- राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने कई बड़े खुलासे किए है
- चढ़ावा चोरी की शुरुआत मार्च 2025 मेंआरोपियों के नौकरी शुरू करने के के दो-तीन महीने बाद हुई
- आरोपियों ने चोरी के नोटों को कपड़ों और मोजों में छिपाकर मंदिर परिसर के शौचालयों में होते हुए बाहर निकाला
अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की शुरुआत कैसे और कब हुई इसे लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. जांच में पता चला है कि गिरफ्तार 8 आरोपियों में से 6 ने मार्च 2025 में ट्रस्ट में नौकरी लगने के 2 से 3 महीने बाद ही नोटों की चोरी करना शुरू कर दिया था. एक दूसरे को देखा देखी सबने चोरी करना शुरू कर दिया. आरोपी पहले 500 के एक दो नोट चुराकर अपने कपड़ों में छिपाकर ड्यूटी खत्म कर मंदिर से बाहर निकल जाते थे. इसके बाद वे 10 की गड्डी चुराने लगे.
500 के नोटों से शुरू हुआ राम मंदिर में चोरी का सिलसिला
फिर धीरे धीरे चोरी का ये सिलसिला बढ़ता गया और फिर आरोपी मंदिर से मोटी रकम चुराकर ले जाने लगें. पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि अब तक सबने मिलकर लगभग 2 से 3 करोड़ रुपये की चोरी की है. 8 में से 7 आरोपियों ने कुछ संपत्तियां चोरी के पैसे से बनाई है, इनमें से कुछ प्रॉपर्टी अयोध्या के बाहर भी खरीदी गई हैं. एक आरोपी ने तो चोरी के पैसे से अपने पिता के नाम पर संपत्ति खरीदी है.
कपड़ों में छिपाकर बाहर ले जाते थे नोट
सीसीटीवी से बचकर पैसे बाहर ले जाए जाते थे. आरोपी अपने कपड़ों और मोजों में नोट छिपाते थे. मंदिर परिसर से सीधे बाहर ले जाने में भारी चेकिंग का डर था, इसलिए आरोपी कपड़ों में छिपाए गए कैश को सबसे पहले परिसर के भीतर बने शौचालयों में ले जाते थे .वहां से धीरे-धीरे उसे बाहर निकाला जाता था.
चोरी के पैसे से जंगल में होती थी पार्टी
पुलिस जांच में ये भी पता चला है कि 4 और 5 जून के आसपास ट्रस्ट ने 89 लाख रुपए और चोरी के आभूषण आरोपियों के ठिकाने से बरामद किए थे. उसके अलावा भी पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर कुछ और कैश बरामद किया है. ये भी पता चला है कि 14 कोसी परिक्रमा मार्ग पर कुछ आरोपी चोरी के पैसे से जंगल में पार्टी भी करते थे. उसी पार्टी के दौरान चोरी के पैसे का बंटवारा होता था. जांच में आरोपियों ने एक और बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि काउंटिंग रूम में लगे CCTV की निगरानी करने के लिए बने कंट्रोल रूम में कई बार कोई नहीं होता था. कई बार तो ठीक से मॉनिटरिंग ही नहीं होती थी, जिसका फायदा ये लोग उठाते थे.
चढ़ावा चोरी मामले में अब तक 60 लोगों के बयान दर्ज
राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपियों पर शिकंजा कसता जा रहा है. करीब 60 लोगों के बयान दर्ज हो चुके हैं.पुलिस ने तीन बड़े आरोपियों अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा और करुणेश पांडेय की 7 दिनों की रिमांड मांगी है, जिस पर आज सुनवाई है. इस बीच खबर ये भी है जिस कमरे में दान-चढ़ावे कि गिनती होती, उसमें काम करने वालों के लिए नियम बदल दिए गए हैं. इस मामले में 8 आरोपी गिरफ्त में हैं और कितने बाकी है और कितने लोगों ने मंदिर के चढ़वे में चपत लगाई और रामभक्तों की आस्था को ठेस पहुंचाई ये सवाल जानने के लिए पुलिस और SIT की टीमें लगी हुई हैं ताजा जानकारी के मुताबिक
- अब तक करीब 60 लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं
- करीब 140 लोगों के बयान और दर्ज होने हैं
- एक हफ्ते के अंदर सभी लोगों के बयान पुलिस दर्ज करेगी
- जिन लोगों के बयान दर्ज हो रहे है उनमें ट्रस्ट से जुड़े लोग हैं
- बैंक और मंदिर के कर्मचारी हैं
- कैश गिनने वाले, सुरक्षा में तैनात लोग हैं
- सीसीटीवी कंट्रोल रूम में तैनात लोग हैं
- पुलिस चंपत राय का बयान पहले ही दर्ज कर चुकी है
- अनिल मिश्रा और गोपाल राव का बयान भी एक हफ्ते के अंदर दर्ज किया जाएगा
18-20 हजार की सैलरी पाने वालों ने की लाखों की कमाई
इससे पहले रविवार को पांच आरोपियों से पूछताछ हुई थी. जानकारी के मुताबिक, लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा, रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू, करुणेश पांडे और मनीष यादव को पुलिस रिमांड पर मांगेगी. जैसे-जैसे जांच बढ़ी है ये सामने आया है कि 18-20 हजार की सैलरी पाने वालों ने लाखों की कमाई की थी और संपत्तियां बना ली थीं, वो भी बहुत थोड़े से वक्त में. जानकारी के मुताबिक पुलिस चंपत राय समेत ट्रस्ट से जुड़े सभी लोगों की संपत्तियों की भी जांच कर रही है. जिन 8 आरोपियों के पास से पैसे मिले हैं, उनमें अविनाश शुक्ला का नाम सबसे ऊपर है. उसके पास से करीब 20 लाख रुपये की बरामदगी हुई है. उसनेचोरी के पैसों से एक कार भी खरीदी थी. पुलिस जांच में सामने आया है कि अविनाश ने चोरी के पैसों का इस्तेमाल करके अपने भाई अभिषेक शुक्ला के नाम पर प्रतापगढ़ और सुहावल क्षेत्र में जमीनों की रजिस्ट्री कराई थी. पूछताछ में अविनाश ने कबूल किया है कि उसने चढ़ावे की रकम से अपने पैतृक निवास स्थान पर एक नया मकान भी बनवाया था.
ये भी पढ़ें-तो राम मंदिर में चढ़ावा चोरी न होती, SIT ने बताया कौन सी 9 चूकों से लगती रही सेंध
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं