असम विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. पार्टी के उम्मीदवार का नामांकन खारिज हो गया है. बरपेटा सीट से प्रत्याशी महानंदा सरकार का पर्चा खारिज कर दिया गया है. नामांकन पत्र को ‘फॉर्म-ए' में पाई गई गड़बड़ियों के कारण अमान्य घोषित किया गया है. यह फॉर्म मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल के अधिकृत उम्मीदवार होने का महत्वपूर्ण दस्तावेज होता है. चुनाव अधिकारियों के अनुसार, रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा विस्तृत सुनवाई के बाद यह फैसला लिया गया.
दस्तावेज में पाई गईं विसंगतियां
अधिकारियों ने बताया कि दस्तावेज में विसंगतियां पाई गईं. इसके चलते जनप्रतिनिधित्व अधिनियम और चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत नामांकन रद्द किया गया. इस फैसले के साथ ही कांग्रेस बरपेटा में एक महत्वपूर्ण मुकाबले से मतदान से पहले ही बाहर हो गई है. बरपेटा को राजनीतिक रूप से अहम सीट माना जाता है और इस घटनाक्रम के बाद यहां का चुनावी समीकरण बदलने की संभावना है.
कांग्रेस ने पेश की दलीलें
जानकारी के मुताबिक, फॉर्म-ए में गड़बड़ी सत्यापन के दौरान सामने आई, जिसके बाद इस पर आपत्ति दर्ज की गई और विस्तृत जांच की गई. सुनवाई के दौरान कांग्रेस की ओर से दलीलें पेश की गईं, लेकिन रिटर्निंग ऑफिसर ने आपत्तियों को सही मानते हुए नामांकन खारिज कर दिया.
कानूनी विकल्पों पर विचार कर रही पार्टी
हालांकि, इस मामले में कांग्रेस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. पार्टी के अंदरूनी सूत्रों ने इसे “दुर्भाग्यपूर्ण” बताया है और कहा है कि वे कानूनी विकल्पों पर विचार कर रहे हैं, जिसमें चुनाव आयोग का दरवाजा खटखटाना भी शामिल है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं