विज्ञापन
This Article is From Aug 16, 2018

PM नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर अटल जी को दी श्रद्धांजलि, 'उनका जाना, एक युग का अंत', जानिये किसने क्या कहा..

भारतीय राजनीति के अजातशत्रु कहे जाने वाले बीजेपी नेता और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में गुरुवार को निधन हो गया.

PM नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर अटल जी को दी श्रद्धांजलि, 'उनका जाना, एक युग का अंत', जानिये किसने क्या कहा..
अटल बिहारी वाजपेयी का एम्स में 93 साल की उम्र में हुआ निधन.
नई दिल्ली: भारतीय राजनीति के अजातशत्रु कहे जाने वाले बीजेपी नेता और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में गुरुवार को निधन हो गया. वह बीते 11 जून से एम्स में भर्ती थे. वाजपेयी ने गुरुवार शाम 5:05 बजे अंतिम सांस ली. बुधवार को उनकी हालत गंभीर हो गई और उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया था. वाजपेयी को गुर्दा (किडनी) की नली में संक्रमण, छाती में जकड़न, मूत्रनली में संक्रमण आदि के बाद 11 जून को एम्स में भर्ती कराया गया था. मधुमेह पीड़ित 93 वर्षीय भाजपा नेता का एक ही गुर्दा काम करता था. वाजपेयी के निधन के तुरंत बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. 
 

पीएम मोदी ने ट्वीट किया, 'अटल जी आज हमारे बीच में नहीं रहे, लेकिन उनकी प्रेरणा, उनका मार्गदर्शन, हर भारतीय को, हर भाजपा कार्यकर्ता को हमेशा मिलता रहेगा. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे और उनके हर स्नेही को ये दुःख सहन करने की शक्ति दे. ओम शांति!'

पीएम ने आगे लिखा, लेकिन वो हमें कहकर गए हैं- 'मौत की उमर क्या है? दो पल भी नहीं, ज़िन्दगी सिलसिला, आज कल की नहीं मैं जी भर जिया, मैं मन से मरूं, लौटकर आऊंगा, कूच से क्यों डरूं?' उन्होंने लिखा, मैं नि:शब्द हूं, शून्य में हूं, लेकिन भावनाओं का ज्वार उमड़ रहा है. हम सभी के श्रद्धेय अटल जी हमारे बीच नहीं रहे. अपने जीवन का प्रत्येक पल उन्होंने राष्ट्र को समर्पित कर दिया था. उनका जाना, एक युग का अंत है. 
 
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी अटल जी को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने ट्वीट किया, पूर्व प्रधानमंत्री व भारतीय राजनीति की महान विभूति श्री अटल बिहारी वाजपेयी के देहावसान से मुझे बहुत दुख हुआ है. विलक्षण नेतृत्व, दूरदर्शिता तथा अद्भुत भाषण उन्हें एक विशाल व्यक्तित्व प्रदान करते थे.उनका विराट व स्नेहिल व्यक्तित्व हमारी स्मृतियों में बसा रहेगा.

बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, भारतीय राजनीति के शिखर पुरुष भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी को विनम्र श्रद्धांजलि.
 
देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' से नवाज़े जा चुके पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया, "आज भारत ने महान सपूत खो दिया है... पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी को करोड़ों लोगों से प्यार और सम्मान मिला... उनके परिवार तथा चाहने वालों के प्रति मेरी संवेदनाएं..."
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी को श्रदांजलि दी. उन्होंने कहा, राजनीति के युग का आज अंत हो गया.
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह ने अटल जी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि यह पूरे देश के लिए क्षति है.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Atal Bihari Vajpayee Death Update, Atal Bihari Vajpayee Latest News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com