विज्ञापन

 अलौकिक अयोध्या! 30 लाख दीपों के साथ बना नया विश्व रिकॉर्ड, भव्य समारोह में हुआ प्रभु राम का राज्याभिषेक

अयोध्या में आयोजित 10वें दीपोत्सव ने इस बार भव्यता के नए कीर्तिमान स्थापित किए. सरयू तट के 56 घाटों और राम की पैड़ी पर 30 लाख से अधिक दीप जलाकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया गया.

 अलौकिक अयोध्या! 30 लाख दीपों के साथ बना नया विश्व रिकॉर्ड, भव्य समारोह में हुआ प्रभु राम का राज्याभिषेक
30 लाख से अधिक दीप जलाए गए
ANI
  • अयोध्या में 10वें दीपोत्सव का भव्य आयोजन हुआ जिसमें विभिन्न राज्यों की लोक संस्कृति आधारित झांकियां शामिल थी.
  • पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने साकेत महाविद्यालय से झांकियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था.
  • रामकथा पार्क में उपराष्ट्रपति, मुख्यमंत्री और राज्यपाल की उपस्थिति में भगवान राम के राज्याभिषेक का मंचन हुआ.
अयोध्या:

रामनगरी अयोध्या में शनिवार को 10वें दीपोत्सव का भव्य आयोजन किया गया. साकेत महाविद्यालय से पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने विभिन्न राज्यों की लोक संस्कृति और रामायण प्रसंगों पर आधारित झांकियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. ढोल-मंजीरों की गूंज, धोबिया नृत्य की थाप और पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों की प्रस्तुतियों ने पूरे शहर को उत्सव के रंग में रंग दिया. झांकियों के मार्ग पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने फूल बरसाकर कलाकारों का स्वागत किया.

पारंपरिक परिधानों और मोर पंखों के मुकुट से सजे कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दीपोत्सव की भव्यता को और बढ़ाया. मथुरा से पहुंची नगाड़ा और बम रसिया की टीम ने भी शानदार प्रदर्शन किया. कलाकारों ने भगवान राम की नगरी में प्रस्तुति देने को अपने लिए गर्व और सौभाग्य का विषय बताया.

Latest and Breaking News on NDTV

रामकथा पार्क में आयोजित मुख्य समारोह में उपराष्ट्रपति डॉ. सी.पी. राधाकृष्णन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मौजूद रहे. इस दौरान भगवान राम के राज्याभिषेक का मंचन हुआ और विभिन्न देशों से आई टीमों ने अंतरराष्ट्रीय रामलीला प्रस्तुत की. पहली बार देश के उपराष्ट्रपति दीपोत्सव के इस आयोजन के साक्षी बने.

दीपोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण सरयू तट पर आयोजित दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम रहा. राम की पैड़ी सहित सरयू तट के 56 घाटों पर 30 लाख से अधिक दीप जलाए गए, जिससे पूरी रामनगरी दीपों की रोशनी से जगमगा उठी. अवध विश्वविद्यालय के करीब 35 हजार स्वयंसेवकों ने इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई. दीप प्रज्ज्वलन के बाद सरयू महाआरती में 2,147 अर्चकों ने एक साथ भाग लिया.

Latest and Breaking News on NDTV

कार्यक्रम के दौरान 2,100 ड्रोन की मदद से आसमान में रामायण के विभिन्न प्रसंगों का मनमोहक प्रदर्शन किया गया, जिसने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया. श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को भी आकर्षक रोशनी से सजाया गया था. दीपोत्सव में शामिल होने के लिए देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक अयोध्या पहुंचे. दीपों की जगमगाहट, लोक संस्कृति, रामलीला और आध्यात्मिक वातावरण के बीच रामनगरी ने एक बार फिर अपनी सांस्कृतिक विरासत और भव्यता का अद्भुत प्रदर्शन किया.

ये भी पढ़ें : रामभक्तों पर गोली चलवाने और संतों पर लाठीचार्ज कराने वाले माफी मांगकर ही अयोध्या आएं : CM योगी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
CM Yogi, Ayodhya Deepotsav 2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com