विज्ञापन
This Article is From Oct 14, 2024

किसने और कैसे रची बाबा सिद्दीकी की हत्या की साजिश, जानें पटियाला जेल का क्या है कनेक्शन

बाबा सिद्दीकी को शनिवार रात मुंबई के बांद्रा इलाके के खेर नगर में उनके विधायक बेटे जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर तीन लोगों ने गोली मार दी थी. इस मामले में गिरफ्तार दो लोगों को मुंबई की एक अदालत ने 21 अक्टूबर तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है.

बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में अब तक तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई है.
मुंबई:

महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या के आरोप में मुंबई पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. बाबा सिद्दीकी की हत्या की साजिश लंबे समय से रची जा रही थी. इस मामले में अब जालंधर कनेक्शन भी सामने आया है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक हत्या में शामिल चौथा आरोपी पंजाब के जालंधर का रहने वाला है. करीब दो साल पहले मोहम्मद जीशान अख्तर को स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तार किया था और पटियाला जेल में उसकी मुलाकात लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्यों से हुई थी. रिहा होने के बाद वह मुंबई चला गया था. 

पुलिस ने बताया कि अख्तर बाबा सिद्दीकी के शूटरों का हैंडलर था और उन्हें बाहर से दिशा-निर्देश दे रहा था. जब सिद्दीकी को गोली मारी गई, तब अख्तर शूटरों को उसकी लोकेशन के बारे में जानकारी दे रहा था. उसने शूटरों को कमरा किराए पर लेने सहित लॉजिस्टिक सहायता भी प्रदान की.

Latest and Breaking News on NDTV

पांच शहर, पांच कनेक्शन

बाबा सिद्दीकी की हत्या का कनेक्शन पांच शहरों- कैथल, जालंधर, बहराइच, पुणे और मुंबई से जुड़ा हुआ है. दरअसल बाबा सिद्दीकी की हत्या तीन शूटरों ने की थी. इनमें से एक गुरमेल सिंह हरियाणा के कैथल जिले के नरड़ गांव का रहने वाला है. बाकी दो उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के रहने वाले हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

पुलिस ने गुरमेल और धर्मराज कश्यप को गिरफ्तार कर लिया था. धर्मराज कश्यप ने नाबालिग होने का दावा किया था. हालांकि पुलिस जांच में धर्मराज कश्यप नाबालिग नहीं पाया गया है.

Latest and Breaking News on NDTV

वहीं तीसरा शूटर शिव कुमार अभी भी फरार है. बताया जा रहा है कि उसे इस हत्या की सुपारी दी गई थी. शिव और धर्मराज का कोई पिछला आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है.  

पुलिस सूत्रों ने बताया कि 7 जून को जेल से रिहा होने के बाद मोहम्मद जीशान अख्तर गुरमेल से मिलने कैथल पहुंचा था. इसके बाद शूटर मुंबई चले गए और वहां अपना ठिकाना बना लिया. हत्या के बाद अख्तर भाग गया था. सूत्रों ने बताया कि वह अभी भी मुंबई में छिपा हुआ है. उसे खोजने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं.

क्या है पुणे कनेक्शन

मुंबई पुलिस ने बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में 28 वर्षीय एक व्यक्ति को पुणे से गिरफ्तार किया है. जिसने अपने भाई के साथ मिलकर तीन कथित शूटर में से दो को यह काम सौंपा था. पुणे से गिरफ्तार किए गए इस व्यक्ति की पहचान प्रवीण लोणकर के रूप में हुई है. जिसे पुलिस ने ‘सह-षड्यंत्रकारी' बताया है और कहा कि वह उसके भाई शुभम लोणकर की तलाश कर रही है. मामले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है.

Latest and Breaking News on NDTV

अधिकारी ने बताया कि पुलिस शुभम लोणकर की तलाश में पुणे गई थी, लेकिन वह वहां नहीं मिला. इसके बाद, पुलिस ने उसके भाई प्रवीण को अपराध में कथित संलिप्तता को लेकर गिरफ्तार कर लिया.

Latest and Breaking News on NDTV

अपराध शाखा के अधिकारी के अनुसार, प्रवीण और शुभम ने दो कथित शूटर को हत्या का काम सौंपा था. बात दें बाबा सिद्दीकी (66) को शनिवार रात मुंबई के बांद्रा इलाके के खेर नगर में उनके विधायक बेटे जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर तीन लोगों ने गोली मार दी, जिसके बाद उन्हें लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था. लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के एक कथित सदस्य ने सिद्दीकी की हत्या की जिम्मेदारी ली है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Baba Siddique, Baba Siddique And Salman Khan, Baba Siddique Case, Baba Siddique Controversy
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com