असम के कामरूप जिले के सोनापुर क्षेत्र में गुरुवार सुबह पुलिस और वाहन चोर गिरोह के बीच हुई मुठभेड़ में दो कुख्यात अपराधी मारे गए. पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी एक अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह से जुड़े थे और गुवाहाटी से चोरी की गई एक टाटा ACE गाड़ी लेकर मेघालय की ओर भाग रहे थे. पानबाजार पुलिस द्वारा पीछा किए जाने के दौरान उनकी गाड़ी सोनापुर के मार्कडोला इलाके में नाका चेकिंग प्वाइंट पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी हुई, जिसमें दो बदमाश ढेर हो गए, जबकि एक अन्य आरोपी फरार हो गया.
गुवाहाटी से चोरी की गई थी गाड़ी
पुलिस के अनुसार चोरों ने गुवाहाटी के पानबाजार थाना क्षेत्र से टाटा ACE वाहन (AS-01-KC-3128) चोरी किया था. वाहन चोरी की सूचना मिलते ही पानबाजार पुलिस ने पीछा शुरू कर दिया. भागते हुए आरोपी अमचांग, दिगारू, सोनापुर और मार्कडोला मार्ग से मेघालय की ओर निकलने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान पुलिस को उनकी लोकेशन मिल गई और विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी की गई.

Assam Police Encounter: गाड़ी चुराकर के भाग रहे थे आरोपी
नाका चेकिंग के दौरान दुर्घटना, फिर हुई फायरिंग
मार्कडोला में लगाए गए नाका चेकिंग प्वाइंट पर पहुंचने के दौरान चोरी की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई. पुलिस के अनुसार इसके बाद आरोपियों ने भागने की कोशिश की और गोलीबारी शुरू हो गई. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें दो वाहन चोर मौके पर ही मारे गए. घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई.
मारे गए आरोपियों की हुई पहचान
मुठभेड़ में मारे गए आरोपियों की पहचान सैदुल आलम लस्कर (40) और बाबू सिंह (54) के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक सैदुल आलम लस्कर असम के कछार जिले का निवासी था और उसे गिरोह का मास्टरमाइंड माना जा रहा है. वहीं बाबू सिंह मणिपुर के इम्फाल का रहने वाला था. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों पर विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज थे और वे अंतरराज्यीय वाहन चोरी नेटवर्क से जुड़े हुए थे.

Assam Police Encounter: पुलिस ने बरामद किए हथियार
हथियार और चोरी के उपकरण बरामद
पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपियों के पास से दो पिस्तौल, मोबाइल फोन और वाहन चोरी में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए हैं. अधिकारियों का कहना है कि बरामद सामान की जांच की जा रही है और गिरोह के नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है.
एक आरोपी फरार, जांच जारी
मुठभेड़ के दौरान गिरोह का एक सदस्य अंधेरे और अफरातफरी का फायदा उठाकर भाग निकला. पुलिस उसकी तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रही है. दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सोनापुर जिला अस्पताल में रखा गया है. पुलिस का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद इस अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह से जुड़े और तथ्य सामने आ सकते हैं.
यह भी पढ़ें : असम पुलिस के 'एनकाउंटर' पर खुलासा, 2021 से अब तक 80 मौतें, विधानसभा में पेश हुए आंकड़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं