विज्ञापन

पवन खेड़ा ने सिर्फ राज्यसभा सीट के लिए फर्जीवाड़ा नहीं किया, ये एक बड़ी साजिश है: NDTV से हिमंता बिस्वा सरमा

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने NDTV को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में कहा कि असम के लोग हर चुनाव को अस्तित्व के साथ जोड़ते हैं.

पवन खेड़ा ने सिर्फ राज्यसभा सीट के लिए फर्जीवाड़ा नहीं किया, ये एक बड़ी साजिश है: NDTV से हिमंता बिस्वा सरमा
असम सीएम हिमंता बिस्वा सरमा.
  • असम में बीजेपी ने 102 सीटें जीतकर हैट्रिक लगाई और हिमंता बिस्वा सरमा फिर से मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं
  • हिमंता ने कहा कि असम के लोग हर चुनाव को अपने अस्तित्व से जोड़ते हैं और डेमोग्राफिक बैटल हार रहे हैं
  • कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा के खिलाफ पुलिस अभी भी कार्रवाई कर रही है, उन्हें कोर्ट से अग्रिम जमानत मिली है
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:

असम में बीजेपी ने हैट्रिक लगा दी है और एक बार फिर हिमंता सरकार बनने जा रही है. चुनावी नतीजे आने के एक दिन बाद असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने NDTV से बात की. उन्होंने कहा कि इस बार हमने 100 का आंकड़ा पार 102 सीटें जीतीं और इसमें हैरानी की कोई बात नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि असम के लोग हर चुनाव को अपने अस्तित्व के साथ जोड़ते हैं, क्योंकि हम लोग डेमोग्राफिक बैटल हार रहे हैं.

कांग्रेस नेता गौरव गोगोई की हार पर हिमंता ने कहा कि पूरे जोरहाट से कांग्रेस का कोई भी विधायक नहीं है. उन्होंने अपने ऊपर लगने वाले हेट स्पीच के आरोपों पर कहा कि 'मैं बहुत सोच-समझकर भाषण देता हूं. मैं जो कुछ भी कहता हूं, उस पर कायम रहता हूं और उसकी पूरी जिम्मेदारी लेता हूं.'

उन्होंने कहा कि असम एक उभरती हुई अर्थव्यवस्था का हिस्सा है. यहां एक सकारात्मक एजेंडे के साथ बड़े पैमाने पर विकास कार्य चल रहे हैं. अगर हम अगले 5-7 सालों तक विकास की इसी गति को बनाए रखते हैं, तो असम की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी.

यह भी पढ़ेंः मैं हारी नहीं हूं, इस्तीफा नहीं दूंगी... बंगाल चुनाव परिणाम पर बोलीं ममता बनर्जी

पवन खेड़ा को लेकर क्या बोले हिमंता?

चुनाव के दौरान कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने सीएम हिमंता और उनकी पत्नी को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे. इसके बाद पवन खेड़ा को गिरफ्तार करने के लिए असम पुलिस हैदराबाद भी गई थी. हालांकि, बाद में सुप्रीम कोर्ट से पवन खेड़ा को अग्रिम जमानत मिल गई थी.

पवन खेड़ा को लेकर उन्होंने कहा कि 'असम पुलिस अभी भी उनके पीछे लगी हुई है. उन्हें पुलिस थाने में पेश होने का नोटिस दिया गया है. कोर्ट ने केस खारिज नहीं किया है, उन्हें सिर्फ अग्रिम जमानत मिली है.'

उन्होंने कहा, 'यह एक बहुत गंभीर मामला है. लोकसभा चुनावों के दौरान भी इन लोगों ने गृह मंत्री के भाषण को तोड़-मरोड़कर पेश किया था. इस बार उन्होंने दस्तावेजों के साथ छेड़छाड़ की है. हमें यह देखना होगा कि पवन खेड़ा के इस कदम के पीछे किसका हाथ है. यह जरूर कांग्रेस पार्टी की नीति का ही एक हिस्सा होगा.'

हिमंता ने आरोप लगाया कि फर्जी दस्तावेज बनाना कांग्रेस की टूलकिट का हिस्सा है. उन्होंने कहा, 'हमें देखना होगा कि पवन खेड़ा है और उनके पीछे कौन है. क्योंकि मुझे नहीं लगता कि ये कागज लेकर खाली एक राज्यसभा सीट के लिए ऐसा किया.'

यह भी पढ़ेंः ममता बनर्जी ने इस्तीफा देने से किया इनकार, जानें पश्चिम बंगाल में अब कैसे बनेगी नई सरकार

गौरव गोगोई पर क्या बोले?

कांग्रेस नेता गौरव गोगोई और उनकी पत्नी को लेकर लगाए गए आरोपों को लेकर भी हिमंता ने जवाब दिया. उन्होंने कहा, 'मैंने गौरव गोगोई की पत्नी पर कोई आरोप नहीं लगाया है. मेरे पास पाकिस्तानी सरकार के साथ उनके संबंधों को साबित करने वाले सरकारी दस्तावेज हैं. गौरव गोगोई ने इन आरोपों का खंडन नहीं किया है.' 

उन्होंने कहा कि 'अगर आपके पास मेरी पत्नी के खिलाफ कोई दस्तावेज है, तो मुझे दिखाइए. मैंने किसी भी दस्तावेज के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं की है. अगर इस बात का कोई भी सबूत मिलता है कि किसी का पाकिस्तान के साथ कोई संबंध है, तो एक सरकारी अधिकारी होने के नाते मेरा यह फर्ज बनता है कि मैं इसकी जांच करूं और सरकार को इसकी जानकारी दूं.'

यह भी पढ़ेंः मैं चुप नहीं बैठूंगी... ममता बनर्जी ने बंगाल में हार के बाद बता दिया अपना इंडिया गठबंधन प्लान

बंगाल चुनाव पर हिमंता ने क्या कहा?

बंगाल में बीजेपी की जीत पर भी सीएम हिमंता ने बात की. उन्होंने बंगाल की जीत को देश की जीत बताया. ममता बनर्जी की ओर से लगाए जा रहे धांधली के आरोपों पर हिमंता ने कहा, 'अगर वह अपने पद से इस्तीफा नहीं देती हैं, तो उन्हें पद से हटा दिया जाएगा. चुनाव के नतीजे आ जाने के बाद, अब आप यह आरोप लगा रही हैं कि चुनाव में धांधली हुई है. आप सीमा पर बाड़ लगाने की अनुमति नहीं देतीं, और फिर आरोप लगाते हैं कि आपके साथ धोखा हुआ है.'

SIR के कारण बीजेपी चुनाव जीती? विपक्ष के इन आरोपों पर हिमंता ने कहा कि 'सुप्रीम कोर्ट के कहने पर SIR करवाया गया था. उन्होंने इसके खिलाफ अपील की, जिस पर अदालत ने कहा कि यह काम चुनाव आयोग को ही करना है. अगर SIR नहीं भी होता, तब भी टीएमसी नहीं जीत पाती.'

उन्होंने कहा कि ममता दीदी को शालीनता से चुनाव परिणाम स्वीकार कर लेना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि 2011 में जब टीएमसी जीती थी तो बहुत से लोग भागकर असम चले गए थे. 

यह भी पढ़ेंः मैं अगर जीत भी जाती तो विधानसभा नहीं जाती, मैं कम अहम शख्स के रूप में खुद को रखना चाहती हूं: ममता बनर्जी
 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com