आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने फ्रांस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ हुई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मीटिंग पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि ट्रंप की निगरानी में तीन भारतीयों की हत्या हुई, अगर भारत में एक मजबूत प्रधानमंत्री होता तो उन हत्याओं के लिए ट्रंप से बिना शर्त माफी की मांग करता.
'ट्रंप को जताना चाहिए था अफसोस'
शनिवार को वीडियो जारी कर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि फ्रांस में हुई मोदी-ट्रंप की मुलाकात से मेरा मन बहुत दुखी है, जब एक पत्रकार ने ट्रंप से सीधे सवाल किया कि अमेरिका ने तीन भारतीयों की हत्या कर दी है, तो क्या ट्रंप को इसका अफसोस है? तब ट्रंप ने अहंकार में जवाब दिया और अफसोस जताने से साफ मना कर दिया, जैसे वह भारत को कुछ समझते ही नहीं हों.
'हमारे लिए हर भारतीय की जान कीमती'
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि मैं यह नहीं कह रहा कि गाली-गलौज करनी है, लेकिन सख्त और सौम्य भाषा में प्रधानमंत्री को अपना विरोध जताना चाहिए था. प्रधानमंत्री जी ट्रंप से कह सकते थे कि मिस्टर प्रेसिडेंट, कई भारतीयों पर अमेरिका द्वारा किए गए अकारण हमले पर भारत अपनी कड़ी नाराजगी व्यक्त करता है, जिसमें तीन निर्दोष भारतीय मारे गए. हमारे लिए हर एक भारतीय की जान कीमती है और हम उम्मीद करते हैं कि अमेरिका इस कृत्य के लिए माफी मांगेगा. हमें आशा है कि भविष्य में ऐसा कभी नहीं दोहराया जाएगा. अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का लगातार अपमान हो रहा है, जो अब और बर्दाश्त नहीं होता.
यह भी पढ़ें: 2027 में भगवंत मान का पंजाब का दोबारा सीएम बनना तय- अरविंद केजरीवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं