक्जेंडर पाल्मर के नाम से, और दूसरा अली रजा हुसैनी के नाम से. 

क्राइम ब्रांच के मुताबिक, इस फर्जीवाड़े में मुन्नज़िर नज़ीमुद्दीन खान भी शामिल था. खान ने हुसैनी के लिए 2016-17 के दौरान तीन फर्जी पासपोर्ट, एजुकेशन सर्टिफिकेट, आधार कार्ड और पैन कार्ड जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज तैयार किए थे. खान को 25 अक्टूबर को झारखंड के जमशेदपुर से गिरफ्तार किया गया. 

चार्जशीट में BARC की ओर से मिला एक आधिकारिक पत्र भी शामिल है, जो यह साबित करता है कि आरोपी BARC का कर्मचारी नहीं था.

इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं, जिनमें पहचान बदलकर धोखाधड़ी (धारा 319), विभिन्न प्रकार की जालसाजी (धारा 336, 337, 338), जाली दस्तावेज रखना (धारा 339) और उन्हें असली के तौर पर इस्तेमाल करना (धारा 340) शामिल हैं.

पुलिस को गुमाह करने की कोशिश

पूछताछ के दौरान हुसैनी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. उसने दावा किया कि उसके माता-पिता और तीनों भाई अब जीवित नहीं हैं. सह-आरोपी खान ने भी इन दावों की पुष्टि की थी. हालांकि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जांच में सामने लाया कि आरोपी का भाई आदिल हुसैनी जिंदा है और दिल्ली से गिरफ्तार किया गया. पुलिस को पता चला है कि आदिल मूल रूप से झारखंड के टाटानगर का रहने वाला है और उसके पाकिस्तान और मिडिल ईस्ट के कई दौरों की जानकारी भी सामने आई है, जिसने केस की गंभीरता को बढ़ा दिया है.

पहले दुबई से किया गया था डिपोर्ट

जांच एजेंसियों के मुताबिक, हुसैनी को फिजिक्स और जासूसी की दुनिया से खासा लगाव था. वह कभी खुद को खुफिया एजेंट तो कभी न्यूक्लियर एक्सपर्ट के रूप में पेश करता था. वह पहले मिडिल ईस्ट की तेल और मार्केटिंग कंपनियों में काम कर चुका है. साल 2004 में उसे दुबई से डिपोर्ट किया गया था. उस वक्त उस पर भारत से जुड़ी संवेदनशील जानकारी बेचने की कोशिश का शक था. हालांकि, उस समय कोई ठोस आपराधिक सबूत नहीं मिला था.

तीसरे आरोपी की तलाश जारी

पुलिस का कहना है कि आरोपी ने फर्जी वैज्ञानिक पहचान का इस्तेमाल कर विदेशी नागरिकों से मुलाकातें कीं, विदेश यात्राएं कीं और गोपनीय जानकारी तक पहुंच का झांसा देकर पैसे वसूले. उसके पास से नक्शे और अन्य संदिग्ध दस्तावेज भी बरामद हुए हैं. इस मामले में जांच अभी भी जारी है. मुंबई क्राइम ब्रांच अब जमशेदपुर के रहने वाले मोहम्मद इलियास मोहम्मद इस्माइल नाम के एक और व्यक्ति की तलाश कर रही है, जिस पर फर्जी दस्तावेज बनाने में हुसैनी की मदद करने का आरोप है. इस गिरफ्तारी से इस बड़े फर्जीवाड़े के पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें:- घने कोहरे में भिड़ीं 7 बसें और 3 कारें, भयानक आग में 4 यात्रियों की मौत, यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा

लेखक के बारे में
img
पारस दामा
Principal Correspondent
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
BARC Scientist Imposter, Mumbai Crime Branch Charge Sheet, Akhtar Husaini Fraud, Alexander Palmer Arrest, Mumbai News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com