विज्ञापन

'हम जितने करीब हो सकते हैं, उतने करीब हैं', भारत पहुंचे मार्को रुबियो ने क्या-क्या कहा?

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भारत पहुंच गए हैं. उन्होंने भारत को अहम साझेदार बताया. भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर रुबियो ने कहा कि दोनों बहुत करीब हैं.

'हम जितने करीब हो सकते हैं, उतने करीब हैं', भारत पहुंचे मार्को रुबियो ने क्या-क्या कहा?
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो.
IANS
मुंबई:

अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो भारत पहुंच गए हैं. उनके साथ उनकी पत्नी जेनेट रुबियो और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी मौजूद रहे. मुंबई एयरपोर्ट पर महाराष्ट्र सरकार के मंत्री आशीष शेलार ने उनका स्वागत किया. भारत पहुंचते ही मार्को रुबियो ने भारत के साथ रिश्तों पर बात की. उन्होंने भारत-अमेरिका के बीच होने वाली ट्रेड डील पर भी बात रखी.

मार्को रुबियो ने भारत को अहम साझीदार बताया. उन्होंने बताया कि भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर चार बार अमेरिका जा चुके हैं. उन्होंने यह भी कहा कि हमें और ज्यादा दौरे करने की जरूरत है.

भारत-अमेरिका की ट्रेड डील के बारे में मार्को रुबियो ने कहा कि हम बहुत करीब हैं और जल्द ही अच्छी खबर देंगे. उन्होंने बताया कि भारत-अमेरिका समझौते के करीब पहुंच चुके हैं.

मार्को रुबियो ने क्या कहा?

रुबियो ने कहा, 'भारत दुनिया का सबसे ज्यादा आबादी वाला देश है. यह दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है. यह अमेरिका का एक महत्वपूर्ण व्यापारिक और निवेश साझेदार है. हम रक्षा के क्षेत्र में भी काफी सहयोग करते हैं. भारत 'क्वाड' का एक अहम सदस्य है और हमारा एक मजबूत रणनीतिक साझेदार है.'

उन्होंने कहा कि हमारे कॉमर्स सेक्रेटरी यहां आ चुके हैं, FBI के डायरेक्टर आए हैं, उपराष्ट्रपति आए हैं, और अटॉर्नी जनरल भी आए हैं. इसलिए, यह हमारे लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण साझेदार है.

यह भी पढ़ें | डीजल, मिड-टर्म इलेक्शन और खजाने में कमी… रूसी तेल प्रतिबंधों पर ट्रंप ने अपना रुख क्यों बदला?

ट्रेड डील को लेकर क्या बोले रुबियो?

भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर रुबियो ने कहा, 'जहां तक ​​व्यापार समझौते की बात है, तो जाहिर है कि विदेश विभाग सीधे तौर पर व्यापार समझौतों पर बातचीत नहीं करता, लेकिन जो कुछ भी हो रहा है, उसमें हम पूरी तरह शामिल हैं.'

उन्होंने कहा, 'हम समझौते के बहुत करीब पहुंच चुके हैं. मैं कहूंगा कि बिना किसी औपचारिक समझौते पर हस्ताक्षर किए, हम जितने करीब हो सकते हैं, उतने करीब हैं.'

रुबियो ने आगे कहा कि 'मुझे लगता है कि बस कुछ ही चीजें तय होनी बाकी हैं, जो जल्द ही पूरी हो जाएंगी. हमें पूरी उम्मीद है कि ऐसा ही होगा, और जल्द ही हम कोई अच्छी खबर साझा कर सकेंगे. हम काफी आशावादी हैं कि बहुत जल्द हमारे बीच कोई समझौता हो जाएगा.'

यह भी पढ़ें | ये कैसे स्ट्रेटजिक पार्टनर... भारत-अमेरिका संबंधों पर चीन की है पूरी नजर

भारत में क्या है रुबियो का कार्यक्रम?

मार्को रुबियो का यह दूसरा भारतीय दौरा है. इससे पहले वह मई में भी भारत आए थे. 

16 अक्टूबर को दिल्ली में प्रेस ब्रीफिंग के दौरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया था कि रुबियो और जयशंकर भारत-अमेरिका संबंधों की समीक्षा करेंगे और व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने के तरीकों पर चर्चा करेंगे.

जायसवाल ने बताया था, 'यह दौरा दोनों देशों को अपने संबंधों की समीक्षा करने और उन्हें और मजबूत बनाने का अवसर देगा. बातचीत में ऊर्जा, व्यापार, निवेश, रक्षा, महत्वपूर्ण उभरती तकनीकों और आपसी हितों के अन्य क्षेत्रों पर चर्चा होने की संभावना है. दोनों पक्ष क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी अपने विचार साझा करेंगे.'

भारत यात्रा के दौरान रुबियो मुंबई के ताज होटल स्थित 26/11 स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और 'फ्रीडम 250' स्वागत समारोह में भी शामिल होंगे। उनके महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिलने की भी संभावना है।

मुंबई में अपने कार्यक्रम पूरे करने के बाद रुबियो गुजरात के जामनगर जाएंगे. वहां होने वाली बातचीत में भारत और अमेरिका के बीच ऊर्जा सहयोग को और बढ़ाने पर विशेष जोर रहने की उम्मीद है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Marco Rubio, Marco Rubio India Visit, US India Trade Deal, US India Relations, America India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com