- अशोक खरात पर शुद्धिकरण के नाम पर 38 वर्षीय महिला के साथ भी यौन उत्पीड़न करने का आरोप
- नेवासा के व्यापारी से खरात ने चिंचोका पत्थर वाली अंगूठी देकर 2.62 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई है
- विशेष जांच टीम को पांच दिन में 50 से अधिक फोन कॉल मिलीं, जिनमें खरात के कथित अपराधों की जानकारी दी गई है
मर्चेंट नेवी कैप्टन से ज्योतिषी बने अशोक खरात की काली करतूतें एक के बाद एक सामने आ रही हैं. इस बीच एक 38 साल की महिला सामने आई हैं, जिन्होंने आरोप लगाया है कि 'शुद्धिकरण' के नाम पर उनके साथ अशोक खरात ने यौन उत्पीड़न किया गया. इसके साथ ही एक व्यापारी से लाखों रुपये ठगने का मामला भी सामने आया है. बलात्कार के आरोपी अशोक खरात के खिलाफ जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) को पिछले पांच दिन में 50 से अधिक फोन कॉल मिली हैं, जिनमें उसके द्वारा कथित तौर पर किए गए अपराधों के बारे में जानकारी दी गई है.
वैवाहिक कलह को रोकने के लिए 'शुद्धिकरण'
स्वयंभू धर्मगुरु अशोक खरात गुनाहों की लिस्ट लंबी होती जा रही है. अशोक खरात के खिलाफ 2 और मामले दर्ज किए गए हैं. एक मामले में 38 वर्षीय महिला के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया. खरात ने कथित तौर पर महिला के पति को वैवाहिक कलह को रोकने के लिए 'शुद्धिकरण' अनुष्ठान करने के बहाने बाहर इंतजार करने को कहा और फिर उसके साथ यौन उत्पीड़न किया. यह मामला सरकारवाड़ा पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है. बताया जाता है कि महिला के घर में लंबे समय से विवाद चल रहा था और उसके पति उसे खरात के पास ले गए थे. 'मानसिक और शारीरिक शुद्धिकरण' का बहाना बनाकर खरात ने कथित तौर पर उसके साथ यौन संबंध बनाए.
अंगूठी देकर ठगे 2.62 लाख रुपये
दूसरे मामले में नेवासा के एक व्यापारी से कथित तौर पर 2.62 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई. खरात पर आरोप है कि उसने एक अंगूठी में तथाकथित 'चिंचोका' पत्थर डालकर, व्यापार में समृद्धि लाने का दावा करते हुए, पीड़ित से पैसे ले लिए. नेवासा के व्यापारी राजेंद्र भगवत से अंगूठी के माध्यम से व्यापार में वृद्धि का वादा करके कथित तौर पर 2.62 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई, लेकिन जब राजेंद्र को पता चला कि अशोक खरात एक ढोंगी है, तो उसकी आंखें भी खुल गई. खरात के खिलाफ दर्ज किया गया यह 11वां मामला है.
5 दिन में 50 फोन कॉल, काली करतूतों की लंबी लिस्ट
अशोक खरात के खिलाफ जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) को पिछले पांच दिन में 50 से अधिक फोन कॉल मिली हैं, जिनमें उसके द्वारा कथित तौर पर किए गए अपराधों के बारे में जानकारी दी गई है. अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र सरकार द्वारा नियुक्त एसआईटी ने खरात के संबंध में जानकारी साझा करने या उसके द्वारा किए गए किसी भी अपराध की रिपोर्ट करने के लिए दो मोबाइल फोन नंबर जारी किए थे. पुलिस ने यौन उत्पीड़न, जबरन वसूली और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने के आरोपों से जुड़ी कई शिकायतें मिलने के बाद नासिक निवासी खरात के खिलाफ अब तक 11 एफआईआर दर्ज की हैं.
कैसे खुली अशोक खरात की पोल?
खरात नासिक जिले के सिन्नर में एक मंदिर ट्रस्ट का प्रमुख है. खरात को 18 मार्च को गिरफ्तार किया गया था. 35 वर्षीय एक महिला ने खरात पर तीन साल के दौरान बार-बार बलात्कार करने का आरोप लगाया था. उसकी गिरफ्तारी के बाद, उसके खिलाफ बलात्कार की कई शिकायतें दर्ज की गईं. एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दो मोबाइल नंबर जारी किए जाने के बाद से, जांच टीम को औसतन प्रतिदिन 15 से 20 फोन कॉल मिल रही हैं. उन्होंने बताया कि पिछले पांच दिन में प्राप्त हुई कॉल में से 50 से अधिक कॉल खरात के खिलाफ शिकायतों से संबंधित थीं और टीम शिकायतों का सत्यापन कर रही है. उन्होंने कहा कि एसआईटी ने सूचना देने वालों की पहचान को पूरी तरह से गोपनीय रखने का आश्वासन दिया है.
ये भी पढ़ें :- अशोक खरात पर पुणे के बिल्डर से करोड़ों की ठगी का आरोप, 21 देशों की कराई यात्रा... 90 लाख की मर्सिडीज भी दिलवाई
SIT ने कसा अशोक खरात पर शिकंजा
एसआईटी ने शुक्रवार को फॉरेंसिक साइंस टीम के साथ नासिक स्थित खरात के ऑफिस का दौरा किया. अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने कार्यालय से कई दस्तावेज, फाइलें, एक डायरी और कागजात बरामद किए. एक अन्य अधिकारी ने बताया कि नासिक के जिलाधिकारी आयुष प्रसाद ने मंगलवार को खरात का हथियार लाइसेंस निलंबित करने का आदेश जारी किया. उन्होंने बताया कि सिन्नर के मीरगांव निवासी खरात ने 15 अक्टूबर, 2012 को रिवॉल्वर का लाइसेंस प्राप्त किया था और एक जनवरी, 2024 को इसे दिसंबर 2028 तक के लिए नवीनीकृत कराया था. शस्त्र अधिनियम की धारा 17(3) के तहत लाइसेंस निलंबित कर दिया गया.
ये भी पढ़ें :- उत्तेजक दवाएं लीं, ओवरडोज से आया पैरालिसिस अटैक... अशोक खरात के काले कारनामों की खुली पोल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं