Jaipur Darbhanga Amrit Bharat Express: राजस्थान के जयपुर के खातीपुरा स्टेशन से बिहार के दरभंगा के लिए नई अमृत भारत एक्सप्रेस की शुरुआत हो गई है. जिसका शुभारंभ केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज (21 जून) को जयपुर के खातीपुरा रेलवे स्टेशन से दरभंगा के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह ट्रेन 22 जून से सप्ताह में छह दिन नियमित रूप से चलेगी.
22 जून से सप्ताह में छह दिन चलेगी
इससे राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के यात्रियों को सीधा फायदा होगा. ट्रेन में 22 कोच हैं और सुरक्षा के लिए हर कोच में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. वर्तमान में अजमेर से दरभंगा के बीच केवल एक साप्ताहिक ट्रेन संचालित हो रही है. वहीं इस नई छह दिवसीय रेल सेवा के शुरू होने से यात्रियों के लिए नए विकल्प और सुविधाएं बढ़ेंगी.

जयपुर दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस हरी झंडी दिखाते हुए
Photo Credit: जयपुर दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस
जानिए क्या है ट्रेन की टाइमिंग और शेड्यूल
ट्रेन संख्या 19725 अमृत भारत एक्सप्रेस रात 10:30 बजे खातीपुरा से रवाना होकर विभिन्न प्रमुख स्टेशनों से होते हुए अगले दिन देर रात 12:55 बजे बिहार के दरभंगा पहुंचेगी. इस तरह यात्रा का कुल समय लगभग 26 घंटे 30 मिनट होगा. वापसी में यह ट्रेन संख्या 19726 दरभंगा से सुबह 4:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:40 बजे जयपुर के खातीपुरा पहुंचेगी.
जयपुर (खातीपुरा)–दरभंगा #AmritBharatExpress से राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।#RailInfra4Rajasthan pic.twitter.com/Lv79ZamNP7
— Ministry of Railways (@RailMinIndia) June 21, 2026
इन 23 स्टेशनों पर होगा ठहराव
रेलवे के एसीएम (आर) विवेकानंद शर्मा के मुताबिक, यह ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान कुल 23 प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी. इसके रूट में दौसा, बांदीकुई, मंडावर महुवा रोड, भरतपुर, ईदगाह (आगरा), आगरा, टूंडला, इटावा, कानपुर सेंट्रल, उन्नाव, ऐशबाग, गोमतीनगर, बाराबंकी, गोंडा, गोरखपुर, कप्तानगंज, बगहा, नरकटियागंज, सिकटा, रक्सौल, बैरगनिया, सीतामढ़ी, जनकपुर रोड और कमतौल शामिल हैं.
लाभान्वित जिले
दौसा, भरतपुर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, गोंडा, गोरखपुर, कुशीनगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, दरभंगा.

जयपुर (खातीपुरा)-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस
Photo Credit: NDTV
205 करोड़ का कोच केयर कॉम्प्लेक्स और संभावित किराया
इस नई अमृत भारत एक्सप्रेस का रखरखाव जयपुर के नवनिर्मित खातीपुरा कोच केयर कॉम्प्लेक्स में किया जाएगा. करीब 205 करोड़ रुपये की लागत से बने इस अत्याधुनिक कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन भी रेल मंत्री के जरिए किया जा रहा है, जिससे जयपुर ट्रेन मेंटेनेंस का एक बड़ा हब बनेगा.
पुश-पुल तकनीक पर आधारित इस ट्रेन में झटके कम लगेंगे और रफ्तार बेहतर होगी. आम जनता की जेब को ध्यान में रखते हुए इसका किराया भी किफायती रखा गया है. संभावना जताई जा रही है कि जनरल श्रेणी का किराया 500 से 600 रुपये और स्लीपर श्रेणी का किराया 850 से 950 रुपये के बीच होगा.
यह भी पढ़ें: खाटूश्यामजी के नजदीक एक और बनेगा नया रेलवे स्टेशन, रेल मंत्री ने दी बड़ी सौगात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं